वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि अमेरिका द्वारा लगाए गए 50% टैरिफ से प्रभावित निर्यातकों की मदद के लिए सरकार पैकेज देगी। इसपर काम चल रहा है। सरकार अपने निर्यातकों को बेसहारा नहीं छोड़ सकती।

US Tariffs on India: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात होने वाले सामानों पर 50% टैरिफ लगाया है। इससे अमेरिकी बाजार में भारतीय सामान महंगे हुए हैं। भारत के निर्यातकों को नुकसान हो रहा है। ऐसे में सरकार इनकी मदद करने के लिए आगे आई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि सरकार अमेरिकी टैरिफ से प्रभावित होने वाले निर्यातकों के लिए एक पैकेज को अंतिम रूप दे रही है। नेटवर्क 18 को दिए इंटरव्यू में वित्त मंत्री ने कहा,

उद्योग टैरिफ और उनके प्रभाव के बारे में बात कर रहे हैं। सरकार ने कुछ योजना बनाई है। हम 50% टैरिफ से प्रभावित कंपनियों के लिए भी वही योजना लाएंगे। हम अपने निर्यातकों को बेसहारा नहीं छोड़ सकते। निर्यातकों के लिए एक पैकेज तैयार किया जा रहा है। इसे कैबिनेट से मंजूरी लेनी होगी।

GST सुधारों से कम होगा अमेरिकी टैरिफ का झटका

GST के दो स्लैब हटाए जाने और रोजमर्रा के सामानों पर GST कम किए जाने की चर्चा करते हुए वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि संरचनात्मक सुधार किए गए हैं। इससे अमेरिकी टैरिफ से कम झटका लगेगा। उन्होंने कहा, "संभावित टैरिफ प्रभाव को जीएसटी जैसे सुधारों से संतुलित किया जाएगा।"

यह भी पढ़ें- GST घटने से आम आदमी के लिए क्या? 10 सवाल-जवाब में जानें कैसे और कितना फायदा

डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाया है 50% टैरिफ

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50% टैरिफ लगाया है। उन्होंने भारत द्वारा अमेरिकी सामानों पर बहुत अधिक टैरिफ लगाए जाने की बात की। भारत को टैरिफ किंग कहा। पहले भारत से आयात होने वाले सामानों पर 25% रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया। इसके बाद रूस से कच्चा तेल खरीदने की बात कहकर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया। इस तरह कुल टैरिफ 50% हो गया है। यह 27 अगस्त से लागू हो गया है।