NEET PG 2025 Exam Day Guidelines: NEET PG परीक्षा 3 अगस्त को है। इसमें शामिल होने जा रहे उम्मीदवारों के लिए NBEMS ने जरूरी दिशानिर्देश दिए हैं। जानिए एग्जाम डे पर रिपोर्टिंग टाइम, जरूरी डॉक्यूमेंट्स, क्या ले जा सकते हैं और किन चीजों पर है सख्त रोक।

NEET PG 2025 Important Instructions: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) 3 अगस्त 2025, रविवार को NEET PG परीक्षा 2025 आयोजित करने जा रहा है। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सिंगल शिफ्ट में ली जाएगी। ऐसे में कैंडिडेट्स समय से पहले सभी जरूरी निर्देशों को जान लें ताकि परीक्षा के दिन कोई गलती न हो और एंट्री में कोई परेशानी न आए। जानिए NEET PG एग्जाम से जुड़ी जरूरी गाइडलाइंस जो हर कैंडिडेट्स को परीक्षा से पहले जरूर मालूम होनी चाहिए।

NEET PG Exam 2025 रिपोर्टिंग टाइम क्या है? जरूरी डॉक्यूमेंट्स

  • परीक्षा सेंटर का गेट सुबह 8:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। यानी उम्मीदवारों को उससे पहले एग्जाम सेंटर पहुंचना होगा। NBEMS ने सलाह दी है कि उम्मीदवार समय पर पहुंचकर एग्जाम सेंटर के एंट्री पॉइंट को पहचान लें ताकि लास्ट मिनट पर दौड़-भाग न हो।
  • उम्मीदवारों को दो पेज वाला एडमिट कार्ड कलर प्रिंट में A4 साइज के सफेद पेपर पर प्रिंट कराकर लाना होगा। साथ ही परीक्षा में एंट्री के लिए सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स साथ लाना अनिवार्य है। अगर कोई जरूरी डॉक्युमेंट साथ नहीं होगा, तो एग्जाम सेंटर में एंट्री नहीं मिलेगी।
  • अगर आप कोई दवा, मेडिकल डिवाइस या फेस मास्क लेकर आ रहे हैं तो संबंधित मेडिकल सर्टिफिकेट या डॉक्युमेंट दिखाना होगा।
  • NBEMS ने साफ कहा है कि उंगलियों पर मेहंदी या कोई रंग न लगाएं। इससे बायोमेट्रिक पहचान में दिक्कत हो सकती है।
  • बायो ब्रेक (शौचालय इस्तेमाल) के नियम: रजिस्ट्रेशन के बाद और एग्जाम शुरू होने से पहले तक बायो ब्रेक की इजाजत नहीं दी जाएगी।

NEET PG 2025 एग्जाम सेंटर पर क्या-क्या चीजें लेकर नहीं जा सकते?

  • पानी की बोतल और खाने-पीने की चीजें सेंटर में नहीं ले जा सकते।
  • केवल डायबिटीज या गर्भवती महिलाएं ही कुछ खास खाने की चीजें पारदर्शी पाउच में रख सकती हैं, वो भी वेरिफिकेशन के बाद।
  • पेन-पेंसिल ले जाने की जरूरत नहीं है।
  • रफ पेपर नहीं मिलेगा और स्क्रीन पर ही डिजिटल कैलकुलेटर उपलब्ध होगा।

NEET PG 2025 एग्जाम के दौरान अनुचित साधनों से बचें

अगर कोई उम्मीदवार परीक्षा में नकल या अन्य अनुचित साधनों का इस्तेमाल करता है या प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर आता है, तो NBEMS सख्त कार्रवाई करेगा। परीक्षा की निगरानी हाई लेवल पर की जाएगी।

ये भी पढ़ें- NEET PG 2025: अब 3 अगस्त को होगी परीक्षा, सुप्रीम कोर्ट से मिली मंजूरी, जानें क्या है नई अपडेट

NEET PG 2025 एग्जाम पैटर्न

NEET PG 2025 एडमिट कार्ड 31 जुलाई 2025 को जारी किया जा चुका है। परीक्षा में 200 मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन होंगे। हर सवाल के चार ऑप्शन दिए जाएंगे, जिनमें से एक सबसे सही जवाब चुनना होगा। पूरा पेपर पांच सेक्शन (Group A से E) में बंटा होगा, हर सेक्शन में 40 सवाल होंगे। सवाल MBBS के सिलेबस से होंगे। परीक्षा से जुड़े किसी भी लेटेस्ट अपडेट के लिए उम्मीदवारों को NBEMS की ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिट करते रहना चाहिए।

ये भी पढ़ें- विदेश से MBBS करने के बाद भारत में डॉक्टर कैसे बनें? जानिए पूरी प्रक्रिया