कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपए से अधिक की वृद्धि हुई है। इससे पहले अक्टूबर में 209 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। 

नई दिल्ली। दो महीने में दूसरी बार कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में वृद्धि की गई है। एक नवंबर को सिलेंडर की कीमत में 100 रुपए से अधिक की वृद्धि की गई है। बढ़ी हुई कीमत तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इससे होटल और रेस्टोरेंट में खाना महंगा हो जाएगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सरकारी तेल विपणन कंपनियों (Oil Marketing Companies) ने बुधवार को देश भर में कई स्थानों पर कमर्शियल एलपीजी (liquefied petroleum gas) सिलेंडर की कीमतों में तत्काल प्रभाव से 100 रुपए से अधिक की बढ़ोतरी की। घरेलू गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कमर्शियल और घरेलू गैस की कीमत में महीने की पहली तारीख को संशोधन होता है। इसके बाद पूरे महीने उसी कीमत पर गैस मिलती है।

दिल्ली में 19 किलो के सिलेंडर के लिए देना होगा 1731 रुपए

कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के लिए अब 1731 रुपए की जगह 1833 रुपए देना होगा। मुंबई में एलपीजी सिलेंडर 1,785.50 रुपए में मिलेगा। इसी तरह कोलकाता में 1943 और चेन्नई में 1,999.50 रुपए देना होगा।

अक्टूबर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में हुई थी 209 रुपए की वृद्धि

अक्टूबर में मुंबई में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,684 रुपए, कोलकाता में 1,839.50 रुपए और चेन्नई में 1,898 थी। एक अक्टूबर को गैस सिलेंडर की कीमत में 209 रुपए की वृद्ध की गई थी। हालांकि, खाना पकाने के लिए घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी की कीमत दिल्ली में 903 रुपए प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर बनी रही थी। इसे नहीं बढ़ाया गया था।