क्या अमिताभ बच्चन रिटायरमेंट ले रहे हैं? बिग बी ने अपने एक ब्लॉग के बाद उठी अटकलों पर खुद सफाई दी है। एक्टर ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उनके लिखे ‘I retire’ का मतलब क्या था।

अमिताभ बच्चन की एक हालिया ब्लॉग पोस्ट ने अचानक उनके फैंस को चिंता में डाल दिया था। उनके पोस्ट के आखिर में लिखे कुछ शब्दों को देखकर सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या मेगास्टार फिल्मों और अपने काम से रिटायर होने की तैयारी कर रहे हैं। पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर के बावजूद अमिताभ बच्चन आज भी एक्टिंग और टीवी की दुनिया में लगातार एक्टिव हैं। ऐसे में उनके एक छोटे से साइन-ऑफ ने अटकलों को हवा दे दी। हालांकि, अब खुद बिग बी ने इस पूरे मामले की तस्वीर साफ कर दी है और अपने खास मजाकिया अंदाज में बताया है कि उनके शब्दों का मतलब वैसा बिल्कुल नहीं था, जैसा कुछ लोगों ने समझ लिया।

अमिताभ बच्चन ने रिटायरमेंट की खबरों पर दिया जवाब

83 साल के अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर सीधे तौर पर साफ किया कि वह काम छोड़ने की तैयारी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, “जी नहीं हुजूर, मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं; अंग्रेजी में इसका मतलब होता है मैं अब सोने जा रहा हूं!!! और वहां मान्यवर आपको आने का निमंत्रण नहीं है!” इस जवाब के साथ उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि उनके पिछले पोस्ट में लिखा “एंड आई रिटायर” उनके प्रोफेशनल करियर का जिक्र नहीं था। यह सिर्फ रात में सोने के लिए ब्लॉग खत्म करने का उनका अंदाज था।

‘I retire’ लिखने से शुरू हुआ पूरा कन्फ्यूजन

अटकलों की शुरुआत उनके पिछले ब्लॉग पोस्ट से हुई थी। इसमें अमिताभ बच्चन ने गणेश चतुर्थी और उन लोगों का जिक्र किया था, जो अपने घर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने के लिए उन्हें आमंत्रित करते हैं। इसी पोस्ट में उन्होंने इस बात पर भी लिखा कि उनके ब्लॉग में कही गई बातों की व्याख्या कई बार उनके वास्तविक मतलब से अलग हो जाती है। उन्होंने लिखा था, “ब्लॉग पर लिखी बातों की व्याख्या में जो विसंगतियां हैं... वे हंसी से भी आगे की बात हैं…”

बिग बी ने गलत मतलब निकाले जाने पर भी ली चुटकी

अमिताभ बच्चन ने यह भी इशारा किया कि किसी बयान या लिखी हुई बात को संदर्भ से हटाकर समझना या तुरंत उस पर निष्कर्ष निकालना किस तरह भ्रम पैदा कर सकता है। उन्होंने लोगों का ध्यान खींचने और व्यावसायिक दिलचस्पी पैदा करने की जल्दबाजी पर भी टिप्पणी की। उनके मुताबिक उनके शब्दों की गलत व्याख्या ही उस दिन का “मनोरंजन” बन गई। लेकिन ब्लॉग के अंत में लिखे “एंड आई रिटायर” ने लोगों को अलग ही संकेत दे दिया और रिटायरमेंट की चर्चा शुरू हो गई।

काम से दूरी नहीं, लगातार एक्टिव हैं अमिताभ बच्चन

अमिताभ बच्चन का फिल्म इंडस्ट्री में सफर पांच दशक से ज्यादा लंबा हो चुका है, लेकिन वह अभी भी प्रोफेशनली एक्टिव हैं। वह पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ से लंबे समय से जुड़े हुए हैं और इसके कई सीजन होस्ट कर चुके हैं। वे आगे 'कल्कि 2898 AD पार्ट 2' जैसी फिल्मों में भी नज़र आएंगे। ऐसे में उनकी ताजा सफाई ने उन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है, जिनमें उनके एक्टिंग या प्रोफेशनल करियर से संन्यास लेने की बात कही जा रही थी। फिलहाल बिग बी का रिटायरमेंट का कोई प्लान नहीं है—उनका ‘रिटायर’ होना सिर्फ रात को सोने तक सीमित था।