Central Employees October Salary Update : केंद्र सरकार जुलाई 2025 से कर्मचारियों और पेंशनर्स का DA बढ़ाने वाली है। कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए दिवाली से पहले यह बढ़ोतरी शानदार गिफ्ट साबित हो सकती है।
Central Employees DA Hike 2025: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खबर है। 1.2 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारी और रिटायर्ड पेंशनर्स को जल्द ही 3% महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी मिलने की उम्मीद है। सरकार की ओर से यह घोषणा हर साल दिवाली से पहले की जाती है। इस साल भी संभावना है कि अक्टूबर के पहले हफ्ते में इसका ऐलान हो सकता है। आइए जानते हैं इससे आपकी सैलरी और पेंशन पर कितना असर पड़ेगा?
DA में कितना इजाफा होगा?
इस साल जुलाई से लागू होने वाली DA और DR में बढ़ोतरी की संभावना है। यह साल का आखिरी डीए अपडेट होगा। इस तरह जुलाई 2025 से कर्मचारियों का DA 55% से बढ़कर 58% हो जाएगा। इस बढ़ोतरी के साथ अंतिम 3 महीने का एरियर्स अक्टूबर के महीने की सैलरी के साथ जारी किया जा सकता है।
DA साल में कितनी बार बढ़ता है?
सरकार साल में दो बार डीए बढ़ाती है। जनवरी-जून के लिए होली से पहले और जुलाई-दिसंबर के लिए दिवाली के आसपास यह बढ़ोतरी होती है। इस साल दिवाली 20-21 अक्टूबर को है, इसलिए कर्मचारियों के लिए यह बढ़ोतरी एक तरह का दिवाली गिफ्ट मानी जा सकती है। पिछली बार मोदी सरकार ने 16 अक्टूबर, 2025 को DA बढ़ोतरी की घोषणा की थी।
DA की गणना कैसे होती है?
7वें वेतन आयोग के तहत DA की गणना CPI-IW (Consumer Price Index for Industrial Workers) के औसत के आधार पर होती है। जुलाई 2024 से जून 2025 तक CPI-IW का औसत 143.6 रहा। इसके आधार पर जुलाई-दिसंबर 2025 के लिए महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर 58% होगा।
कर्मचारियों और पेंशनर्स को हर महीने कितना एक्स्ट्रा मिलेगा?
मान लीजिए किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपए है। पुराना DA (55%) यानी 9,900 रुपए है और नया DA (58%) यानी 10,440 रुपए होगा। हर महीने करीब 540 रुपए का इजाफा होगा। अगर किसी पेंशनर की बेसिक पेंशन 20,000 रुपए है। नया DA के साथ लगभग 600 रुपए बढ़ेगा। यह बढ़ोतरी पूरी तरह CPI-IW डेटा पर बेस्ड है।
महंगाई भत्ता में यह बढ़ोतरी क्यों खास है?
इस DA बढ़ोतरी को खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि यह 7वें वेतन आयोग की आखिरी DA बढ़ोतरी होगी। 7वें वेतन आयोग की अवधि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रही है। अब सभी की नजरें 8वें वेतन आयोग पर लगी हैं।
इसे भी पढ़ें-8वां वेतन आयोग 2026: जनवरी से कितनी बढ़ेगी सैलरी और पेंशन?
इसे भी पढ़ें- 8th Pay Commission: वेतन, पेंशन से भत्ता तक, कर्मचारियों के लिए होंगे कौन से बदलाव?
