Amitabh Bachchan Shares Health Update: अमिताभ बच्चन ने दिवाली पर माफी, संतुष्टि और मन की चुभन को लेकर इमोशनल विचार लिखे। वहीं, तबीयत संबंधी चिंता के चलते KBC की शूटिंग रुकी होने की खबर है।

अमिताभ बच्चन ने दिवाली के मौके पर अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं, लेकिन साथ ही अपनी सेहत को लेकर भी जानकारी शेयर की। बिग बी ने बताया कि वह सभी के प्यार भरे मैसेजेस का जवाब देना चाहते हैं, मगर तबीयत इसकी इजाजत नहीं दे रही। इसी पोस्ट में उन्होंने माफी मांगने और उसे स्वीकार करने से मिलने वाली मानसिक शांति पर अपने विचार रखे। दूसरी ओर, खबर है कि स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण उनके लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग पिछले एक हफ्ते से रुकी हुई है।

अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा?

अमिताभ बच्चन ने अपने टम्बलर ब्लॉग पर लिखा कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें कई बार माफी मांगनी पड़ रही है। उनके मुताबिक, परिस्थितियां ऐसी हों तो माफी मांगने में देर नहीं करनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी विचार किया कि सामने वाला माफी स्वीकार करे या ठुकरा दे, दोनों स्थितियों में क्या फर्क पड़ता है। बिग बी ने लिखा,

ऐसी दशा हो गई है कि पिछले दिनों से, यह 'क्षमा प्रार्थी' का उच्चारण कई बार हो रहा है... तो अब क्या करें, परिस्थितियां कुछ ऐसी हो गई हैं कि माफी मांगने में देर नहीं लगती... क्षमा मांग लेनी चाहिए... मांगने से गलत तो नहीं कर रहे हैं... अगला या तो इनकार कर देगा, उसका तिरस्कार करेगा, या फिर क्षमा को समझ जाएगा। क्षमा समझ जाएगा तो मन प्रसन्नचित्त हो जाएगा, हमारा... न माना तो उसका मन उचाट रहेगा... तो प्रसन्नचित्त या आक्रोश... प्रश्न यह है... एक में शांति और संतुष्टि... दूसरे में एक चुभन... अब आप निर्णय लीजिए, क्या आपको संतुष्टि स्वीकार है या चुभन!!! बहुतों को 'चुभन' से प्रसन्नता मिलती है, कुछ को संतुष्टि... जीवन में विविधता, जीवन का रहस्य है... रहस्य भी मूर्धन्य, अनन्य, परिस्थितिजन्य होता है...॥

KBC की शूटिंग क्यों रुकी हुई है?

इस बीच आईएएनएस को सूत्रों ने बताया कि अमिताभ बच्चन की सेहत से जुड़ी चिंताओं के कारण 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग पिछले एक हफ्ते से रुकी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, शो की शूटिंग अगले सप्ताह दोबारा शुरू हो सकती है, लेकिन यह बिग बी की तबीयत पर निर्भर करेगा। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य समस्या के बारे में कोई खास जानकारी सामने नहीं आई है। शो का आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड 'रामायण' की टीम के साथ शूट किया गया था। इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे शामिल हुए थे। अब शो की शूटिंग दोबारा शुरू होने के लिए अमिताभ बच्चन की सेहत में सुधार का इंतजार किया जा रहा है।