Delhi-Varanasi Vande Bharat: 31 अक्टूबर से दिल्ली और बनारस के बीच स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है। जानिए इस ट्रेन का टाइम टेबल, किराया, स्टॉपेज और नियम।
Delhi-Varanasi Sleeper Vande Bharat: दिवाली और छठ पर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे दिल्ली और यूपी के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे दिल्ली से वाराणसी के बीच स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी में है। 31 अक्टूबर से दिल्ली और बनारस के बीच देश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस (Sleeper Vande Bharat) दौड़ने वाली है। इस ट्रेन से दिल्ली, प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी के बीच सफर करने वाले लोगों को फायदा होगा। ट्रेन रात में चलेगी और अगले दिन सुबह-सुबह यात्रियों को उनके स्टेशन पर पहुंचा देगी। आइए जानते हैं इस नई लग्जरी ट्रेन की टाइमिंग, रूट और किराया...
दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदे भारत कब से चलेगी और किस दिन रहेगी बंद?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 31 अक्टूबर को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन की शुरुआत कर सकते हैं। ये ट्रेन हफ्ते में 6 दिन चलेगी। हर शनिवार (Saturday) को इस ट्रेन की सर्विस बंद रहेगी।
दिल्ली-बनारस स्लीपर वंदे भारत की पूरी टाइमिंग
दिल्ली से बनारस (ट्रेन नंबर- 27422)
कहां से चलेगी: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रात 9:40 बजे।
रास्ते में कहां रुकेगी: सुबह 4:45 बजे प्रयागराज जंक्शन (5 मिनट का स्टॉप)।
कब पहुंचेगी: अगली सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंच जाएगी।
बनारस से दिल्ली (ट्रेन नंबर- 27421)
कहां से चलेगी: वाराणसी स्टेशन से रात 8:50 बजे।
रास्ते में कहां रुकेगी: रात 10:35 बजे प्रयागराज और 12:40 बजे कानपुर सेंट्रल।
कब पहुंचेगी: अगली सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी।
नोट: ये टाइमटेबल अभी संभावित है, जल्द ही रेलवे इसका फाइनल चार्ट जारी करेगा।
दिल्ली-बनारस स्लीपर वंदे भारत प्रयागराज कब पहुंचेगी?
- वाराणसी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन रात 10:35 बजे पहुंचेगी।
- दिल्ली से वाराणसी जाने वाली ट्रेन सुबह 4:45 बजे पहुंचेगी।
- दोनों तरफ से प्रस्तावित हाल्ट 5 मिनट का है।
कानपुर कब पहुंचेगी दिल्ली-बनारस स्लीपर वंदे भारत?
- वाराणसी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन रात करीब 12:40 बजे पहुंचेगी।
- दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन के रात करीब 2:25 बजे कानपुर पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
Sleeper Vande Bharat Ticket Price: कितना होगा टिकट का किराया?
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मार्च 2026 में लोकसभा में दिए गए लिखित जवाब में वंदे भारत स्लीपर का किराया प्रति यात्री प्रति किलोमीटर के हिसाब से बताया था। इसमें AC 3 टियर का बेस किराया GST के बिना 2.40 रुपए प्रति किलोमीटर है। वहीं, अलग-अलग क्लास के लिए किराया 2.40 रुपए से 3.80 रुपए प्रति किलोमीटर तक बताया गया है। जैसे, अगर किसी ट्रेन का सफर 1,000 किलोमीटर का है, तो एसी 3-टियर का बेस किराया करीब 2,400 रुपए होगा। इसमें GST और लागू दूसरे चार्ज अलग से जुड़ सकते हैं। लेकिन दिल्ली-वाराणसी रूट का फाइनल टिकट किराया अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है।
वंदे भारत स्लीपर में नहीं मिलेगी RAC टिकट की सुविधा
वंदे भारत स्लीपर में आपको RAC (Reservation Against Cancellation) टिकट नहीं मिलेगा। इसका मतलब है कि या तो आपको पूरी फुल कंफर्म सीट मिलेगी या फिर आपका टिकट वेटिंग में रहेगा। आधी सीट वाला कोई सिस्टम इस ट्रेन में नहीं है!
Vande Bharat Sleeper Ticket Booking: कब और कहां से बुक करें टिकट?
दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदे भारत के टिकट की बुकिंग को लेकर यात्रियों की नजर IRCTC पर रहेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुकिंग 27 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। हालांकि, यात्रियों को बुकिंग की सही तारीख और समय की पुष्टि IRCTC पर ही करनी चाहिए।
मुंबई-बेंगलुरु के बीच भी शुरू होगी स्लीपर वंदे भारत
सिर्फ यूपी ही नहीं, महाराष्ट्र और कर्नाटक वालों की भी मौज आने वाली है। 1 नवंबर से देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत मुंबई और बेंगलुरु के बीच शुरू हो रही है। यह ट्रेन 1,118 किलोमीटर का सफर सिर्फ 16 घंटे में पूरा करेगी, जिससे यात्रियों के सीधे-सीधे 8 घंटे बचेंगे। इस ट्रेन में फुल AC वाले 16 कोच होंगे और 823 लोगों के सोने की व्यवस्था होगी।
दिल्ली-बनारस स्लीपर वंदे भारत से जुड़े 5 सवाल-जवाब
दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदे भारत कब से चलेगी?
इस ट्रेन की शुरुआत 31 अक्टूबर 2026 से होने की संभावना है। अंतिम तारीख और उद्घाटन की पुष्टि रेलवे की घोषणा से होगी।
दिल्ली से वाराणसी जाने वाली ट्रेन कितने बजे चलेगी?
प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, ट्रेन नंबर 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वाराणसी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन कितने बजे चलेगी?
ट्रेन नंबर 27421 वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
दिल्ली-बनारस स्लीपर वंदे भारत क्या प्रयागराज और कानपुर में रुकेगी?
हां, प्रस्तावित शेड्यूल में प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल पर रुकने की जानकारी है। हालांकि, फाइनल टाइमिंग और स्टॉपेज रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद ही कंफर्म माने जाएंगे।
दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर का किराया कितना होगा?
थर्ड एसी का बेस किराया 2.40 रुपए प्रति किलोमीटर (GST के बिना) बताया गया है। हालांकि, इस रूट का क्लास के हिसाब से अंतिम टिकट किराया अभी घोषित नहीं हुआ है।


