Arijit Singh की फीस का अंदाजा है आपको? 1 गाने से स्टेज शो तक कितना करते हैं चार्ज
अरिजीत सिंह..वो आवाज जिसे सुनते ही दिल सुकून महसूस करता है। वजह सिर्फ उनकी जादुई आवाज नहीं, बल्कि उनका जमीन से जुड़ा रवैया भी है। म्यूजिक इंडस्ट्री, जहां हर चीज रेट कार्ड से तय होती है, क्या आप जानते हैं वहां अरिजीत सिंह कितनी फीस में काम करते हैं?

अरिजीत सिंह एक गाने के कितने पैसे लेते हैं?
हाल के दिनों में हर जगह बस एक ही सवाल उठ रहा है कि अरिजीत सिंह एक गाने के लिए कितनी फीस लेते हैं? कुछ लोग कहते हैं 11 रुपये, तो कुछ रिपोर्ट्स करोड़ों की बात करती हैं। ऐसे में आखिर सच क्या है? आइए जानते हैं।
क्या है 11 रुपये की फीस वाली कहानी?
यह किस्सा एक फिल्म के गाने की रिकॉर्डिंग से जुड़ा है। मेकर्स चाहते थे कि अरिजीत गाना गाएं, लेकिन अरिजीत ने साफ मना कर दिया कि वह इसके लिए कोई फीस नहीं लेंगे। समस्या यह थी कि उस समय अरिजीत एक बड़े म्यूजिक स्टूडियो के साथ कॉन्ट्रैक्ट में थे। काफी सोचने के बाद अरिजीत ने कहा, मुझे 11 रुपये दे दीजिए। कोलकाता जाना है, सफर के काम आ जाएंगे। इसके बाद डायरेक्टर ने अपनी जेब से 10 रुपये का नोट और 1 रुपये का सिक्का निकालकर उन्हें दे दिया।
बच्चों की पढ़ाई के लिए फीस छोड़ने का फैसला
कहानी यहीं खत्म नहीं होती। अरिजीत ने मेकर्स से कहा कि अगर उन्हें लगता है कि वह इस गाने के लिए इससे ज्यादा पैसे डिजर्व करते हैं, तो बाकी की रकम पास में बन रहे बच्चों के स्कूल को दान कर दी जाए। यहीं से साफ होता है कि अरिजीत जितने अच्छे सिंगर हैं, उससे कहीं ज्यादा बेहतरीन इंसान भी हैं।
असल में अरिजीत सिंह की सिंगिंग फीस कितनी है?
नवंबर 2024 की रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरिजीत सिंह एक फिल्म के गाने के लिए 18 से 20 लाख रुपये चार्ज करते हैं। कुछ जगहों पर यह रकम 8 से 10 लाख रुपये भी बताई गई है। यानी 11 रुपये वाली कहानी इमोशनल है, लेकिन उनकी प्रोफेशनल फीस इससे कहीं ज्यादा है।
लाइव कॉन्सर्ट से होती है सबसे ज्यादा कमाई
अरिजीत सिंह की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा कॉन्सर्ट और लाइव शो से आता है। म्यूजिक कंपोजर मोंटी शर्मा के अनुसार, एक स्टेज शो के लिए अरिजीत करीब 2 करोड़ रुपये लेते हैं। कुछ रिपोर्ट्स बताती हैं कि 2 घंटे के लाइव परफॉर्मेंस के लिए उनकी फीस 10 से 14 करोड़ रुपये तक होती है।
रॉयल्टी से भी होती है कमाई
आज किसी सिंगर की कमाई सिर्फ स्टूडियो फीस तक सीमित नहीं होती। 2012 के कॉपीराइट अमेंडमेंट एक्ट के तहत अरिजीत को अपने गानों की रॉयल्टी मिलती है। YouTube, Spotify जैसे प्लेटफॉर्म पर हर बार सुने जाने पर उनकी कमाई बढ़ती है। अरिजीत सिंह ने अपना इंडिपेंडेंट म्यूज़िक लेबल Orion Music भी लॉन्च किया है। इसका मकसद बिना किसी दिखावे के नए और टैलेंटेड कलाकारों को मौका देना है।
क्या अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ दी है?
27 जनवरी 2026 को अरिजीत सिंह ने घोषणा की कि वह अब प्लेबैक सिंगिंग नहीं करेंगे। इस खबर के बाद लोगों को लगा कि वह म्यूजिक से रिटायर हो रहे हैं। लेकिन सच्चाई यह नहीं है। अरिजीत का मैसेज साफ है, वह म्यूजिक में नए रास्ते तलाशना चाहते हैं। वह एक्सपेरिमेंट करना चाहते हैं। यानी वो गाना बंद नहीं करेंगे, बस तरीका बदल जाएगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

