इंडिपेंडेंस डे पर दो बड़ी फिल्में आमने-सामने हैं, लेकिन एडवांस बुकिंग ने अभी से तस्वीर बदल दी है। ‘अवारापन 2’ आगे है, मगर ‘बंटवारा 1947’ की असली ताकत स्पॉट बुकिंग हो सकती है।
‘अवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’ की रिलीज में अब सिर्फ एक दिन बाकी हैं और बॉक्स ऑफिस पर मुकाबले की तस्वीर एडवांस बुकिंग से काफी हद तक सामने आने लगी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक फिलहाल इमरान हाशमी स्टारर ‘अवारापन 2’ स्पष्ट बढ़त बनाए हुए है और कई सेंटरों में इसकी टिकट बिक्री ‘बंटवारा 1947’ से काफी बेहतर है। दिलचस्प बात यह है कि ‘अवारापन’ की पूरी लाइफटाइम कमाई सिर्फ 7.76 करोड़ रुपए रही थी, लेकिन ट्रेड का अनुमान है कि सीक्वल पहले दिन ही यह आंकड़ा पार कर सकता है। दूसरी ओर, सनी देओल की फिल्म की असली उम्मीद स्पॉट बुकिंग और मास सेंटर्स पर टिकी है।
एडवांस बुकिंग में कौन आगे, ‘अवारापन 2’ या ‘बंटवारा 1947’?
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में ट्रेड दिग्गज तरण आदर्श के हवाले से लिखा है कि अभी ‘अवारापन 2’ को साफ बढ़त हासिल है। उन्होंने कहा, “एडवांस ट्रेंड को देखते हुए ‘अवारापन 2’ निश्चित रूप से आगे है। इसकी टिकट बिक्री बहुत अच्छी रही है।” उन्होंने याद किया कि पहली फिल्म शानदार होने के बावजूद रिलीज के समय दर्शकों तक अपनी पूरी पहुंच नहीं बना सकी थी। तरण के अनुसार ‘अवारापन’ उस वक्त ‘आप का सुरूर’ और ‘अपने’ जैसी फिल्मों के बीच दब गई थी। बाद में फिल्म ने हर उम्र के दर्शकों के बीच मजबूत फैन बेस बनाया। अब ‘अवारापन 2’ के टिकट बड़ी संख्या में बिक रहे हैं।
यह भी पढ़ें : सनी देओल की अमिताभ बच्चन के साथ इकलौती फिल्म, जिसके बाद बच्चन फैमिली संग कभी नहीं किया काम
‘बंटवारा 1947’ की एडवांस बुकिंग धीमी क्यों है?
इसी रिपोर्ट में पूर्णिया के रूपबनी सिनेमा के मालिक विशेक चौहान ने भी ‘अवारापन 2’ को आगे बताया। उनके मुताबिक सनी देओल की पहचान ‘गदर’, ‘इंडियन’ और ‘मां तुझे सलाम’ जैसी फिल्मों से बने राष्ट्रवादी हीरो की है, जबकि ‘बंटवारा 1947’ में वह एक ऐसे मुस्लिम किरदार में हैं, जो धार्मिक पहचान के कारण पाकिस्तान जाने को मजबूर होता है। उन्होंने शबाना आजमी की ऑफ स्क्रीन छवि और राजनीतिक विचारों को भी दर्शकों के लिए संभावित चुनौती बताया। हालांकि उन्होंने फिल्म को शानदार बताया, लेकिन व्यावसायिक स्तर पर इसकी स्थिति कमजोर मानी।
पहले दिन कितनी कमाई कर सकती हैं दोनों फिल्में?
‘अवारापन 2’ के लिए सभी ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि यह पहले दिन ही पहली फिल्म की 7.76 करोड़ रुपए की लाइफटाइम कमाई पार कर जाएगी। तरण आदर्श ने डबल डिजिट ओपनिंग की उम्मीद जताई। विशेक चौहान ने ‘अवारापन 2’ के लिए 10-12 करोड़ और ‘बंटवारा 1947’ के लिए 7-8 करोड़ रुपए की भविष्यवाणी की। वहीं डिस्ट्रीब्यूटर-एग्जिबिटर राज बंसल ने ‘अवारापन 2’ की ओपनिंग 12.50-13 करोड़ रुपए और ‘बंटवारा 1947’ की करीब 8-8.50 करोड़ रुपए बताई। उनके मुताबिक ‘अवारापन’ का लाइफटाइम आंकड़ा पहले दिन ही पार हो सकता है।
यह भी पढ़ें : सनी देओल संग कौन-सी थीं आमिर खान की बैक टू बैक 2 फ़िल्में, जिनके बाद कभी साथ नहीं किया काम
क्या स्पॉट बुकिंग बदल सकती है पूरी कहानी?
तरण आदर्श ने चेताया कि एडवांस बुकिंग को अंतिम पैमाना नहीं माना जा सकता। उनके मुताबिक सनी देओल की मास सेंटर्स में जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और स्पॉट बुकिंग फिल्म की ओपनिंग को अचानक ऊपर ले जा सकती है। अतुल मोहन ने भी माना कि दोनों फिल्मों की एडवांस बुकिंग एक बड़े इंडिपेंडेंस डे रिलीज के लिहाज से उम्मीद से कम है। हालांकि उन्होंने कहा कि अच्छी वर्ड ऑफ माउथ मिलने पर दोनों फिल्में चल सकती हैं। उनका कहना है कि ऑनलाइन टिकट के मुकाबले काउंटर से टिकट खरीदना कई दर्शकों को बेहतर लग रहा है, क्योंकि ऑनलाइन बुकिंग में प्रति टिकट करीब 50-60 रुपए अतिरिक्त खर्च हो सकता है।
