Who Is Manav Sardana: मानव सरदाना ने गुरुग्राम के DLF 'द डहलियास' में 271 करोड़ का पेंटहाउस खरीदकर रियल एस्टेट में रिकॉर्ड बना दिया है। जानिए वह कौन हैं?
Highest property Deal in Gurugram: गुरुग्राम में एक घर की कीमत ने पूरे रियल एस्टेट बाजार का ध्यान खींच लिया है। यहां एक पेंटहाउस करीब ₹271 करोड़ में खरीदा गया है। खरीदार हैं कारोबारी मानव सरदाना (Manav Sardana) और यह प्रॉपर्टी DLF के सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट 'The Dahlias' में है। यह डील भारत में अब तक सामने आई सबसे महंगी सिंगल-होम प्रॉपर्टी ट्रांजैक्शन में शामिल हो गई है। इस पेंटहाउस का एरिया करीब 17,200 वर्ग फीट और कारपेट एरिया करीब 10,500 वर्ग फीट बताया गया है। आइए जानते हैं इस प्रॉपर्टी को खरीदने वाले मानव सरदाना कौन हैं और कौन सा काम करते हैं...
मानव सरदाना कौन हैं?
इतनी बड़ी रकम खर्च करने वाले मानव सरदाना का ताल्लुक दिल्ली-एनसीआर के एक बेहद पुराने और रसूखदार बिजनेस परिवार से है। सरदाना परिवार का बिजनेस इतिहास 100 साल से भी ज्यादा पुराना है। परिवार का ऑटो पार्ट्स का बड़ा बिजनेस है। मानव सरदाना के पिता एसबी सरदाना ने साल 1969 में जगजीत सिंह के साथ मिलकर 'इंपीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज' (Imperial Auto Industries) नाम की कंपनी शुरू की थी। यह कंपनी फरीदाबाद से चलती है और गाड़ियों (ऑटोमोटिव) के लिए पार्ट्स बनाती है। धीरे-धीरे यह कंपनी इस इंडस्ट्री का एक बहुत बड़ा नाम बन गई। बाद में ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म 'वारबर्ग पिंकस' ने इस कंपनी को खरीद लिया। लेकिन मानव सरदाना आज भी अपने फैमिली बिजनेस से गहराई से जुड़े हुए हैं। सरकारी रिकॉर्ड्स के मुताबिक, मानव सरदाना आज भी 12 से ज्यादा कंपनियों जैसे- इंपीरियल सिलिकॉन, क्रुज हाइड्रोलिक्स और अन्य में डायरेक्टर के पद पर हैं।
₹271 करोड़ के पेंटहाउस में ऐसा क्या खास है?
यह आलीशान पेंटहाउस गुरुग्राम के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड (सेक्टर 54) में स्थित है। यह घर DLF के सबसे प्रीमियम और सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट 'द डहलियास' (The Dahlias) में मौजूद है। इस पेंटहाउस का सुपर एरिया करीब 17,200 स्क्वायर फीट है। वहीं, इसका कारपेट एरिया 10,500 स्क्वायर फीट है। (अंदाजा लगाने के लिए बता दें कि एक आम 2BHK फ्लैट सिर्फ 800 से 1000 स्क्वायर फीट का होता है!) अगर कारपेट एरिया के हिसाब से देखें, तो मानव सरदाना ने इस घर के लिए करीब 2.6 लाख रुपये प्रति स्क्वायर फीट की कीमत चुकाई है।
DLF 'द डहलियास' प्रोजेक्ट क्या है?
डीएलएफ (DLF) ने इसी साल अक्टूबर 2024 में अपना यह नया सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट लॉन्च किया है, जो 17 एकड़ में फैला है। इस प्रोजेक्ट में करीब 420 फ्लैट्स और पेंटहाउस बन रहे हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि यहां के एक नॉर्मल फ्लैट की कीमत ही 100 करोड़ से 170 करोड़ रुपए के बीच है। पेंटहाउस का साइज बड़ा होने के कारण इसकी कीमत और भी ज्यादा है। PTI के मुताबिक, इतनी भारी कीमत होने के बावजूद इस प्रोजेक्ट के 65% से ज्यादा घर बिक चुके हैं। डीएलएफ को इस अकेले प्रोजेक्ट से 40,000 करोड़ रुपए की कमाई होने की उम्मीद है। इससे पहले डीएलएफ ने इसी इलाके में 'द कैमेलियास' (The Camellias) प्रोजेक्ट बनाया था, जिसने गुरुग्राम को देश के सबसे महंगे रिहायशी इलाकों की लिस्ट में टॉप पर ला खड़ा किया था।
अमीरों को भा रहे हैं बड़े घर
कोरोना महामारी (Post-Pandemic) के बाद से ही भारत के बड़े शहरों, खासकर गुरुग्राम और मुंबई में महंगे और लग्जरी घरों की डिमांड अचानक बहुत तेजी से बढ़ी है। बड़े बिजनेसमैन और अमीर लोग अब बड़े स्पेस और एक्सक्लूसिव लाइफस्टाइल वाले घरों पर जमकर पैसा खर्च कर रहे हैं।


