नोएडा में घर खरीदना मुश्किल हो गया है। एक वायरल वीडियो के मुताबिक, 75-80 लाख के 2BHK फ्लैट के लिए 1 लाख+ की सैलरी और 60-65 हजार की मासिक EMI चाहिए, जो आम आदमी के लिए एक बड़ी चुनौती है।

बड़े शहरों में अपना घर होना हर किसी का सपना होता है, लेकिन ये सपना अब बहुत महंगा हो गया है। खासकर दिल्ली-एनसीआर जैसे इलाकों में तो नौकरीपेशा लोगों के लिए घर खरीदना लगभग नामुमकिन सा होता जा रहा है। इसी सच्चाई को दिखाता एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो नोएडा का है। कंटेंट क्रिएटर ऋषि शांडिल्य ने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की है, जिसमें उन्होंने बताया है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक छोटा सा 2BHK फ्लैट खरीदने के लिए कितने पापड़ बेलने पड़ते हैं।

वीडियो के मुताबिक, यहां एक मामूली 2BHK फ्लैट की कीमत 75 से 80 लाख रुपये है। अब सोचिए, बैंक से लोन मिलने से पहले ही आपको 20 से 25 लाख रुपये डाउन पेमेंट के तौर पर देने होंगे। अगर आपको 55 से 60 लाख रुपये का होम लोन चाहिए, तो आपकी महीने की सैलरी कम से कम 1 लाख से 1.2 लाख रुपये होनी चाहिए। इसके बाद भी, हर महीने 60,000 से 65,000 रुपये की EMI भरनी होगी।

View post on Instagram

पोस्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि कैसे पहली बार घर खरीदने की चाहत रखने वाले आम लोगों के लिए 80 लाख रुपये का छोटा सा फ्लैट भी एक बड़ा झटका है। इस वीडियो पर कई लोग कमेंट कर रहे हैं और नोएडा और आसपास के इलाकों में प्रॉपर्टी की आसमान छूती कीमतों पर अपनी चिंता जता रहे हैं।