10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं जल्दी होने वाली हैं। स्टूडेंट्स इसकी तैयारियों में लगे हैं। लेकिन इस दौरान उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ अपने खान-पान का खास ख्याल रखना चाहिए।

करियर डेस्क। 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं जल्दी होने वाली हैं। स्टूडेंट्स इसकी तैयारियों में लगे हैं। देखने को मिलता है कि परीक्षा की तैयारी के दौरान स्टूडेंट्स पढ़ाई और रिविजन में कुछ इस कदर बिजी हो जाते हैं कि खाने-पीने का भी ध्यान नहीं रखते। इससे काफी नुकसान हो सकता है। संतुलित भोजन नहीं करने पर कमजोरी हो सकती है। जब तक संतुलित आहार नहीं लेंगे, शारीरिक और मानसिक रूप से फिट नहीं रह सकते। इसलिए जब स्टूडेंट्स को परीक्षा की तैयारी के लिए पढ़ाई का प्लान बनाएं तो साथ ही उन्हें डाइट प्लान भी बना लेना चाहिए। यह बेहद जरूरी है। जानें परीक्षा की तैयारी के दौरान कैसे खान-पान का ख्याल रखें।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

1. नाश्ता जरूर करें 
सुबह के समय पौष्टिक नाश्ता करें, जिससे दिनभर एनर्जी मिल सके। आम तौर पर स्टूडेंट नाश्ता करना भूल जाते हैं या फिर हल्का-फुल्का नाश्ता करते हैं। इससे उनकी जरूरत पूरी नहीं हो पाती। इसका बुरा असर उनके स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसलिए नाश्ता भरपूर करें और साथ में दूध भी पिएं।

2.थोड़े-थोड़े अंतराल पर कुछ खाएं
बहुत लोगों की आदत होती है कि वे एक बार खाने के बाद काफी देर तक कुछ नहीं खाते। लेकिन थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद कुछ खाते रहने से अच्छा रहता है। एक बार ज्यादा नहीं खाना चाहिए। इससे सुस्ती आती है। समय-समय पर हल्का-फुल्का फूड लेने से एनर्जी बनी रहती है।

3. प्रोटीनयुक्त चीजें खाएं
दिमाग को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रोटीनयुक्त चीजों को अपनी डाइट में शामिल करें। अंकुरित अनाज, दूध, दही, पनीर, अंडे, मांस, मछली और दालें जरूर खाएं। प्रोटीन वाले भोजन से दिन भर के लिए काफी एनर्जी मिलेगी। इससे पढ़ने में मन लगेगा। 

4. बाहर के खाने से बचें
बाहर का खाना मत खाएं। घर का बना खाना ही खाएं। बाहर के खाने की क्वालिटी सही नहीं होती। साथ ही, बाहर का खाना साफ-सुथरे माहौल में बना है या नहीं, इसके बारे में भी निश्चित तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। घर का बना सादा खाना ज्यादा पौष्टिक होता है।

5. जंक फूड से दूर रहें
परीक्षा की तैयारी के दौरान जंक फूड से दूर रहें। इस तरह का फूड सेहत के लिए ठीक नहीं रहता है। इससे कई तरह की समस्या हो सकती है। दूसरे, इसमें जरा भी पौष्टिकता नहीं होती। जंक फूड में केवल चटपटा स्वाद होता है, जो दिमाग को भी भटकाता है।

6. पानी खूब पिएं
कभी भी पानी पर्याप्त मात्रा में पीना चाहिए। पानी पीने से भोजन ठीक तरह से पचता है और बॉडी भी हाइड्रेट रहती है। अगर बाहर भी जाते हों तो पानी की बोतल साथ रखें। पानी शरीर से टॉक्सिस तत्वों को बाहर निकालता है। कम पानी पीने से चिड़चिड़ेपन की समस्या भी हो सकती है। ऐसा होने से मानसिकता अस्त-व्यस्त हो जाती है। इसके अलावा फलों का जूस भी जरूर पिएं।