अर्जुन सरजा की बेटी ऐश्वर्या और दामाद उमापति रामैया के रिश्ते में अनबन की खबरों को एक्टर ने बेबुनियाद बताया है। बेटी को 'शराबी' कहे जाने पर उन्होंने कानूनी शिकायत भी दर्ज कराई है।

साउथ सिनेमा के दिग्गज एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर अर्जुन सरजा अपनी बेटी ऐश्वर्या सरजा के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। ऐश्वर्या और उनके पति उमापति रामैया के रिश्ते में अनबन की खबरों के साथ ऐश्वर्या को 'शराबी' बताए जाने पर अर्जुन ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर ऐसी खबरों को बेबुनियाद और गैर-जिम्मेदाराना बताया। अर्जुन ने यह भी साफ किया कि परिवार ने अब संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है। उनका कहना है कि किसी की निजी जिंदगी पर अटकलें लगाने का मतलब उसके चरित्र पर हमला करना नहीं है।

बेटी ऐश्वर्या के लिए खुलकर सामने आए अर्जुन सरजा

64 साल के अर्जुन सरजा ने इंस्टाग्राम पर जारी बयान में कहा कि पब्लिक लाइफ में रहने का मतलब यह नहीं है कि किसी के सम्मान और प्रतिष्ठा पर सवाल उठाए जाएं। उन्होंने मीडिया के एक हिस्से पर बिना पुष्टि की खबरें फैलाने का आरोप लगाया। अर्जुन ने साफ कहा कि जब उनकी बेटी की गरिमा पर सवाल उठेंगे, तो वह चुप नहीं रहेंगे। उन्होंने लिखा, "सम्मान और गरिमा से कभी समझौता नहीं होना चाहिए।"

'बिना आधार किसी महिला को शराबी कहना गैर-जिम्मेदाराना'

अर्जुन ने माना कि एक्टर होने के नाते पब्लिक लाइफ में अटकलों और सवालों का सामना करना पड़ता है, लेकिन उन्होंने अफवाह और जानबूझकर लगाए गए आरोपों के बीच फर्क बताया। उनके शब्दों में, "एक एक्टर के तौर पर हम समझते हैं कि सार्वजनिक जीवन में रहने के कारण अटकलें और सवाल उठना स्वाभाविक है। लेकिन अटकलों और जानबूझकर बेबुनियाद आरोप फैलाने के बीच एक साफ अंतर है। सार्वजनिक निगरानी किसी को मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने या किसी के चरित्र पर हमला करने का लाइसेंस नहीं देती। बिना किसी आधार के किसी महिला को शराबी कहना बेहद गैर-जिम्मेदाराना और अस्वीकार्य है।"

पहले चुप रहा परिवार, अब उठाया कानूनी कदम

अर्जुन ने बताया कि उनका परिवार शुरुआत में चुप रहना ही बेहतर समझ रहा था, लेकिन लगातार गलत जानकारियां फैलाए जाने के बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। उन्होंने कहा, "हम हमेशा मानते आए हैं कि कई बार चुप रहना ही सबसे सम्मानजनक जवाब होता है। लेकिन हमारी चुप्पी को सहमति नहीं समझा जाना चाहिए। न ही इसे गलत जानकारी को बार-बार फैलाने और बढ़ावा देने की छूट मिलनी चाहिए। इसलिए हमने संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराकर उचित कदम उठाए हैं।"

यह सिर्फ मेरी बेटी की बात नहीं : अर्जुन सरजा

अर्जुन ने इस पूरे मामले को सिर्फ अपनी बेटी तक सीमित नहीं माना। उन्होंने कहा कि किसी महिला की निजी पसंद को सार्वजनिक बहस का मुद्दा बनाना उसके लिए नुकसानदेह हो सकता है। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ मेरी बेटी की बात नहीं है। यह हर उस महिला की बात है, जिसके सम्मान पर सवाल उठाए जाते हैं और जिसकी निजी पसंद को सार्वजनिक फैसले का विषय बना दिया जाता है। जिन महिलाओं को अपने परिवार का साथ नहीं मिलता, उनके लिए ऐसे आरोप और भी नुकसानदायक हो सकते हैं। किसी भी महिला को अकेले यह सब नहीं झेलना चाहिए और न ही उसे अपनी जिंदगी जीने के तरीके का बचाव करने के लिए मजबूर किया जाना चाहिए।"

View post on Instagram
 

बयान के आखिर में अर्जुन ने बेटी के साथ खड़े रहने की बात दोहराई। उन्होंने लिखा, "एक पिता के तौर पर मैं हमेशा अपनी बेटी और सम्मान, स्वतंत्रता और आजादी के साथ जिंदगी जीने के उसके अधिकार के साथ खड़ा रहूंगा।"

कब और कैसे हुई अर्जुन सरजा की बेटी ऐश्वर्या की शादी?

ऐश्वर्या सरजा ने एक्टर और फिल्ममेकर थम्बी रमैया के बेटे उमापति रामैया से 10 जून 2024 को चेन्नई में शादी की थी। दोनों की पहली मुलाकात रियलिटी शो 'सर्वाइवर' के दौरान हुई थी, जिसे अर्जुन सरजा ने होस्ट किया था। शादी के बाद कपल ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की थीं। इसके बाद हुए रिसेप्शन में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनकी पत्नी दुर्गा स्टालिन के अलावा रजनीकांत, जैकी श्रॉफ, विजय सेतुपति, लोकेश कनगराज और प्रभु देवा जैसी हस्तियां शामिल हुई थीं।