हैदराबाद रेप केस के चारों आरोपियों के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद साइबराबाद पुलिस कमिश्नर सज्जनार की पूरे देश में काफी प्रशंसा हो रही है।

करियर डेस्क। हैदराबाद रेप केस के चारों आरोपियों के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद साइबराबाद पुलिस कमिश्नर सज्जनार की पूरे देश में काफी प्रशंसा हो रही है। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं। बता दें कि एनकाउंटर उसी फ्लाइओवर के नीचे हुआ, जहां डॉक्टर का गैंगरेप किया गया था। पुलिस चारों आरोपियों को वहां क्राइम सीन रिक्रिएट करने के लिए ले गई थी। वहां से चारों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने एनकाउंटर कर उन्हें मार गिराया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह एनकाउंटर शुक्रवार सुबह पुलिस के साथ हैदराबाद के NH-44 में हुआ। बता दें कि इस वक्त हैदराबाद पुलिस की कमान ऐसे व्यक्ति के हाथ में है जो एनकाउंटर स्पेशलिस्ट माने जाते हैं। ये हैं साइबराबाद पुलिस के कमिश्नर वी. सी. सज्जनार। सज्जनार 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (स्पेशल इंटेलिजेंस ब्रांच) के रूप में भी काम कर चुके हैं। इन्हें एनकाउंटर मैन के नाम से भी जाना जाता है। 

इसके पहले जब तेलंगाना के वारंगल में कॉलेज की एक लड़की पर तेजाब फेंका गया था, तब भी कुछ के समय बाद ही इसके 3 आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराया गया था। यह घटना साल 2008 की है। इसके पीछे भी सज्जनार की मुख्य भूमिका थी। हिरासत में रहने के दौरान तीनों आरोपियों ने पुलिस वालों पर हमला कर दिया था, लेकिन बाद में पुलिस के साथ एनकाउंटर में आरोपियों को मार गिराया गया। वी. सी. सज्जनार का नाम उस वक्त भी इस एनकाउंटर के लिए चर्चा में आया था। 

आज जब पूरे देश में डॉक्टर के साथ गैंग रेप और हत्या के कारण आक्रोश की स्थिति पैदा हो चुकी थी, साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर वी. सी. सज्जनार के नेतृत्व में आरोपियों का एनकाउंटर कर उन्हें मार गिराए जाने से लोगों में काफी खुशी है। दिल्ली निर्भया गैंग रेप से लोगों में गुस्से की जो भावना थी, इस घटना से वह फिर से भड़क गई थी। बता दें कि इस एनकाउंटर के बाद निर्भया की मां ने भी खुशी जताई है।