Side Hustle: 9 से 5 जॉब के साथ टॉय रेंटल बिजनेस शुरू कर सकते हैं। इससे हफ्ते में सिर्फ 2 दिन काम करके एक्स्ट्रा कमा सकते हैं। जानिए कैसे शुरू करें और कितना खर्च आएगा।
Business Idea: महीने की 30 तारीख आते-आते सैलरी का खत्म हो जाना और EMI का सिर पर आ जाना, आजकल हर नौकरी करने वाले इंसान की यही कहानी है। अगर आप भी 9-टू-5 जॉब की भागदौड़ में फंसे हैं और चाहते हैं कि कुछ एक्स्ट्रा इनकम आ जाए, तो टॉय रेंटल बिजनेस आइडिया आपके लिए कमाल का हो सकता है। खास बात ये है कि इसके लिए आपको अपनी नौकरी छोड़ने या कोई दुकान खोलने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। हफ्ते में शनिवार और रविवार के सिर्फ 2-2 घंटे देकर आप अपनी सोसाइटी के परिवारों से हर महीने अच्छी कमाई कर सकते हैं। आइए जानते हैं टॉय रेंटल (Toy Rental) यानी खिलौना लाइब्रेरी का ये बिजनेस मॉडल क्या है और कैसे कर सकते हैं...
पेरेंट्स का सबसे बड़ा दर्द, आपके लिए मुनाफे का मौका
आजकल किसी भी मॉल या खिलौने की दुकान पर चले जाइए, एक अच्छा एजुकेशनल टॉय या रिमोट कार 1,500 से 3,000 रुपए से कम में नहीं आती है। बच्चा उसे बड़े चाव से मांगता है, लेकिन 10-15 दिन बाद उसका मन भर जाता है और वो महंगा खिलौना घर के किसी कोने में कबाड़ बनकर धूल फांकने लगता है या बच्चा उसे तोड़कर फेंक देता है। ज्यादातर मिडिल क्लास फैमिली इसी बात से परेशान है कि बच्चों के खिलौनों पर हर महीने हजारों रुपए खर्च हो रहे हैं। अगर आप उनसे कहें कि उन्हें महंगे खिलौने खरीदने की जरूरत नहीं है, बल्कि वे मामूली मंथली रेंट देकर हर 15 दिन में नए-नए खिलौने ले सकते हैं, तो कोई भी समझदार माता-पिता तुरंत इसके लिए तैयार हो जाएंगे।
टॉय लाइब्रेरी की शुरुआत कैसे करें?
- इस काम को शुरू करने के लिए आपको किसी खास जगह की जरूरत नहीं है। इसे घर से भी शुरू कर सकते हैं।
- इसका शुरुआती बजट 10,000 से 15,000 रुपए तक हो सकता है। ये भी वन-टाइम लागत ही है।
- अब आपको 1 से 7 साल के बच्चों के लिए मजबूत, नॉन-टॉक्सिक पजल्स, लेगो सेट्स, मोंटेसरी बोर्ड्स और रिमोट वाले खिलौने लेने हैं।
- दिल्ली के सदर बाजार, मुंबई के क्राफर्ड मार्केट या ऑनलाइन होलसेल प्लेटफॉर्म्स से ये कम दाम में आसानी से मिल जाते हैं।
- इन खिलौनों को रखने के लिए आपके कमरे की एक खाली रैक या अलमारी ही काफी है या ज्यादा खिलौने रखते हैं, तो एक कमरे में आसानी से आ जाएगा।
टॉय रेंटल बिजनेस से कमाई कैसे और कितनी होगी?
- आप हर फैमिली से मंथली मेंबरशिप फीस 800 से 1,000 रुपए तक रख सकते हैं।
- महीने में 2 बार यानी हर 15 दिन में आपको 2 नए खिलौने बदलने हैं।
- आपको सिर्फ 30-25 परिवारों को ही टारगेट करना है। ये आपकी अपनी या पड़ोस की सोसाइटी हो सकती है या फिर आस-पड़ोस को भी रख सकते हैं।
- अगर आपके इस बिजनेस मॉडल से इंप्रेस होकर सिर्फ 35 फैमिली भी जुड़ जाती है, तो महीने की कुल कमाई (35 × ₹850 = 29,750) करीब 30,000 रुपए तक हो सकता है।
- इससे खिलौने आपके पास ही रहेंगे, बस वो हर 15 दिन में एक बच्चे से दूसरे बच्चे के पास घूमते रहेंगे। यानी एक बार खरीदे गए खिलौने से आप साल भर तक लगातार पैसा कमाते रहेंगे।
हफ्ते में सिर्फ 2 दिन काम
सोमवार से शुक्रवार आप अपनी 9-to-5 जॉब बिना किसी रुकावट के करते रहें। इस बिजनेस का पूरा ऑपरेशन सिर्फ वीकेंड पर सेट होता है। शनिवार शाम जिन 15-20 घरों में रोटेशन होना है, उनके पुराने खिलौने कलेक्ट करें और उन्हें अच्छे से सैनिटाइज (साफ) कर लें। रविवार सुबह बच्चों की पसंद के हिसाब से नए पैक खिलौने उनके फ्लैट के दरवाजे पर डिलीवर कर आएं। सोसाइटी के वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए कैटलॉग शेयर कर सकते हैं, जहां पेरेंट्स फोटो देखकर अपने बच्चे के लिए अगला खिलौना पहले ही बुक कर लें।
खिलौनों की साफ-सफाई और भरोसा
- पेरेंट्स बच्चों के मामले में हाइजीन (साफ-सफाई) को लेकर बहुत सतर्क रहते हैं। अगर आप उनका भरोसा जीतना चाहते हैं, तो दो बातों का हमेशा ध्यान रखें।
- जब भी कोई खिलौना वापस आए, उसे बेबी-सेफ डिसइंफेक्टेंट से साफ करके जिपलॉक बैग में सील करें।
- खिलौना देते समय पैरेंट्स को दिखाएं कि ये पूरी तरह सैनिटाइज्ड और सुरक्षित है। यही भरोसा आपके ग्राहकों को साल भर जोड़े रखेगा और वे अपनी दूसरी दोस्तों को भी आपके बारे में बताएंगे। इससे आपका बिजनेस भी बढ़ेगा।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और बिजनेस आइडिया (Business Idea) शेयर करने के उद्देश्य से लिखा गया है। इस बिजनेस मॉडल से होने वाली वास्तविक कमाई आपकी लोकेशन, ग्राहकों की संख्या, निवेश और आपकी क्षमता पर निर्भर करती है। किसी भी बिजनेस की शुरुआत करने से पहले स्थानीय बाजार की मांग और वित्तीय जोखिमों का सही आकलन करें और किसी एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।


