सनी देओल की ‘Batwara 1947’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। थिएटर्स में आने से पहले फिल्म का पहला रिव्यू सामने आ गया है, जिसमें इसे फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने लायक बताया गया है।
सनी देओल की मच अवेटेड फिल्म ‘Batwara 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है, लेकिन रिलीज से एक दिन पहले ही फिल्म को लेकर बज तेज हो गया है। आमिर खान और अली फजल के साथ फिल्म की स्क्रीनिंग में पहुंचे फिल्ममेकर रमेश तौरानी ने सोशल मीडिया पर इसका पहला रिव्यू शेयर किया है। उन्होंने फिल्म को इंसानियत और संवेदना से जुड़ी कहानी बताते हुए इसे ‘First Day, First Show’ में देखने की अपील की। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रिटी जिंटा, अली फजल और करण देओल अहम भूमिकाओं में हैं।
रमेश तौरानी ने ‘बंटवारा 1947’ को लेकर क्या कहा?
रमेश तौरानी ने सोशल मीडिया पर थिएटर से आमिर खान और अली फजल के साथ तस्वीर शेयर करते हुए फिल्म की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, “बंटवारा 1947 एक बेहद संवेदनशील, दिल को छू लेने वाली और वास्तव में इंसानियत का गौरव बढ़ाने वाली फिल्म है, जिसे फर्स्ट डे, फर्स्ट शो में देखा जाना चाहिए।” उन्होंने आगे इसे इतिहास के सबसे अंधेरे दौर में इंसानी जज्बे की मजबूती और करुणा की अहमियत याद दिलाने वाली फिल्म बताया।
यह भी पढ़ें : Batwara 1947 Vs Awarapan 2 : पहले दिन कौन-सी फिल्म करेगी कितनी कमाई, कौन पड़ेगी किस पर भारी
रमेश तौरानी को कैसी लगी सनी देओल और बाकी स्टारकास्ट की परफॉर्मेंस?
तौरानी ने सनी देओल की एक्टिंग को “शानदार और बेहद प्रभावशाली” बताया। प्रिटी जिंटा को बड़े पर्दे पर उनके मजबूत अंदाज में देखकर खुशी जताई। उन्होंने शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल को भी अपने-अपने किरदारों में “असाधारण” बताया और कहा कि सभी कलाकारों ने कहानी में गहराई, इंटेंसिटी और विश्वसनीयता जोड़ी है। विलेन के किरदार में अभिमन्यु सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने उन्हें प्रभावशाली और बेचैन करने वाला किरदार रचने वाला कलाकार बताया।
राजकुमार संतोषी की डायरेक्शन पर क्या बोले रमेश तौरानी?
फिल्ममेकर ने राजकुमार संतोषी की तारीफ करते हुए लिखा, “एक बार फिर ऐसी कहानी कहने के लिए बधाई जो दर्शकों के भावनात्मक तारों को छूती है।” उनके मुताबिक संतोषी की फिल्मों में इंसानियत, भावनाओं और दिल को जगह देने की क्षमता खास है। उन्होंने आमिर खान प्रोडक्शंस और अपर्णा पुरोहित को भी फिल्म बनाने के लिए बधाई दी और ‘बंटवारा 1947’ को “शक्तिशाली संदेश वाली खूबसूरती से बनाई गई फिल्म” बताते हुए इसे जरूर देखने लायक कहा।
यह भी पढ़ें : सनी देओल की अमिताभ बच्चन के साथ इकलौती फिल्म, जिसके बाद बच्चन फैमिली संग कभी नहीं किया काम
‘Batwara 1947’ में सनी देओल का किरदार क्या है?
राजकुमार संतोषी की फिल्म में सनी देओल एक मुस्लिम व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जो विभाजन के दौरान पाकिस्तान चला जाता है। वहां उसे अपने नए घर में एक हिंदू महिला मिलती है, जिसका किरदार शबाना आजमी निभा रही हैं। बढ़ते तनाव के बीच सनी का किरदार उस महिला की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाता है, जबकि उसे अपने परिवार को भी सुरक्षित रखना है। इसी टकराव के बीच फिल्म की कहानी आगे बढ़ती है। फिल्म से प्रिटी जिंटा करीब एक दशक बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। वहीं फिल्म में पहली बार सनी देओल और उनके बेटे करण देओल की ऑन-स्क्रीन जोड़ी देखने को मिलेगी। करण फिल्म में सनी के बेटे की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की बाकी कास्ट में अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी शामिल हैं।
