15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर अगर आप देशभक्ति से भरपूर फिल्में देखने का प्लान बना रहे हैं, तो अक्षय कुमार की ये 7 फिल्में जरूर सेव कर लें। जवानों की वीरता से लेकर देश के लिए किए गए मिशन तक, इन फिल्मों में देशभक्ति का जबरदस्त जज्बा देखने को मिलेगा।
15 अगस्त पर अगर आप भी घर बैठे देशभक्ति से भरपूर फिल्में देखना चाहते हैं और अक्षय कुमार आपके पसंदीदा एक्टर्स में शामिल हैं, तो उनकी फिल्मों का रुख कर सकते हैं। बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार ने अपने करियर में सेना, खुफिया मिशन, युद्ध और देश के प्रति समर्पण से जुड़ी कई शानदार फिल्में की हैं। इनमें से कई फिल्में सच्ची घटनाओं से प्रेरित हैं और देशभक्ति का जज्बा जगाती हैं।
और पढ़ें: क्या कियारा आडवाणी की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बनेगी ‘Toxic’? इतने करोड़ का आंकड़ा करना होगा पार
‘स्काई फोर्स’ – देश के वीर जवानों की कहानी
अक्षय कुमार की ‘स्काई फोर्स’ 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध और भारतीय वायुसेना की कार्रवाई से इंस्पायर्ड स्टोरी है। फिल्म में अक्षय एक एयरफोर्स ऑफिसर के किरदार में नजर आए हैं। फिल्म में देश के लिए जवानों के साहस, बलिदान और जज्बे को दिखाया गया है।
कहां देखें: ‘स्काई फोर्स’ भारत में Amazon Prime Video पर स्ट्रीम हो रही है।

‘केसरी’ - 21 सिखों की वीरता की कहानी
साल 2019 में आई ‘केसरी’ में अक्षय कुमार ने हवलदार ईशर सिंह का किरदार निभाया था। फिल्म सारागढ़ी की लड़ाई पर आधारित है, जिसमें 21 सिख सैनिकों ने हजारों अफगान सैनिकों के खिलाफ मोर्चा संभाला था। यह फिल्म वीरता, त्याग और मातृभूमि के लिए लड़ने की भावना को बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाती है।
कहां देखें: ‘केसरी’ Netflix और Amazon Prime Video पर है।
‘बेबी’ -आतंक के खिलाफ मिशन
अगर आपको देशभक्ति के साथ जबरदस्त थ्रिलर पसंद है, तो ‘बेबी’ जरूर देखें। नीरज पांडे की इस फिल्म में अक्षय कुमार ने इंटेलिजेंस ऑफिसर अजय सिंह राजपूत का किरदार निभाया है। कहानी एक गुप्त टीम के उस मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका मकसद देश को आतंकी साजिश से बचाना है।
कहां देखें: ‘बेबी’ भारत में JioHotstar पर मौजूद है।
‘एयरलिफ्ट’ – जब 1.7 लाख भारतीयों को बचाने का मिशन बना
‘एयरलिफ्ट’ अक्षय कुमार की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। फिल्म 1990 में इराक के कुवैत पर हमले के दौरान वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने की कहानी से प्रेरित है। यह सच्ची घटना पर आधारित मूवी है। अक्षय ने इसमें बिजनेसमैन रंजीत कत्याल का किरदार निभाया है, जो मुश्किल हालात में हजारों भारतीयों की मदद करने के लिए आगे आता है।
कहां देखें: ‘एयरलिफ्ट’ Amazon Prime Video पर स्ट्रीम हो रही है।

‘हॉलिडे: ए सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी’
अक्षय कुमार की ‘हॉलिडे’ में सेना के जवान की जिंदगी और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई दिखाई गई है। फिल्म में अक्षय ने कैप्टन विराट बख्शी का किरदार निभाया है। छुट्टी पर घर आया एक सैनिक मुंबई में होने वाली आतंकी साजिश का पता लगाता है और उसे रोकने के मिशन में जुट जाता है।
कहां देखें: ‘हॉलिडे’ Amazon Prime Video पर उपलब्ध है। यह Amazon MX Player पर विज्ञापनों के साथ भी देखी जा सकती है।
‘बेल बॉटम’ – देश बचाने के लिए खुफिया मिशन
‘बेल बॉटम’ में अक्षय कुमार एक RAW एजेंट की भूमिका में हैं। कहानी 1980 के दशक में हुए विमान अपहरणों की बैकग्राउंड में एक गुप्त मिशन पर आधारित है। फिल्म में अक्षय का किरदार देश को बचाने के लिए खतरनाक ऑपरेशन को अंजाम देता है। इसमें एक्शन के साथ देशभक्ति का जबरदस्त तड़का देखने को मिलता है।
कहां देखें: ‘बेल बॉटम’ Amazon Prime Video पर स्ट्रीम हो रही है और Amazon MX Player पर मिल जाएगी।

‘मिशन मंगल’ – देश की वैज्ञानिक ताकत की कहानी
साल 2019 में आई अक्षय कुमार की ‘मिशन मंगल’ भी देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के जज्बे से प्रेरित फिल्म है। यह फिल्म भारत के मार्स ऑर्बिटर मिशन यानी मंगलयान की सफलता से प्रेरित है। अक्षय कुमार ने इसमें वैज्ञानिक राकेश धवन का किरदार निभाया है। फिल्म में वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत, संघर्ष और भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि को शानदार तरीके से दिखाया गया है।
कहां देखें: ‘मिशन मंगल’ JioHotstar पर है।
इसे भी पढ़ें: ‘ईथा’ के लिए Shraddha Kapoor ने बढ़ाई फीस, ‘स्त्री 2’ से करीब 3 गुना ज्यादा किया चार्ज
