EPF Benefits: क्या आप जानते हैं कि कोई भी कोर्ट या कर्जदार आपका पीएफ कुर्क नहीं कर सकता है? जानिए पीएफ के 5 बड़े फायदे, जो हर जॉबपर्सन को जरूर पता होने चाहिए।

EPF Rules 2026: नौकरी करने वाले ज्यादातर लोग हर महीने सैलरी स्लिप में कटने वाले पीएफ (PF) को सिर्फ एक टैक्स बचत या रिटायरमेंट फंड मानते हैं। लेकिन सच ये है कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) का ये खाता सिर्फ बुढ़ापे का सहारा नहीं, बल्कि नौकरी बदलने, मेडिकल इमरजेंसी, बच्चों की पढ़ाई और मुश्किल दौर में सबसे बड़ा आर्थिक सुरक्षा कवच साबित होता है। 2026 में ईपीएफओ पोर्टल के नए और आसान नियमों के बाद अपने पीएफ बैलेंस को मैनेज करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। अगर आपकी सैलरी से भी हर महीने पीएफ कटता है, तो जानिए इसके 5 सबसे बड़े फायदे...

PF फंड: आपकी बचत में कंपनी की भी बराबर हिस्सेदारी

ईपीएफ नियम के अनुसार, कर्मचारी की बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते (DA) का 12% हिस्सा पीएफ खाते में जमा होता है। इतनी ही (12%) रकम नियोक्ता (कंपनी) की ओर से भी जमा की जाती है। आमतौर पर कानूनी वेज सीलिंग ₹15,000 मंथली मानी जाती है, जिसके आधार पर ₹1,800 कर्मचारी और ₹1,800 कंपनी जमा करती है। हालांकि वास्तविक सैलरी ज्यादा होने पर हाई कंट्रीब्यूशन का ऑप्शन भी मिलता है। इस डबल सेविंग और उस पर मिलने वाले चक्रवृद्धि ब्याज (Compound Interest) के दम पर रिटायरमेंट तक बड़ा फंड तैयार हो जाता है।

पेंशन का फायदा: कंपनी के 12% हिस्से का कैलकुलेशन

बहुत से कर्मचारियों को लगता है कि कंपनी का पूरा 12% भी पीएफ में ही जाता है, जबकि ऐसा नहीं है। कर्मचारी का पूरा 12% हिस्सा सीधे EPF खाते में जाता है। कंपनी के 12% में से 8.33% हिस्सा कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) में जमा होता है। कंपनी का बचा हुआ 3.67% हिस्सा आपके EPF खाते में जुड़ता है। इसका मतलब है कि नौकरी के दौरान ही आपकी मंथली पेंशन का रास्ता भी तैयार होता रहता है।

कोर्ट भी कुर्क नहीं कर सकता आपका पीएफ

ईपीएफओ का सबसे ताकतवर नियम धारा 10 (EPF and MP Act, 1952) के तहत मिलता है। इस नियम के अनुसार, किसी भी कानूनी विवाद, देनदारी या पर्सनल लोन या कर्ज के बदले अदालत आपके पीएफ के पैसे को कुर्क (Attach/Seize) करने का आदेश नहीं दे सकती। ये एक ऐसी कानूनी सुरक्षा है जो शेयर, म्यूचुअल फंड या बैंक एफडी जैसे दूसरे एसेट्स में नहीं मिलता है। यानी आर्थिक तंगी के सबसे बुरे दौर में भी आपका यह फंड पूरी तरह सुरक्षित रहता है।

फैमिली को बीमा और फाइनेंशियल कवच (EDLI and EPS)

ईपीएफ अकाउंट के साथ कर्मचारी को एम्प्लॉई डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस (EDLI) स्कीम के तहत लाइफ इंश्योरेंस कवर भी मिलता है। इसके लिए कर्मचारी को अलग से कोई प्रीमियम नहीं देना होता। अगर सर्विस के दौरान कर्मचारी के साथ कोई अनहोनी हो जाती है, तो नॉमिनी को बीमा क्लेम की एकमुश्त राशि और पात्र परिवार को मंथली पेंशन (Family Pension) का सहारा मिलता है।

जरूरत पड़ने पर एडवांस निकासी और UAN की ताकत

ईपीएफ खाते का पैसा सिर्फ रिटायरमेंट पर ही नहीं मिलता है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आप आंशिक निकासी (Partial Withdrawal) भी कर सकते हैं। घर खरीदने या बनवाने, बच्चों के हायर एजुकेशन, शादी और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए एडवांस लिया जा सकता है। नौकरी छूटने या करियर में बदलाव के समय भी यह फंड आर्थिक संकट से बचाता है। यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) की मदद से नौकरी बदलने पर पीएफ ट्रांसफर करना बेहद आसान हो चुका है। हर नई नौकरी के साथ नया खाता खोलने के बजाय एक ही UAN से सारा फंड आसानी से जुड़ जाता है।