Jio Platforms के ₹37,700 करोड़ IPO की खबर से आज सुबह Reliance शेयर में करीब 3% की तेजी आई। निवेशकों को वैल्यू अनलॉक होने की उम्मीद है। जानें आगे क्या हो सकता है।

Reliance Share Price Today: देश की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी की टेलीकॉम और टेक्नोलॉजी यूनिट जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) की ओर से SEBI के पास IPO के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किए जाने के बाद निवेशकों का उत्साह बढ़ गया। आज सुबह कारोबार के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब 3% तक उछलकर ₹1,344.90 के लेवल पर पहुंच गया। बाजार खुलने के कुछ समय बाद शेयर ₹1,337.50 के आसपास कारोबार करता दिखा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Reliance Share में क्यों आई तेजी?

बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह जियो प्लेटफॉर्म्स का का प्रस्तावित IPO है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह IPO करीब ₹37,700 करोड़ जुटा सकता है, जिससे यह भारत के सबसे बड़े IPO में से एक बन सकता है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने SEBI के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिए हैं। IPO के तहत 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। इस खबर के सामने आते ही निवेशकों ने रिलायंस के शेयरों में खरीदारी शुरू कर दी।

मुकेश अंबानी ने Jio IPO को बताया बड़ा माइलस्टोन

रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कंपनी की 49वीं AGM में Jio IPO को इस साल का सबसे बड़ा वैल्यू क्रिएशन माइलस्टोन बताया। अंबानी के मुताबिक, जियो की लिस्टिंग दुनिया को यह दिखाएगी कि भारत वैश्विक स्तर की टेक्नोलॉजी कंपनियां बनाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि IPO प्रक्रिया का नेतृत्व आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी कर रहे हैं। मुकेश अंबानी का मानना है कि Jio IPO से रिलायंस के मौजूदा शेयरधारकों के लिए बड़ी वैल्यू अनलॉक होगी और नए निवेशकों को भी आकर्षक अवसर मिलेगा।

Reliance Share का प्रदर्शन कैसा रहा?

रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैपिटल (Market Cap) करीब ₹18.12 लाख करोड़ तक पहुंच गया है। शेयर के हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो पिछले 1 हफ्ते में करीब 2.5% की तेजी, पिछले 1 महीने में लगभग 1% की गिरावट और साल 2026 में अब तक करीब 15% की कमजोरी आई है। इसका 52 वीक हाई लेवल ₹1,611.80 और 52 वीक लो लेवल ₹1,253.20 है। Jio IPO की खबर के बाद निवेशकों को उम्मीद है कि शेयर में नई तेजी का दौर शुरू हो सकता है।

Jio IPO से जुटाए गए पैसे का क्या होगा?

कंपनी के अनुसार, IPO से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड (RJIL) के बकाया कर्ज को कम करने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। इस कदम से कंपनी की बैलेंस शीट और मजबूत हो सकती है, जिसका सकारात्मक असर लंबे समय में निवेशकों को देखने को मिल सकता है।

Reliance Share में क्या अब बड़ी तेजी आ सकती है?

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि Jio IPO Reliance Industries के लिए एक बड़ा वैल्यू-अनलॉकिंग इवेंट साबित हो सकता है। अगर IPO को निवेशकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिलती है, तो इसका पॉजिटिव असर रिलायंस के शेयर पर भी देखने को मिल सकता है। हालांकि, निवेशकों को सिर्फ IPO की खबर के आधार पर निवेश फैसले लेने के बजाय कंपनी के फंडामेंटल, बाजार की स्थिति और अपने जोखिम प्रोफाइल का भी ध्यान रखना चाहिए।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सूचनात्मक उद्देश्यों (Informational Purposes) के लिए है और इसे निवेश सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी स्टॉक में पैसा लगाने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) या मार्केट एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।