Amazon Gurgaon vs eBay Bangalore Job Offer: Amazon और eBay के जॉब ऑफर में फंसे सॉफ्टवेयर इंजीनियर की Reddit पोस्ट वायरल हो रही है। जानिए सैलरी, FAANG ब्रांड और करियर ग्रोथ पर क्या मिली सलाह।
Amazon Gurgaon vs eBay Bangalore, Software Engineer Job Offer: आईटी सेक्टर में अच्छी सैलरी वाली नौकरी मिलना जितना बड़ा मौका होता है, उतना ही मुश्किल होता है सही कंपनी का चुनाव करना। ऐसा ही एक मामला Reddit पर चर्चा का विषय बन गया, जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अमेजन गुड़गांव (Amazon Gurgaon) और ईबे बैंगलोर (eBay Bangalore) के दो आकर्षक जॉब ऑफर्स के बीच फैसला लेने के लिए लोगों की राय मांगी। इंजीनियर का सवाल सिर्फ सैलरी तक सीमित नहीं था, बल्कि वह यह भी जानना चाहता था कि भविष्य में Google, Microsoft या Adobe जैसी बड़ी कंपनियों में जाने के लिए कौन-सा विकल्प ज्यादा फायदेमंद साबित होगा।
Amazon और eBay, दोनों ऑफर्स में क्या है अंतर?
इंजीनियर के मुताबिक, Amazon Gurgaon ने उसे 19.17 लाख रुपये का फिक्स्ड बेस सैलरी पैकेज ऑफर किया है। इसके अलावा पहले साल के लिए 6.47 लाख रुपये का जॉइनिंग बोनस, 1.5 लाख रुपये का रिलोकेशन बोनस और करीब 15.56 लाख रुपये के स्टॉक ग्रांट भी शामिल हैं, जो चार साल में चरणबद्ध तरीके से वेस्ट होंगे। पहले साल का कुल ग्रॉस पैकेज लगभग 27.9 लाख रुपये बनता है।
दूसरी तरफ, eBay Bangalore का ऑफर फिक्स्ड बेस सैलरी के मामले में काफी मजबूत है। यहां 24 लाख रुपये का बेस पे, 1.5 लाख रुपये का जॉइनिंग बोनस, 1 लाख रुपये का रिलोकेशन बोनस, 10 प्रतिशत का परफॉर्मेंस बोनस और 25,000 डॉलर के स्टॉक ग्रांट दिए गए हैं, जिनकी वेस्टिंग हर साल बराबर हिस्सों में होगी। पहले साल का कुल ग्रॉस पैकेज करीब 34.8 लाख रुपये है।
इंजीनियर की सबसे बड़ी चिंता क्या है?
इंजीनियर ने बताया कि उसका लक्ष्य अगले 12 से 18 महीनों में दिल्ली-एनसीआर की किसी बड़ी टेक कंपनी, जैसे Microsoft Noida या Adobe Noida, में जाना है ताकि वह अपने उत्तर प्रदेश स्थित घर के करीब रह सके। इसी वजह से उसने सवाल उठाया कि क्या Amazon का मजबूत ब्रांड नाम भविष्य में इंटरव्यू कॉल और रिक्रूटर की नजर में बढ़त दिला सकता है। साथ ही उसने यह भी पूछा कि अगली नौकरी में मिलने वाला वेतन बढ़ोतरी का आधार फिक्स्ड बेस सैलरी होगी या कुल पैकेज, क्योंकि इस मामले में eBay का ऑफर ज्यादा मजबूत दिखाई देता है। नीचे देखें वायरल रेडिट पोस्ट-
सोशल मीडिया पर क्या रही राय?
Reddit पर इस पोस्ट के बाद अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई यूजर्स ने Amazon की तुलना में eBay को बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस वाली कंपनी बताया और सलाह दी कि केवल बड़े ब्रांड के लिए पर्सनल लाइफ से समझौता करना सही फैसला नहीं होगा। वहीं कुछ अनुभवी प्रोफेशनल्स ने अलग नजरिया रखा। उनका कहना था कि करियर की शुरुआती स्टेज में Amazon जैसी कंपनी में काम करने से तेज सीखने का मौका मिलता है, मजबूत टीम के साथ अनुभव बढ़ता है और आगे Google, Microsoft जैसी कंपनियों में जाने की संभावना भी मजबूत हो सकती है।
कुल मिलाकर, चर्चा का निष्कर्ष यही रहा कि फैसला केवल सैलरी या ब्रांड के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवार के करियर लक्ष्य, सीखने के अवसर, वर्क-लाइफ बैलेंस और लंबी अवधि की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर लेना चाहिए।


