Ola Electric Share Price: ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में मंगलवार को 16% की तूफानी तेजी आई है। लेकिन विदेशी ब्रोकरेज ने अलर्ट जारी करते हुए टारगेट प्राइस घटा दिया है।
Ola Electric Share Price Target: शेयर बाजार में मंगलवार, 27 अक्टूबर का दिन ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के निवेशकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज लेकर आया। लंबे समय से सुस्त पड़े इस शेयर में अचानक ऐसा तूफान आया कि यह एक ही दिन में 16% की लंबी छलांग लगाकर ₹34.80 के लेवल पर पहुंच गया। अप्रैल के बाद किसी एक दिन में ये इस शेयर की सबसे बड़ी तेजी है। एक तरफ शेयर में तेजी लौट रही है, तो दूसरी तरफ गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) जैसे बड़े विदेशी ब्रोकरेज हाउस ने इस स्टॉक पर 'Sell' की रेटिंग दे रखी है। HSBC भी इस शेयर को लेकर सतर्क है। ऐसे में सवाल है कि आखिर ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में अचानक इतनी तेजी क्यों आई? जब शेयर चढ़ रहा है तो विदेशी ब्रोकरेज इससे क्यों बचने की सलाह दे रहे हैं? आइए समझते हैं पूरी कहानी...
ओला के शेयर में अचानक तेजी क्यों आई?
- मंगलवार को BSE और NSE पर ओला के करीब 34.5 करोड़ शेयरों की ट्रेडिंग हुई। ये इसके नॉर्मल हफ्ते की ट्रेडिंग से 10 गुना ज्यादा है। इतनी भारी खरीददारी ने शेयर का रेट बढ़ा दिया।
- ऑटो सेक्टर के बाकी शेयरों में भी अच्छी रिकवरी देखी गई। ओला की कॉम्पटीटर कंपनी एथर एनर्जी (Ather Energy) के शानदार प्रदर्शन से भी बाजार का मूड अच्छा हुआ, जिसका फायदा ओला को मिला।
ओला इलेक्ट्रिक शेयर को लेकर विदेशी ब्रोकरेज ने क्यों बजाई खतरे की घंटी?
भले ही शेयर 16% उछल गया हो, लेकिन दुनिया की बड़ी ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) इससे बिल्कुल खुश नहीं है। ब्रोकरेज ने ओला के शेयर को 'Sell' (बेचने) की कैटेगरी में डाल दिया है और टारगेट प्राइस घटाकर ₹23 कर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी पर खर्चों और कर्ज का भारी बोझ है। कंपनी की कमाई (Revenue) FY24 के मुकाबले FY26 में 55% तक गिर गई है। अगर ओला को बाजार में टिकना है, तो उसे अपनी कमाई कई गुना बढ़ानी होगी, जो फिलहाल मुश्किल लग रहा है। एक और ब्रोकरेज फर्म HSBC ने भी इसका टारगेट प्राइस ₹23.57 ही रखा है।
ओला इलेक्ट्रिक शेयर इस वजह से भी चर्चा में
एक तरफ जहां शेयर उछल रहा है, वहीं कंपनी के बड़े निवेशक अपना माल बेचकर निकल रहे हैं। ओला में पैसा लगाने वाले सबसे बड़े निवेशकों में से एक सॉफ्टबैंक (SoftBank) ने हाल ही में अपने करीब 3.58 करोड़ 'राइट्स एंटाइटलमेंट' (REs) बेच डाले हैं। इसके अलावा Vanguard ने भी 57 लाख REs बेचे हैं। हालांकि, मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) जैसी बड़ी देसी फर्म ने ओला के 'राइट्स इश्यू' (जिससे कंपनी 1000 करोड़ रुपए जुटा रही है) में 2.39 करोड़ शेयरों के लिए अप्लाई किया है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी, ब्रोकरेज फर्म्स के टारगेट और विचार सिर्फ सूचना के उद्देश्य से हैं। हम किसी भी शेयर को खरीदने या बेचने (Buy/Sell) की सलाह नहीं देते हैं। शेयर बाजार में निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले अपने सर्टिफाइड वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से सलाह जरूर लें।






