सान्या बत्रा ने ₹50 लाख की नौकरी छोड़कर कंटेंट क्रिएशन को चुना। शुरुआती डर और अनिश्चितता के बावजूद, उन्होंने खुद पर भरोसे के साथ यह सफर शुरू किया। कड़ी मेहनत के बाद अब वह एक सफल और खुश कंटेंट क्रिएटर हैं।
आजकल कई लोग अपनी अच्छी-खासी नौकरी छोड़कर फुल-टाइम कंटेंट क्रिएटर बन रहे हैं। लेकिन यह रास्ता चुनौतियों से भरा है। ऐसा ही एक बड़ा कदम सान्या बत्रा ने उठाया। सान्या ने साल में 50 लाख रुपये कमाने वाली नौकरी छोड़कर कंटेंट क्रिएशन को अपना करियर बनाया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी इस पूरी जर्नी के बारे में खुलकर बात की है।
सान्या ने अपनी पोस्ट में बताया कि नौकरी छोड़ने का फैसला लेते वक्त उनका मानसिक हाल कैसा था। उन्होंने लिखा, 'जिस दिन मैंने नौकरी छोड़ी, मैं सच में बहुत डरी हुई थी। सबको लगा कि मैं बहुत बड़ी गलती कर रही हूं। एक सुरक्षित नौकरी क्यों छोड़नी है? क्या कंटेंट क्रिएशन एक पक्का करियर है? अगर फेल हो गई तो क्या करोगी? जो सवाल मेरे आस-पास के लोग पूछ रहे थे, वही सवाल मेरे मन में भी थे।'
सान्या कहती हैं कि एक परफेक्ट दिखने वाली नौकरी छोड़ने का मतलब था अपनी आर्थिक सुरक्षा को भी दांव पर लगाना। सान्या बताती हैं कि उन्होंने अपना नया सफर बिना किसी गारंटी के शुरू किया। 'न तो कोई फिक्स इनकम थी और न ही कोई पक्का प्लान। मेरे पास बस एक फोन, कुछ सपने और खुद पर भरोसा था।'
सान्या मानती हैं कि शुरुआत बिल्कुल आसान नहीं थी। महीनों तक कोई ग्रोथ नहीं हुई, उन्हें नाकामी भी मिली। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार कोशिश करती रहीं, इसी वजह से वह अपने लक्ष्य तक पहुंचीं। 'आज मैं गर्व से कहती हूं कि मैं एक कंटेंट क्रिएटर के तौर पर सफल हुई। इसलिए नहीं कि सब कुछ परफेक्ट है, बल्कि इसलिए क्योंकि मैं जो जिंदगी बना रही हूं, उसमें मैं खुश हूं।' सान्या ने आखिर में कहा, ‘कभी-कभी आपके सबसे डरावने फैसले ही आपको सही मंजिल तक पहुंचाते हैं।’
