Who is Aryan Gupta NEET UG 2026 Topper: NEET UG 2026 में AIR 1 हासिल करने वाले आर्यन गुप्ता कौन हैं? जानिए 715 अंक लाने वाले टॉपर की सफलता की कहानी, आगे का लक्ष्य और फैमिली।
NEET UG 2026 Topper Aryan Gupta Success Story: NEET UG 2026 का रिजल्ट आते ही सबसे ज्यादा चर्चा जिस नाम की हो रही है, वह है पंजाब के लुधियाना के रहने वाले आर्यन गुप्ता। उन्होंने 720 में से 715 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 प्राप्त की। लेकिन आर्यन की सफलता सिर्फ अच्छे अंकों की कहानी नहीं है। यह लगातार मेहनत, शिक्षकों पर भरोसा और परिवार के मजबूत सहयोग का ऐसा उदाहरण है, जिससे हर मेडिकल अभ्यर्थी बहुत कुछ सीख सकता है। जानिए NEET UG 2026 Topper आर्यन गुप्ता कौन हैं, उनकी नीट यूजी प्रिपरेशन स्ट्रेटजी और फैमिली बैकग्राउंड समेत पूरी डिटेल।
दो साल की मेहनत ने दिलाया देश में पहला स्थान
आर्यन गुप्ता ने बताया कि पिछले दो वर्षों में उन्होंने पूरी तरह NEET की तैयारी पर फोकस रखा। नियमित पढ़ाई, रोज दिए जाने वाले असाइनमेंट और टेस्ट को गंभीरता से पूरा करना उनकी तैयारी का सबसे बड़ा हिस्सा रहा। उनका कहना है कि इस सफर में तनाव भी था, लेकिन उन्होंने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटने दिया। रिजल्ट आने के बाद उन्हें अपनी मेहनत का फल मिलने की सबसे बड़ी खुशी महसूस हुई।
ये भी पढ़ें- NEET UG 2026 Result: टॉप 10 रैंकर्स, कैटेगरी-वाइज क्वालिफ़ाई कैंडिडेट
'टीचर्स पर भरोसा करें', यही है आर्यन का सक्सेस फॉर्मूला
आर्यन के अनुसार, NEET जैसी परीक्षा की तैयारी में सबसे जरूरी बात है कि छात्र अपने शिक्षकों की बात पर भरोसा करें। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई आदित्य ने शुरुआत से यही सलाह दी थी कि शिक्षक जो पढ़ाएं, जो होमवर्क और DPP दें, उसे बिना किसी शॉर्टकट के पूरा करें। आर्यन मानते हैं कि इसी अनुशासन ने उन्हें देश का टॉपर बनाया।
Aryan Gupta Family: परिवार बना सबसे बड़ी ताकत
आर्यन अपनी सफलता का बड़ा श्रेय अपने माता-पिता और बड़े भाई को देते हैं। उनके पिता डॉ सचिन गुप्ता, जो पेशे से एनेस्थेटिस्ट हैं, रोज अस्पताल से लौटने के बाद देर रात तक उनके साथ बैठते थे ताकि पढ़ाई के दौरान उनका मनोबल बना रहे। उनकी मां डॉ रीनू गुप्ता, जो गायनेकोलॉजिस्ट हैं, और बड़े भाई आदित्य ने भी हर कदम पर उनका उत्साह बढ़ाया। खास बात यह है कि आदित्य ने पिछले साल NEET में AIR 54 हासिल की थी और फिलहाल दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- NEET UG Result 2026: 720 में से 715 अंक लाकर इन 2 छात्रों ने रचा इतिहास
अब AIIMS Delhi और ऑन्कोलॉजी है अगला लक्ष्य
देशभर में पहला स्थान हासिल करने के बाद आर्यन का अगला सपना AIIMS दिल्ली में MBBS की पढ़ाई करना है। आगे चलकर वह ऑन्कोलॉजिस्ट (कैंसर विशेषज्ञ) बनना चाहते हैं। उनका मानना है कि चिकित्सा के क्षेत्र में विशेषज्ञ बनकर लोगों की बेहतर सेवा करना ही उनका असली लक्ष्य है।
NEET अभ्यर्थियों के लिए आर्यन की खास सलाह
आर्यन का संदेश साफ है, तैयारी के दौरान ईमानदारी सबसे जरूरी है। उनका कहना है कि अगर छात्र पूरी लगन से मेहनत करेंगे, शिक्षकों की रणनीति पर भरोसा रखेंगे और नियमित अभ्यास करेंगे, तो सफलता जरूर मिलेगी। उनके मुताबिक, तैयारी में अनावश्यक प्रयोग करने के बजाय एक तय योजना पर लगातार काम करना बेहतर परिणाम देता है।
