एक इंजीनियर द्वारा रेफर किया गया कैंडिडेट '3 सम' कोडिंग प्रॉब्लम में फेल हो गया। नतीजतन, कंपनी ने रेफर करने वाली इंजीनियर की योग्यता परखने के लिए उसका दोबारा इंटरव्यू लेने का फैसला किया। यह पोस्ट इंटरनेट पर वायरल हो गई।
एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पोस्ट ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। महिला ने दावा किया कि उसकी कंपनी की HR टीम उसका दोबारा इंटरव्यू लेना चाहती है, क्योंकि जिस कैंडिडेट को उसने रेफर किया था, वह हायरिंग प्रोसेस के दौरान एक बेसिक कोडिंग प्रॉब्लम सॉल्व नहीं कर पाया। X यूजर अदिति ने एक ईमेल का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जो कथित तौर पर हायरिंग टीम की तरफ से आया था। स्क्रीनशॉट के मुताबिक, कैंडिडेट एक '3 सम' कोडिंग प्रॉब्लम को सॉल्व नहीं कर सका, जो अक्सर टेक्निकल इंटरव्यू में पूछा जाने वाला एक जाना-माना प्रोग्रामिंग चैलेंज है।

ईमेल में लिखा था, “जिस कैंडिडेट को आपने रेफर किया था, वह एक बेसिक '3 सम' प्रॉब्लम भी सॉल्व नहीं कर पाया। इससे आपके जजमेंट और कैंडिडेट को परखने की काबिलियत पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हम अब इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि आपने किस आधार पर इस व्यक्ति को रिकमेंड किया।” ईमेल में आगे कहा गया, “इसलिए, हमने फैसला किया है कि आपका भी एक नया टेक्निकल इंटरव्यू लिया जाएगा। हम एक बार फिर से आपकी काबिलियत को वेरिफाई करना चाहते हैं।”
स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए अदिति ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “दोस्त को जॉब के लिए रेफर किया था। अब HR मेरा ही दोबारा इंटरव्यू लेना चाहता है।”
इस पोस्ट के बाद तो जैसे प्रोग्रामिंग जोक्स, मीम्स और ऑफिस के किस्सों की बाढ़ आ गई। एट-होम सैलून, स्पा और वेलनेस सर्विस प्लेटफॉर्म Yes Madam ने भी इस मीम फेस्ट में हिस्सा लिया और लिखा, “नेकी करने जाता हूं, मीम बन जाता हूं।”
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “इसी वजह से लोग अजनबियों के रेफरल मांगने पर जवाब नहीं देते। रेफरल का मतलब सिर्फ रिज्यूमे फॉरवर्ड करना नहीं होता। आप अपनी खुद की साख दांव पर लगा रहे होते हैं।”
(यह कहानी ऑनलाइन उपलब्ध जानकारी के आधार पर प्रकाशित की गई है। एशियानेट न्यूज हिंदी स्वतंत्र रूप से कहानी में किए गए दावों की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है)
