ऑयल इंडिया लिमिटेड ने अंडमान सागर में एक नए प्राकृतिक गैस के कुएं का पता लगाया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने बताया कि अंडमान द्वीप के पूर्वी तट से 15 किलोमीटर दूर, श्री विजयपुरम-3 कुएं में गैस की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।
नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण भारत कच्चे तेल के साथ-साथ प्राकृतिक गैस की कमी से भी जूझ रहा है। ऐसे मुश्किल समय में एक अच्छी खबर आई है। ऑयल इंडिया लिमिटेड (Oil India Ltd.) ने अंडमान सागर में प्राकृतिक गैस से भरा एक और कुआं खोज निकाला है।

श्री विजयपुरम-3 कुआं
इस बारे में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी शेयर की। उन्होंने लिखा, 'अंडमान द्वीप के पूर्वी तट से 15 किलोमीटर दूर खोदे गए श्री विजयपुरम-3 कुएं में प्राकृतिक गैस मिली है। यह कुआं 1900 मीटर से भी ज्यादा गहरा है। आग जलाकर (फ्लेयरिंग के जरिए) कुएं में गैस की मौजूदगी की पुष्टि की गई।'
आपको बता दें कि अंडमान सागर में गैस की खोज के लिए अब तक 3 कुएं खोदे गए हैं। यह दूसरा कुआं है जिसमें गैस मिलने में कामयाबी हासिल हुई है।
