पर्सनल लोन की अर्जी खराब क्रेडिट स्कोर (700 से कम), ज़्यादा कर्ज, और कम आय के कारण खारिज हो सकती है। अर्जी खारिज होने पर, दोबारा आवेदन से पहले अपनी आर्थिक स्थिति और क्रेडिट स्कोर सुधारना ज़रूरी है।
आजकल पर्सनल लोन लेना उतना ही आसान हो गया है, जितना ऑनलाइन खाना ऑर्डर करना। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की वजह से बिना किसी कागजी कार्रवाई के, बहुत कम समय में लोन अप्रूव हो जाता है। कई बार तो 48 घंटों के अंदर पैसा आपके खाते में भी आ जाता है। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं कि अप्लाई करने वाले हर किसी को लोन मिल ही जाए। कई बार लोन की अर्जी खारिज भी हो जाती है। अगर ऐसा हो, तो यह समझना ज़रूरी है कि अर्जी रिजेक्ट क्यों हुई और उसका हल क्या है।
तो चलिए जानते हैं कि आमतौर पर किन वजहों से लोन की अर्जी खारिज हो जाती है। इसकी सबसे बड़ी वजहों में से एक है आपका खराब क्रेडिट स्कोर। आम तौर पर, अगर आपका क्रेडिट स्कोर 700 से कम है, तो बैंक आपकी एप्लीकेशन पर ज़्यादा गौर नहीं करते। जो लोग पहले से ही कई लोन चुका रहे हैं, उन्हें नया लोन देने में बैंक हिचकिचाते हैं। अगर आपकी आमदनी के मुकाबले आपका कर्ज ज़्यादा है, तो बैंक को लगता है कि आप किस्तें चुकाने में मुश्किल में पड़ सकते हैं, और वे आपकी अर्जी खारिज कर सकते हैं। अगर लोन चुकाने के लिए आपकी आमदनी काफी नहीं है, तो भी अर्जी खारिज होने की संभावना बढ़ जाती है। बार-बार नौकरी बदलना भी एक निगेटिव पॉइंट है, क्योंकि बैंक इसे आर्थिक अस्थिरता के तौर पर देखते हैं। आपकी अर्जी या दस्तावेजों में छोटी-मोटी गलतियां भी रिजेक्शन का कारण बन सकती हैं।
अप्लाई करने से पहले किन बातों का ध्यान रखें?
सबसे पहले बैंक से संपर्क करें और पूछने की कोशिश करें कि आपकी अर्जी क्यों स्वीकार नहीं की गई। अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करें और देखें कि कहीं कोई गलत डिफॉल्ट तो नहीं दिख रहा। समय पर अपनी EMI चुकाएं और मौजूदा कर्ज को कम करने की कोशिश करें। अप्लाई करते समय यह पक्का कर लें कि आपकी सैलरी, नौकरी की जानकारी और कॉन्टैक्ट डिटेल्स बिल्कुल सही हैं। अपनी आमदनी के हिसाब से ही लोन की रकम और उसे चुकाने की अवधि चुनें।
अर्जी खारिज हो जाए तो?
मान लीजिए, बैंक ने आपकी अर्जी खारिज कर दी है। तो अब क्या करें? लोन के लिए दोबारा अप्लाई करने से पहले कुछ महीने इंतजार करना एक अच्छा फैसला है। इस समय का इस्तेमाल अपनी आर्थिक स्थिति को सुधारने और क्रेडिट स्कोर बढ़ाने में करें। अगली बार जब आप अप्लाई करें, तो सारी जानकारी सही-सही भरें। इससे आपकी विश्वसनीयता बढ़ती है।
