Japan Office Work Culture Viral Video: जापान में 10 साल से काम कर रहे भारतीय ने वहां के वर्क कल्चर के बारे में बताते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानिए समय की पाबंदी, ओवरटाइम पेमेंट और ऑफिस के खास नियम पर क्या कहा।

Japan Work Culture Viral Video: जापान में नौकरी सिर्फ प्रोफेशनल स्किल्स का खेल नहीं है, बल्कि वहां की वर्क कल्चर को समझना भी उतना ही जरूरी माना जाता है। पिछले 10 वर्षों से जापान में काम कर रहे एक भारतीय प्रोफेशनल ने सोशल मीडिया पर वहां के ऑफिस माहौल की ऐसी बातें शेयर की हैं, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींच लिया है। समय की पाबंदी से लेकर ओवरटाइम पेमेंट और छुट्टी के बाद काम से दूरी तक, जापानी ऑफिस कल्चर कई मायनों में भारत से अलग नजर आती है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जापानी ऑफिस कल्चर की खास बातें, जिन्हें जानना हर प्रोफेशनल के लिए जरूरी

पिछले एक दशक से जापान में काम कर रहे भारतीय प्रोफेशनल अंकित पुरोहित ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया कि जापान में नौकरी मिलना चुनौती नहीं है, लेकिन वहां के वर्क स्पेस कल्चर को समझे बिना लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करना आसान नहीं होता। उनके मुताबिक, जापान में समय का सम्मान सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। अगर ऑफिस का समय सुबह 9 बजे है तो कर्मचारी 9 बजे पहुंचने की बजाय उससे पहले अपनी सीट पर मौजूद रहने की कोशिश करते हैं। यही वजह है कि वहां समय की पाबंदी को प्रोफेशनलिज्म का अहम हिस्सा माना जाता है।

पद नहीं, काम और व्यवहार से बनती है पहचान

अंकित ने बताया कि जापानी कंपनियों में ऊंचे पद पर बैठे अधिकारी भी आम कर्मचारियों की तरह ट्रेन से सफर करते हैं। वहां इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता कि कौन किस वाहन से ऑफिस आया है। काम के प्रति जिम्मेदारी और व्यवहार को ज्यादा महत्व मिलता है। दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक का लंच ब्रेक कर्मचारियों का निजी समय माना जाता है। इस दौरान अधिकांश लोग घर का टिफिन लाने की बजाय सुविधा स्टोर से खरीदा गया बेंटो खाना पसंद करते हैं।

छोटी-छोटी आदतों में भी दिखती है अनुशासन की झलक

जापान में ऑफिस के अंदर छोटी बातों का भी खास ध्यान रखा जाता है। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई व्यक्ति लिफ्ट के बटन के पास खड़ा है तो वह दरवाजा खुला रखता है, ताकि सभी लोग आराम से बाहर निकल सकें। इसके बाद वही व्यक्ति सबसे आखिर में लिफ्ट से बाहर आता है। ऐसी आदतें वहां सम्मान और सहयोग की संस्कृति को दर्शाती हैं।

ओवरटाइम का पैसा और छुट्टी के बाद पूरी प्राइवेसी

वीडियो में यह भी बताया गया कि यदि कर्मचारी 15 मिनट भी अतिरिक्त काम करता है तो उसका भुगतान किया जाता है। वहीं, ऑफिस से लॉगआउट करने के बाद मैनेजर कर्मचारियों से अतिरिक्त काम की उम्मीद नहीं रखते और छुट्टी वाले दिन भी अनावश्यक कॉल या काम का दबाव नहीं बनाया जाता। इससे कर्मचारियों के पर्सनल लाइफ और प्रोफेशनल जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बना रहता है। नीचे देखें इंस्टाग्राम वायरल वीडियो-

View post on Instagram

सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ

इस वीडियो पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने कहा कि कर्मचारियों के पर्सनल टाइम का सम्मान करने वाली यह कार्य संस्कृति दूसरे देशों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। वहीं कुछ लोगों ने ओवरटाइम के हर मिनट का भुगतान और लिफ्ट जैसी छोटी जगहों पर भी दिखने वाला अनुशासन जापान की सबसे प्रभावशाली विशेषताओं में से एक बताया। कुल मिलाकर, यह वीडियो दिखाता है कि जापान की वर्क कल्चर सिर्फ नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि सम्मान, जिम्मेदारी, टीमवर्क और बेहतर कार्य-जीवन संतुलन पर आधारित है।