Stock Market News: अब दिन-रात ट्रेडिंग की शुरुआत होने वाली है। जानिए 24 घंटे ट्रेडिंग कब से शुरू हो रही है, कैसे काम करेगी और निवेशकों का इसमें क्या फायदा होने वाला है...
Stock Market 24 Hours: अगर आप शेयर बाजार में निवेश या ट्रेडिंग करते हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर है। आने वाले समय में दुनिया के कुछ निवेशकों को 24 घंटे ट्रेडिंग करने का मौका मिलेगा। ब्रिटेन के लंदन स्टॉक एक्सचेंज (LSE) ने एक ऐसा मास्टरप्लान तैयार किया है, जो ट्रेडिंग की पूरी दुनिया को हमेशा के लिए बदलने वाला है। लंदन स्टॉक एक्सचेंज ने दिन-रात ट्रेडिंग सुविधा देने वाले नए प्लेटफॉर्म LSE 24 का ऐलान किया है। आइए जानते हैं यह नया सिस्टम क्या है, कब शुरू होगा और इसका निवेशकों पर क्या असर पड़ेगा...
LSE 24 क्या है?
लंदन स्टॉक एक्सचेंज ने LSE 24 नाम का नया ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की घोषणा की है। इसके जरिए निवेशक हफ्ते में पांच दिन करीब पूरे 24 घंटे ट्रेडिंग कर सकेंगे। इसका मकसद अलग-अलग देशों के निवेशकों को उनकी टाइमिंग के हिसाब से ट्रेडिंग का मौका देना और बड़े वैश्विक घटनाक्रमों पर तुरंत प्रतिक्रिया देने की सुविधा देना है।
स्टॉक मार्केट में 24 घंटे ट्रेडिंग कब से होगी?
इस सिस्टम के 2026 के आखिर तक टेस्टिंग शुरू होने की उम्मीद है। सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद 2027 की पहली छमाही में इसकी शुरुआत की जा सकती है। शुरुआती फेज में ETPs (Exchange Traded Products) की ट्रेडिंग होगी। इसके बाद इसमें सामान्य शेयर (Equity) भी जोड़े जाएंगे।
ट्रेडिंग का समय क्या रहेगा?
LSE 24 सोमवार से शुक्रवार तक संचालित होगा। ट्रेडिंग करीब शाम 5:00 बजे से सुबह 7:50 बजे तक चलेगी। रोजाना शाम 6:30 बजे से 7:00 बजे तक 30 मिनट का ब्रेक रहेगा। वहीं, लंदन स्टॉक एक्सचेंज का सामान्य बाजार अपने पुराने समय पर ही चलता रहेगा। यानी नया प्लेटफॉर्म मौजूदा एक्सचेंज के साथ-साथ अलग से काम करेगा।
24 घंटे ट्रेडिंग की जरूरत क्यों पड़ी?
आज दुनिया के निवेशक अलग-अलग टाइम जोन में रहते हैं। कई बार कोई बड़ी खबर बाजार बंद होने के बाद आती है, लेकिन ट्रेडिंग अगले दिन ही हो पाती है। LSE 24 का मकसद है कि निवेशक ऐसी खबरों पर तुरंत फैसला ले सकें। इससे रिस्क कम करने और निवेश के नए मौके पकड़ने में आसानी होगी।
AI और ऑटोमेशन पर रहेगा फोकस
नया प्लेटफॉर्म सिर्फ ज्यादा समय तक ट्रेडिंग कराने के लिए नहीं बनाया जा रहा, बल्कि इसमें मॉर्डन टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल होगा। इसमें AI बेस्ड ट्रेडिंग सिस्टम, ऑटोमेटेड ऑर्डर प्रोसेसिंग, तेज मार्केट डेटा, बेहतर ऑर्डर मैनेजमेंट और डिजिटल सिक्योरिटीज सिस्टम जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी।
आम निवेशकों और ट्रेडर्स का क्या फायदा होगा?
- किसी भी समय ट्रेडिंग कर सकेंगे।
- बड़ी ग्लोबल खबरों पर तुरंत प्रतिक्रिया देने का मौका मिलेगा।
- अलग-अलग देशों के निवेशकों की आसान पार्टिशिपेशन होगा।
- बेहतर लिक्विडिटी देखने को मिलेगी।
- रिस्क मैनेजमेंट में मदद मिलेगी।
क्या भारत में भी 24 घंटे खुलेगा शेयर बाजार?
फिलहाल ऐसा कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। अभी यह पहल सिर्फ ब्रिटेन में की जा रही है। हालांकि, अगर यह मॉडल सफल रहता है तो आने वाले सालों में दूसरे देशों के एक्सचेंज भी इस तरह के सिस्टम बना सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी सार्वजनिक रिपोर्ट्स और उपलब्ध सोर्स पर आधारित है। इसे निवेश की सलाह न समझें। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।


