अमेरिका के एक लग्जरी स्टोर में भारत के साधारण कपड़े के थैले को ₹4200 में बेचा जा रहा है। सोशल मीडिया पर 'इंडियन सॉविनियर बैग' की तस्वीरें वायरल हो रही हैं।

वाशिंगटन: भारत में लोग किराने का सामान वगैरह लाने के लिए जिस कपड़े के थैले का इस्तेमाल करते हैं, उसे अमेरिका के एक लग्जरी स्टोर नॉर्डस्ट्रॉम ने भारी कीमत पर बेचकर सबको चौंका दिया है। कंपनी की वेबसाइट पर "इंडियन सॉविनियर बैग" नाम से बिक रहे इस थैले की कीमत 48 डॉलर यानी करीब ₹4,228 रखी गई है। यकीन करना मुश्किल है, लेकिन इस महंगे थैले की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नॉर्डस्ट्रॉम की वेबसाइट पर इस "इंडियन सॉविनियर बैग" की कीमत ₹4230 है। इसे जापानी ब्रांड प्यूबको ने बनाया है। वेबसाइट पर इसे अनोखे डिज़ाइन वाला स्टाइलिश बैग बताया गया है। साथ ही, यह भी लिखा है कि यह हाथ से बनाया गया है, इसलिए इसके रंग और प्रिंट में थोड़ा अंतर हो सकता है।

सफेद सूती थैले पर 'रमेश स्पेशल नमकीन', 'चेतक स्वीट्स' जैसी हिंदी की लिखावट देखी जा सकती है। वेबसाइट पर लिखा है, "इस खूबसूरत देश के लिए अपने प्यार का इज़हार करते हुए, इसमें अपना सामान लेकर घूमें। यह किसी भी यात्री या भारतीय संस्कृति के चाहने वालों के लिए ज़रूरी चीज़ है।" सोशल मीडिया पर लोग इस "इंडियन सॉविनियर बैग" पर खूब चर्चा कर रहे हैं।