Who is Priscilla Chan: प्रिसिला चान कौन हैं? जानिए मार्क जुकरबर्ग की पत्नी की शिक्षा, करियर, परिवार और 125 मिलियन डॉलर वाले The Primary School से लेकर उनकी उपलब्धियों तक।

Mark Zuckerberg wife Priscilla Chan: Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग की पत्नी डॉ. प्रिसिला चान एक बार फिर चर्चा में हैं। वजह है कैलिफोर्निया के ईस्ट पालो ऑल्टो में शुरू किया गया The Primary School, जिसने करीब 10 साल तक हजारों बच्चों को मुफ्त शिक्षा, हेल्थकेयर और परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई। साल 2016 में शुरू हुई यह अनोखी पहल अब बंद हो चुकी है। स्कूल के बोर्ड ने 2025 में फैसला लिया कि जब Chan Zuckerberg Initiative (CZI) आगे फंडिंग जारी नहीं रखेगी, तो स्कूल का संचालन भी समाप्त कर दिया जाएगा। इस फैसले ने एक बार फिर लोगों का ध्यान प्रिसिला चान की शिक्षा और समाजसेवा की यात्रा की ओर खींचा है। इस बीच जानिए प्रिसिला चान कौन हैं? उनका एजुकेशन, करियर, नेटवर्थ समेत लाइफ की रोचक बातें।

प्रिसिला चान कौन हैं?

प्रिसिला चान पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिशियन) हैं। उनका जन्म मैसाचुसेट्स में वियतनाम से आए चीनी मूल के शरणार्थी परिवार में हुआ। परिवार की बड़ी बेटी होने के नाते उन्होंने शुरुआती दिनों में संघर्ष भी देखा। स्कूल में पढ़ाई के दौरान वे हमेशा अव्वल रहीं और हाई स्कूल की वैलिडिक्टोरियन भी बनीं। इसके बाद उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से बायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया, जहां उनकी मुलाकात मार्क जुकरबर्ग से हुई। आगे चलकर उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सैन फ्रांसिस्को (UCSF) से डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD) की डिग्री हासिल की और पीडियाट्रिक्स में ट्रेनिंग पूरी की।

डॉक्टर से समाजसेवा की राह तक

मेडिकल प्रैक्टिस के दौरान प्रिसिला चान ने महसूस किया कि गरीब परिवारों के बच्चों की समस्याएं सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं होतीं। स्वास्थ्य, मानसिक देखभाल और पारिवारिक परिस्थितियां भी उनकी शिक्षा पर सीधा असर डालती हैं। इसी सोच से उन्होंने The Primary School की शुरुआत की, जहां बच्चों को मुफ्त पढ़ाई के साथ डेंटल चेकअप, हेल्थ स्क्रीनिंग, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और अभिभावकों के लिए कोचिंग जैसी सुविधाएं भी दी जाती थीं।

हालांकि इस मॉडल को काफी सराहना मिली, लेकिन एकेडमिक परफॉर्मेंस राज्य के औसत स्तर तक नहीं पहुंच पाया। स्कूल प्रशासन ने भी माना कि शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार से जुड़ी सेवाओं को एक साथ प्रभावी ढंग से चलाना चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।

प्रिसिला चान की फैमिली में कौन-कौन?

प्रिसिला चान और मार्क जुकरबर्ग ने 2012 में शादी की थी। दोनों की तीन बेटियां हैं- मैक्सिमा (मैक्स), ऑगस्ट और ऑरेलिया। प्रिसिला अपने पति के साथ Chan Zuckerberg Initiative की को-सीईओ हैं, जिसके जरिए साइंस, एजुकेशन और हेल्थ के क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश किया जाता है।

कितनी है प्रिसिला चान की संपत्ति

उनकी व्यक्तिगत संपत्ति के अलग-अलग अनुमान हैं, लेकिन परिवार की कुल संपत्ति को देखते हुए उनकी नेटवर्थ लगभग 30 से 50 अरब डॉलर के बीच आंकी जाती है।

स्कूल बंद होने के बाद भी जारी रहेगी मदद

स्कूल बंद होने के बावजूद CZI ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए 50 मिलियन डॉलर का ट्रांजिशन पैकेज घोषित किया है। इसके तहत छात्रों के लिए एजुकेशन सेविंग्स अकाउंट, स्थानीय संस्थाओं को सहयोग और दूसरे स्कूलों में दाखिले की व्यवस्था की जा रही है। इससे साफ है कि प्रिसिला चान का फोकस सिर्फ स्कूल चलाने तक सीमित नहीं था, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को लंबे समय तक सहारा देने पर भी रहा।