Raksha Bandhan Special Movie OTT: रक्षाबंधन पर भाई-बहन के प्यार और भरोसे वाली ये फिल्में जरूर देखें। 'रक्षा बंधन' से 'फिजा' और 'इकबाल' तक, इन फिल्मों में रिश्तों की खूबसूरती और इमोशन देखने को मिलेगा।
रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के उस खास रिश्ते को सेलिब्रेट करने का मौका है, जिसमें प्यार के साथ नोक-झोंक, भरोसा और एक-दूसरे के लिए खड़े रहने का जज्बा भी शामिल होता है। इस साल रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। अगर इस रक्षाबंधन घर पर अपनी बहन या भाई के साथ कोई फिल्म देखने का प्लान कर रहे हैं, तो हम आपकी यहां मदद कर सकते हैं। आपको 7 हिंदी और कुछ हॉलीवुड मूवी बताएंगे जिसे आप अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
रक्षा बंधन
अक्षय कुमार की 'रक्षा बंधन' इस मौके के लिए सबसे सटीक फिल्मों में से एक है। फिल्म में अक्षय का किरदार लाला केदारनाथ अपनी चार बहनों की शादी और उनकी जिंदगी को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी उठाता है। कहानी भाई-बहनों के प्यार के साथ दहेज और शादी से जुड़ी सामाजिक परेशानियों को भी दिखाती है।
- फिल्म को भारत में ZEE5 पर स्ट्रीम किया जा सकता है।
फिजा
अगर आप इमोशनल और गंभीर कहानी देखना चाहते हैं तो 'फिजा' अच्छी पसंद है। करिश्मा कपूर ने फिजा का किरदार निभाया है, जो दंगों के दौरान लापता हुए अपने भाई अमान यानी ऋतिक रोशन को तलाशती है। भाई को वापस घर लाने की उसकी कोशिश फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है। फिल्म की कहानी परिवार, भाई-बहन के प्यार और मुश्किल हालात के बीच रिश्तों की परीक्षा को दिखाती है।
- भारत में यह Amazon Prime Video पर मौजूद है।
इकबाल
श्रेयस तलपड़े की 'इकबाल' सिर्फ क्रिकेट के जुनून की कहानी नहीं है, इसमें भाई-बहन के बीच भरोसे और सपोर्ट को भी खूबसूरती से दिखाया गया है। बोल और सुन न पाने वाला इकबाल क्रिकेटर बनने का सपना देखता है और उसकी बहन उसके संघर्ष में उसका साथ देती है।
- फिल्म को Amazon Prime Video, Amazon Prime Video with Ads, ZEE5 और MX Player/Amazon MX Player पर देख सकते हैं।
हम साथ-साथ हैं
सूरज बड़जात्या की 'हम साथ-साथ हैं' में पूरा परिवार ही कहानी का फोकस है। फिल्म में भाइयों और बहनों के बीच का अपनापन, परिवार के लिए त्याग और रिश्तों में आई गलतफहमियों को दिखाया गया है। रक्षाबंधन के मौके पर यह फैमिली वॉच के लिए अच्छी पसंद हो सकती है।
- Amazon Prime Video, JioHotstar और ZEE5 समेत कई सेवाओं पर यह मौजूद है।
क्या कहना
प्रीति जिंटा, सैफ अली खान और चंद्रचूड़ सिंह स्टारर 'क्या कहना' की कहानी का मुख्य विषय प्रीति जिंटा का किरदार और उसकी जिंदगी है, लेकिन फिल्म में परिवार और भाई-बहन के सपोर्ट का पक्ष भी देखने को मिलता है।
- फिल्म JioHotstar के जरिए स्ट्रीम की जा सकती है और Airtel Xstream Play पर भी उपलब्ध है।
मेरे ब्रदर की दुल्हन
नाम से ही भाई-बहन वाला कनेक्शन नजर आता है, लेकिन 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' में भाई-बहन के रिश्ते के साथ दोस्ती, प्यार और परिवार की उलझनों को कॉमेडी के अंदाज में दिखाया गया है। फिल्म में इमरान खान अपने बड़े भाई की होने वाली दुल्हन से जुड़ी एक अजीब स्थिति में फंस जाते हैं।
- फिल्म फिलहाल भारत में Netflix पर स्ट्रीम हो रही है।
दिल धड़कने दो
रणवीर सिंह और प्रियंका चोपड़ा की 'दिल धड़कने दो' में भाई-बहन का रिश्ता कहानी का अहम हिस्सा है। कबीर और आयशा के किरदारों के जरिए फिल्म दिखाती है कि बड़े होने के बाद भी भाई-बहन एक-दूसरे के सबसे करीबी साथी हो सकते हैं।
- Apple TV Store पर किराये पर इसे देख सकते हैं।
और पढ़ें: सनी देओल की 'बंटवारा 1947' फ्लॉप होते ही 'बाप' पर आया बड़ा हिंट, OTT पर इस दिन होगा रिलीज
हॉलीवुड रक्षाबंधन स्पेशन मूवी लिस्ट
- फ्रोजन (Frozen)- बहनों एल्सा और अन्ना के प्यार और एक-दूसरे के लिए किए गए त्याग की कहानी। रक्षाबंधन पर फैमिली के साथ देखने के लिए शानदार विकल्प। JioHotstar पर है।
- फ्रोजन 2 (Frozen II)- एल्सा और अन्ना का रिश्ता इस सीक्वल की भी जान है। दोनों बहनें रहस्यमयी सफर पर निकलती हैं और एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़तीं।
- द पेरेंट ट्रैप (The Parent Trap)-अलग-अलग पली-बढ़ी जुड़वां बहनें हैली और एनी मिलती हैं और अपने परिवार को फिर से साथ लाने की कोशिश करती हैं। JioHotstar पर स्ट्रीमिंग।
- लिटिल वुमन (Little Women)- चार बहनों जो, मेग, बेथ और एमी की कहानी, जिसमें प्यार, तकरार और मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का साथ खूबसूरती से दिखाया गया है। Amazon Prime Video, SonyLIV और VI Movies & TV पर उपलब्ध।
- एन्कैंटो (Encanto)-मैड्रिगल परिवार की कहानी में बहनों मिराबेल और इसाबेला के रिश्ते को भी खास जगह मिली है। परिवार, प्यार और साथ की खूबसूरत एनिमेशन फिल्म। JioHotstar पर मौजूद है।
- द इनक्रेडिबल्स (The Incredibles)- सुपरहीरो परिवार की कहानी में भाई-बहन वायलेट और डैश की बॉन्डिंग देखने को मिलती है। परिवार के साथ देखने के लिए मजेदार विकल्प। रक्षाबंधन की हालिया OTT लिस्टों में इसे भाई-बहन वाली फिल्मों में शामिल किया गया है।
- द मिशेल्स वर्सेस द मशीन (The Mitchells vs. the Machines)- भाई आरोन और बहन केटी की प्यारी नोकझोंक और परिवार के लिए साथ खड़े होने की कहानी। रक्षाबंधन पर बच्चों के साथ देखने के लिए हल्की-फुल्की फिल्म।
और पढ़ें: 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' OTT पर मचाएगी धूम, जानें किस प्लेटफॉर्म पर कब होगी रिलीज ?
