Neet UG 2026 Seat Upgrade: NEET UG 2026 काउंसलिंग में MCC ने बड़े बदलाव किए हैं। अब अपग्रेड के लिए कॉलेज रिपोर्टिंग जरूरी नहीं होगी। जानें और क्या-क्या बदला, मेडिकल एडमिशन के नए नियम और सभी अहम अपडेट।
NEET UG 2026 Counselling Major Changes: अगर आप NEET UG 2026 Counselling का इंतजार कर रहे हैं तो यह अपडेट आपके लिए बेहद अहम है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने इस साल से काउंसलिंग प्रक्रिया में कई बड़े बदलाव लागू किए हैं। इनका मकसद मेडिकल एडमिशन को पहले से ज्यादा आसान, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाना है। नए नियमों के तहत अब कई ऐसे काम, जिनके लिए पहले मेडिकल कॉलेज तक जाना पड़ता था, वे घर बैठे ऑनलाइन पूरे किए जा सकेंगे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इन बदलावों की जानकारी सभी राज्यों की काउंसलिंग एजेंसियों को भेज दी है। वहीं, कर्नाटक एग्जामिनेशन अथॉरिटी (KEA) ने भी उम्मीदवारों को जल्द शुरू होने वाली MCC काउंसलिंग के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। MCC की ओर से इस साल NEET UG 2026 Counselling में किए गए चेंजेज के बारे में पूरी डिटेल जानने के लिए आगे पढ़ें।
अपग्रेड का विकल्प चुनने पर कॉलेज रिपोर्टिंग की जरूरत नहीं
नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के नए नियम के अनुसार, अगर किसी उम्मीदवार को सीट अलॉट हो जाती है और वह अगले राउंड में "Upgrade" या "Willing to Upgrade" का विकल्प चुनता है, तो उसे सिर्फ एडमिशन की औपचारिकता पूरी करने के लिए कॉलेज जाकर रिपोर्ट करने की जरूरत नहीं होगी। इस दौरान उसकी मौजूदा सीट MCC के काउंसलिंग सिस्टम में सुरक्षित रहेगी और वह अगले राउंड में बेहतर सीट मिलने का इंतजार कर सकेगा। इससे छात्रों को बार-बार यात्रा करने और अनावश्यक डॉक्यूमेंट प्रोसेस से राहत मिलेगी।
अब सीट छोड़ने की प्रक्रिया भी होगी ऑनलाइन
- MCC ने सीट छोड़ने (Resignation) की प्रक्रिया को भी ऑनलाइन कर दिया है। जिन उम्मीदवारों को नियमों के तहत सीट से इस्तीफा देने की अनुमति होगी, वे तय समय सीमा के भीतर सीधे MCC पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
- अब सिर्फ सीट छोड़ने के लिए मेडिकल कॉलेज जाकर दस्तावेज जमा कराने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि यह सुविधा केवल MCC द्वारा तय नियमों और निर्धारित समय के अनुसार ही मिलेगी।
ये भी पढ़ें- Who Is V Kamakoti: कौन हैं पद्मश्री वी. कामाकोटी? जिन्हें प्रियंका गांधी ने कहा गोमूत्र एक्सपर्ट
NRI कोटा के उम्मीदवारों को भी मिली बड़ी सुविधा
- डीम्ड यूनिवर्सिटी में NRI Quota के तहत एडमिशन लेने वाले उम्मीदवार अब अपने जरूरी डॉक्यूमेंट सीधे MCC पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे।
- पहले इस प्रक्रिया में अलग-अलग स्तर पर डॉक्यूमेंट जमा कराने की जरूरत पड़ती थी, लेकिन अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से सत्यापन आसान और तेज हो जाएगा।
राज्यों और मेडिकल कॉलेजों को दी जा रही ट्रेनिंग
- नई व्यवस्था को बिना किसी परेशानी के लागू करने के लिए MCC ने राज्यों और मेडिकल संस्थानों के अधिकारियों के लिए विशेष ट्रेनिंग शुरू की है।
- मई और जून 2026 में राज्य चिकित्सा शिक्षा विभागों के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद 27 जुलाई 2026 को मेडिकल कॉलेजों के लिए भी अलग से ओरिएंटेशन आयोजित किया गया। आने वाले दिनों में सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों के लिए भी अतिरिक्त ट्रेनिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- कौन हैं हर्ष दुबे? NEET और आरक्षण पर बेबाक राय के बाद सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हुआ यह छात्र
मेडिकल कॉलेजों में सीट और फीस की जानकारी पहले से होगी उपलब्ध
- MCC ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि मेडिकल कॉलेजों की सीटों और फीस से जुड़ी जानकारी समय पर सार्वजनिक करें, ताकि उम्मीदवार सही जानकारी के आधार पर अपनी पसंद भर सकें।
- गौरतलब है कि MCC, 15% ऑल इंडिया कोटा (AIQ) और केंद्रीय व देयम्ड विश्वविद्यालयों की 100% सीटों की काउंसलिंग कराता है, जबकि बाकी सीटों का संचालन संबंधित राज्य करते हैं।
NEET UG 2026 Counselling: क्या-क्या बदला एक नजर में?
- Upgrade चुनने पर कॉलेज जाकर रिपोर्टिंग की जरूरत नहीं।
- सीट छोड़ने (Resignation) की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन।
- NRI Quota के दस्तावेज MCC पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे।
- राज्यों और मेडिकल कॉलेजों के लिए विशेष ट्रेनिंग शुरू।
- सीट और फीस की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने पर जोर।
NEET UG 2026 काउंसलिंग में हिस्सा लेने वाले छात्रों के लिए जरूरी सलाह
NEET UG 2026 काउंसलिंग में हिस्सा लेने वाले उम्मीदवारों को चाहिए कि वे MCC की ऑफिशियल नोटिफिकेशन पर लगातार नजर रखें। रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग और डॉक्यूमेंट्स की तैयारी समय रहते पूरी कर लें, ताकि काउंसलिंग के किसी भी चरण में परेशानी का सामना न करना पड़े। नए बदलावों का सबसे बड़ा फायदा यही होगा कि पूरी प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान, तेज और पारदर्शी बन सकेगी।
