Adani Power Stock News : अडानी पावर ने पहली बार स्टॉक स्प्लिट का ऐलान किया है। कंपनी ने Q1FY26 में 3,305 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछली तिमाही से 27% ज्यादा है, लेकिन सालाना आधार पर 15.5% की गिरावट आई है।
Adani Power Share : अडानी पावर ने शुक्रवार 1 अगस्त को बड़ा ऐलान करते हुए अपने निवेशकों को सरप्राइज दिया है। कंपनी के बोर्ड ने स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दे दी है। अब 10 रुपए का एक शेयर टूटकर 2 रुपए के 5 शेयरों में बदल जाएगा। कंपनी पहली बार स्टॉक स्प्लिट करने जा रही है। ऐसे में आइए जानते हैं निवेशकों को कितना फायदा होगा, स्टॉक स्प्लिट क्या होता है और कंपनी का तिमाही रिजल्ट कैसा रहा?
Adani Power Q1 Results: मुनाफा घटा, लेकिन तगड़ा ग्रोथ दिखा
अडानी पावर का Q1FY26 (जून 2025) का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 3,305.13 करोड़ रुपए रहा। पिछले साल इसी तिमाही यानी Q1FY25 में यह मुनाफा 3,912.79 करोड़ था। इस तरह साल-दर-साल आधार पर कंपनी के प्रॉफिट में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, तिमाही दर तिमाही (QoQ) तुलना करें तो मार्च तिमाही (Q4FY25) के 2,599.23 करोड़ रुपए के मुकाबले 27% की ग्रोथ देखने को मिली है, जो एक पॉजिटिव संकेत है। कंपनी की कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू भी इस तिमाही में थोड़ी कमजोर दिखी। कंपनी का रेवेन्यू जून 2025 तिमाही में 14,109.15 करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी अवधि (Q1FY25) में ₹14,955.63 करोड़ था। इस तरह सालाना आधार पर रेवेन्यू में 5.6% की गिरावट आई है।
अडानी पावर की EBITDA और कैपेसिटी से जुड़े आंकड़े
कंपनी का कंसॉलिडेटेड EBITDA 5,744 करोड़ रुपए रहा, जो Q1FY25 में 6,290 करोड़ था। यानी सालाना गिरावट, लेकिन पिछली तिमाही से 12.7% की बढ़ोतरी। कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 17,550 MW हुई (Q1FY25 में 15,250 MW) यानी 15% का ग्रोथ है। लेकिन प्लांट लोड फैक्टर (PLF) घटकर 67% रह गया, जो पहले 78% था यानी ऑपरेशनल एफिशिएंसी में कमी आई है।
Adani Power Stock Split Details: 1 शेयर बदले 5 शेयर
अडानी पावर के बोर्ड ने 1:5 के अनुपात में स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दी है। इसका मतलब 10 रुपए का एक शेयर अब टूटकर 2 रुपए के 5 शेयरों में बदल जाएगा। इससे शेयर की प्रति यूनिट कीमत कम होगी, जिससे रिटेल इनवेस्टर्स के लिए एंट्री आसान हो जाएगी। यह कंपनी की पहली स्टॉक स्प्लिट होगी। न कंपनी ने अब तक कोई बोनस दिया था, न ही कोई स्प्लिट किया था। हालांकि, अभी तक रिकॉर्ड डेट की घोषणा नहीं की गई है।
Adani Power Share Price: शेयर की चाल कैसी है?
Q1FY26 रिजल्ट के बाद अडानी पावर के शेयर में दोपहर 1.30 बजे तक 1.56% की गिरावट आई और यह 578.95 रुपए पर ट्रेड करता देखा गया। 2025 YTD में 10% की बढ़त है, लेकिन पिछले 1 साल में 20% की गिरावट देखी गई है।
Stock Split क्या होता है?
स्टॉक स्प्लिट एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें कंपनी अपने मौजूदा शेयरों को एक तय अनुपात में बांटती है। इससे निवेशकों के पास शेयरों की संख्या बढ़ जाती है, लेकिन उनकी कुल वैल्यू समान रहती है।
स्टॉक स्प्लिट क्यों किया जाता है?
स्टॉक स्प्लिट का मुख्य उद्देश्य शेयर की कीमत को कम करके उसे रिटेल इनवेस्टर्स के लिए ज्यादा आसान बनाना होता है। इससे शेयर की लिक्विडिटी बढ़ती है और ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी इजाफा होता है।
स्टॉक स्प्लिट के फायदे क्या हैं?
- छोटे निवेशकों के लिए शेयर खरीदना आसान
- मार्केट में शेयर की डिमांड बढ़ती है
- शेयर में अधिक ट्रेडिंग वॉल्यूम आता है
- पॉजिटिव इन्वेस्टर सेंटिमेंट बनता है
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी देने के लिए है। शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। किसी भी निवेश से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर या मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
