HBSE Datesheet 2026 Released: हरियाणा बोर्ड बीएसईएच कक्षा 10वीं, 12वीं परीक्षा का टाइमटेबल जारी कर दिया गया है। हरियाणा बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं फरवरी से शुरू होंगी। यहां देखें पूरा एग्जाम शेड्यूल, डेटशीट डाउनलोड करने का तरीका और लिंक।
BSEH Class 10 12 Exam Schedule 2026: हरियाणा बोर्ड के छात्रों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा (BSEH) ने साल 2026 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। जो छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले हैं, वे अब आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाकर डेटशीट देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
कब से कब तक होंगी हरियाणा बोर्ड परीक्षाएं?
जारी शेड्यूल के मुताबिक, हरियाणा बोर्ड की 10वीं यानी सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षाएं 26 फरवरी 2026 से शुरू होंगी और 20 मार्च 2026 तक चलेंगी। वहीं, 12वीं यानी सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाएं 25 फरवरी 2026 से शुरू होकर 1 अप्रैल 2026 को खत्म होंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक रहेगा।
हरियाणा बोर्ड परीक्षा 2026: किन विषयों से होगी शुरुआत और किस पर खत्म?
10वीं की परीक्षा की शुरुआत गणित के पेपर से होगी, जबकि आखिरी दिन आईटी, रिटेल और इससे जुड़े अन्य विषयों की परीक्षा ली जाएगी। वहीं 12वीं की परीक्षा अंग्रेजी के पेपर से शुरू होगी और अंत में रिटेल, ऑटोमोटिव समेत अन्य विषयों के पेपर होंगे।
दिव्यांग छात्रों को मिलेगी खास सुविधा
हरियाणा बोर्ड ने दिव्यांग छात्रों के लिए भी जरूरी व्यवस्था की है। शारीरिक दिव्यांगता, दृष्टि या श्रवण बाधित, हाथ-पैर से संबंधित स्थायी दिव्यांगता और डिस्लेक्सिया, डिसग्राफिया, डिस्कैलकुलिया जैसी समस्याओं से जूझ रहे छात्रों को लेखक (अमानुएंसिस) की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें हर एक घंटे के पेपर पर 20 मिनट का अतिरिक्त समय भी मिलेगा।
हरियाणा बोर्ड एग्जाम में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड जरूरी
परीक्षा में बैठने के लिए छात्रों को वैध एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। एडमिट कार्ड पर स्कैन की हुई और सही तरीके से सत्यापित फोटो होना जरूरी है, तभी परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
HBSE Datesheet 2026 कैसे डाउनलोड करें?
डेटशीट डाउनलोड करने के लिए छात्र नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं-
- सबसे पहले हरियाणा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाएं।
- होम पेज पर HBSE Datesheet 2026 से जुड़ा लिंक दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें।
- नई स्क्रीन पर 10वीं और 12वीं की परीक्षा तिथियां खुल जाएंगी।
- डेटशीट को डाउनलोड करें और आगे की जरूरत के लिए इसका प्रिंटआउट निकाल लें।
- परीक्षा से जुड़ी ज्यादा जानकारी और किसी भी अपडेट के लिए छात्र हरियाणा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।


