South Korea में एक महिला को नौकरी न मिलने की वजह क्या बताई गई?Sierra ने अपनी दोस्त के जॉब इंटरव्यू से जुड़ा कौन-सा अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया? सोशल मीडिया पर लोगों ने बॉडी शेमिंग और वजन को लेकर होने वाले भेदभाव के बारे में क्या प्रतिक्रियाएं दीं?
बॉडी शेमिंग यानी किसी के शरीर के आकार-रंग को लेकर मज़ाक उड़ाना या उसे शर्मिंदा करना, आज भी हमारे समाज में मौजूद है। लेकिन सोचिए, अगर किसी को उसके शरीर की बनावट की वजह से नौकरी ही न मिले तो? कुछ ऐसा ही हुआ साउथ कोरिया में, जहां एक महिला को उसके वज़न के कारण नौकरी देने से मना कर दिया गया।

यह चौंकाने वाली घटना एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सामने आई। पोस्ट में बताया गया कि इंटरव्यू के दौरान महिला से पूछा गया, "अगर आप अपना मोटापा भी कंट्रोल नहीं कर सकतीं, तो यह नौकरी कैसे संभालेंगी?" इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है। कई लोगों ने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि इस तरह का भेदभाव आम है।
X (पहले ट्विटर) पर सिएरा (@Sierra_rak) नाम की यूजर ने अपनी दोस्त का अनुभव शेयर करते हुए लिखा, "ओह, कोरिया बहुत निर्दयी है। मेरी दोस्त कोरिया में जॉब इंटरव्यू में फेल हो गई और उसका कहना है कि ऐसा उसके ज़्यादा वज़न के कारण हुआ... इंटरव्यू लेने वाले ने कहा, 'अगर तुम अपना फैट भी मैनेज नहीं कर सकतीं, तो जॉब कैसे मैनेज करोगी?' ये क्या बात हुई!"
इस पोस्ट पर ढेरों लोगों ने अपने रिएक्शन दिए। एक यूजर ने कमेंट किया, "यूके में मुझे किसी ने कभी 'चबी' (गोल-मटोल) नहीं कहा, यहाँ तक कि मेरे अंग्रेज़ पति ने भी नहीं। लेकिन साउथ कोरिया आते ही मैं यहाँ के लोगों की नज़रों में, यहाँ तक कि अपने परिवार की नज़रों में भी मोटी हो गई। वे मेरे मुँह पर कहते थे कि मेरा वज़न ज़्यादा है और मुझे इसे कम करना चाहिए।"
एक अन्य यूजर ने इसे 'टिपिकल एशियन कल्चर' बताया। उन्होंने लिखा, "जब मैं टीनएजर थी तो मेरा वज़न ज़्यादा था। मेरे माता-पिता समेत परिवार के सभी लोग दूसरों के सामने मुझे 'मोटी' कहकर बुलाते थे।"
सिएरा का यह पोस्ट और उस पर आए कमेंट्स दिखाते हैं कि बॉडी शेमिंग आज भी दुनिया में कितनी गहरी जड़ें जमाए हुए है और लोगों को मानसिक रूप से कितना परेशान करती है।
