यह तस्वीर बेहद शर्मनाक है। मामला छत्तीसगढ़ के जशपुर का है। यहां के एक सरकारी स्कूल की छात्राओं ने शराब पार्टी की। इसके बाद खुद ही फोटो खिंचवाकर वायरल कर दिया।

जशपुर, छग. यह फोटो शर्म से सिर झुकाने के लिए काफी है। ये एक सरकारी स्कूल की छात्राएं हैं। इनकी हरकत से पूरा प्रशासन हिल उठा। यह तस्वीर ही पूरी कहानी बयां कर देती है। छात्राओं ने शराब के गिलास के साथ फोटो खिंचवाए और फिर उसे वायरल कर दिया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ कि छात्राओं ने सिर्फ फोटो खिंचवाने ऐसा किया या वाकई उन्होंने शराब भी पी। बुधवार को यह फोटो कई वाट्सऐप ग्रुप में वायरल हुआ। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

फोटो में दिखाई दे रहा है कि कुछ स्कूली छात्राएं एक चट्टान पर बैठी हुई हैं। उनके हाथों में शराब के गिलास हैं। नीचे नमकीन और शराब की बोतल भी रखी है। फोटो वायरल होने के बाद जब मीडिया ने इसकी पड़ताल की, तो मामला दुलदुला ब्लॉक के करडेगा हाईस्कूल का निकला। हालांकि यह फोटो नवंबर महीने में खिंचवाया गया था, लेकिन इसे अब वायरल किया गया।

फोटो सामने आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिला शिक्षा अधिकारी एएन कुजूर ने मामले की जांच कराते हुए प्रिंसिपल को कड़ी फटकार लगाई। इसके साथ ही बच्चियों के परिजनों को बुलाकर समझाइश दी गई। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने प्रिंसिपल को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।