'Race 4' में सैफ अली खान की जगह आमिर खान के शामिल होने की चर्चा तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आमिर को स्क्रिप्ट पसंद आई है और वह विजय कृष्ण आचार्य के निर्देशन में काम करना चाहते हैं।
बॉलीवुड की पॉपुलर एक्शन-थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'रेस' (Race) एक बार फिर चर्चा में है। 'रेस 4' को लेकर लंबे समय से स्टारकास्ट पर अटकलें लगाई जा रही हैं। अब फिल्म से आमिर खान का नाम जुड़ने की खबर ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान ने इस मूवी की स्क्रिप्ट सुनी है और उन्हें कहानी पसंद आई है। एक्टर ने इस प्रोजेक्ट में दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, अभी मेकर्स या आमिर खान की टीम की तरफ से उनकी एंट्री को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विजय कृष्ण आचार्य को डायरेक्टर बनाना चाहते हैं आमिर
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि आमिर खान चाहते हैं कि विजय कृष्ण आचार्य फिल्म का निर्देशन करें। आमिर और विजय कृष्ण आचार्य इससे पहले'धूम 3' और 'ठग्स ऑफ हिंदुस्तान' में साथ काम कर चुके हैं।
सैफ अली खान की होगी वापसी या नहीं?
'रेस' फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2008 में हुई थी और पहले दो पार्ट में सैफ अली खान लीड रोल में नजर आए थे। उनके साथ बिपाशा बसु, अक्षय खन्ना, कैटरीना कैफ और अनिल कपूर जैसे कलाकार थे। इसके बाद 'रेस' में भी सैफ ने मुख्य भूमिका निभाई। वहीं 'रेस 3' में सलमान खान ने फ्रेंचाइजी की कमान संभाली थी। अब चौथे पार्ट के लिए नए चेहरे की तलाश की खबरें सामने आ रही हैं और इसी कड़ी में आमिर खान का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और टाइगर श्राफ भी आ सकते हैं नजर
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि आमिर खान के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और टाइगर श्रॉफ को भी फिल्म में शामिल किया जा सकता है। दोनों अभिनेताओं ने कथित तौर पर फिल्म की कहानी सुनी है और उन्हें प्रोजेक्ट पसंद आया है। हालांकि, इन दोनों की कास्टिंग भी अभी आधिकारिक तौर पर कन्फर्म नहीं है।
और पढ़ें: Netflix पर छाई 6 एपिसोड की ये इंडियन सीरीज, 40 देशों में मचा रही धूम, क्या आपने देखी?
'रेस 4' में दिखेगा फ्रेंचाइजी का नया अंदाज?
रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स 'रेस 4' के जरिए फ्रेंचाइजी को एक नई दिशा देना चाहते हैं। फिल्म में थ्रिल, एक्शन, ट्विस्ट और बड़े कलाकारों वाली कहानी को नए अंदाज में पेश करने की योजना बताई जा रही है। फिलहाल प्रोजेक्ट शुरुआती दौर में है और कास्टिंग को लेकर बातचीत जारी है। इसलिए आमिर खान समेत बाकी कलाकारों की एंट्री पर आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा।
इसे भी पढ़ें: 'बंटवारा 1947' का BO पर खेल ख़त्म, 11वें दिन 40 लाख रुपए भी नहीं कमा पाई सनी देओल की फिल्म
