इन्फ्लुएंसर और ‘Nayaab By Prince’ ब्रांड के मालिक प्रिंस चौधरी ने तान्या मित्तल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रिंस का दावा है कि उनकी टीम ने ब्रांड का आउटफिट लेकर 4 महीने तक वापस नहीं किया। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि छोटे होमग्रोन ब्रांड्स के लिए हर पीस बेहद अहम होता है, लेकिन अब तक उन्हें ड्रेस वापस नहीं मिली।
'Bigg Boss 19' की फाइनलिस्ट रहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तान्या मित्तल एक नए विवाद में घिरती नजर आ रही हैं। ‘Nayaab By Prince’ नाम के होमग्रोन फैशन ब्रांड के मालिक प्रिंस चौधरी ने उन पर और उनकी टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रिंस का दावा है कि उन्होंने ब्रांड को प्रमोट करने के लिए तान्या को एक आउटफिट भेजा था, जिसे तय समय के बाद भी वापस नहीं किया गया। उनका कहना है कि पिछले 4 महीनों से लगातार फॉलोअप के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिले। अब प्रिंस ने वीडियो जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

तान्या मित्तल पर ‘Nayaab By Prince’ के मालिक के गंभीर आरोप
इन्फ्लुएंसर प्रिंस चौधरी, जो ‘Nayaab By Prince’ नाम का होमग्रोन फैशन ब्रांड चलाते हैं, ने तान्या मित्तल पर आउटफिट वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। प्रिंस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “हाल ही में कुछ ऐसा हुआ, जिसके बारे में मैं सार्वजनिक तौर पर बात नहीं करना चाहता था, लेकिन 4 महीने हो चुके हैं और अब मेरे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा।”
यह भी पढ़ें : 8 साल से घर बैठी टीवी एक्ट्रेस, काम ना मिलने से परेशान, भगवान से कहती है- अपने पास बुला लो!
WhatsApp से शुरू हुई थी तान्या मित्तल से बातचीत
प्रिंस के मुताबिक, उन्होंने खुद तान्या मित्तल से व्हाट्सऐप पर संपर्क कर अपने ब्रांड के लिए कोलैबोरेशन की बात की थी। उनका दावा है कि तान्या ने पॉजिटिव जवाब देते हुए कहा कि जब कोई पर्सनली संपर्क करता है तो वह आमतौर पर मना नहीं करतीं। इसके बाद उन्होंने अपने स्टाइलिस्ट का नंबर शेयर किया। प्रिंस के अनुसार, स्टाइलिस्ट ने उनकी कलेक्शन से तीन आउटफिट शॉर्टलिस्ट किए थे। प्रिंस ने बताया कि उन्होंने चुना गया आउटफिट नोएडा भेज दिया था और टीम को साफ कहा था कि ड्रेस एक महीने के अंदर वापस चाहिए होगी। लेकिन तय समय बीतने के बाद जब उन्होंने फॉलोअप शुरू किया, तब हालात बदल गए। इस बारे में उन्होंने कहा, “यहीं से पूरा मामला बदल गया।”
तान्या मित्तल की टीम ने जवाब देना बंद किया
प्रिंस का आरोप है कि बाद में तान्या की स्टाइलिस्ट ने उन्हें बताया कि आउटफिट को मंदिर विजिट के दौरान दोबारा पहना जाएगा। उन्होंने आगे दावा किया कि कुछ समय बाद रिप्लाई आना पूरी तरह बंद हो गया। इसके बाद उन्हें टीम के एक दूसरे सदस्य का संपर्क नंबर देकर आगे उसी से बात करने को कहा गया। प्रिंस के मुताबिक, तान्या की टीम ने कई बार भरोसा दिलाया कि आउटफिट लौटा दिया जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, “4 महीने हो चुके हैं, आज तक मुझे आउटफिट वापस नहीं मिला।”उन्होंने सार्वजनिक तौर पर सवाल उठाते हुए कहा, “क्या आप एक होमग्रोन ब्रांड को ऐसे सपोर्ट करते हैं?” प्रिंस ने यह भी कहा कि छोटे इंडिपेंडेंट ब्रांड्स के लिए हर एक डिजाइन और आउटफिट बेहद महत्वपूर्ण होता है।
यह भी पढ़ें : Viral Video: 32 साल की एक्ट्रेस बोली- 'मैं वर्जिन हूं', खुद बताई चौंकाने वाली वजह!
‘Clout Chaser’ कहकर किया गया ट्रोल?
वीडियो शेयर करने के बाद प्रिंस ने दावा किया कि उन्हें सोशल मीडिया पर बैकलैश झेलना पड़ा। उनके मुताबिक, कुछ यूजर्स उन्हें “क्लाउट चेजर” और “फेम डिगर” कह रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने की कोशिश का भी आरोप लगाया। आलोचनाओं पर रिएक्शन देते हुए प्रिंस ने कहा, “तान्या का PR मेरी कमेंट सेक्शन के पीछे पड़ा हुआ है। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मैं बिल्कुल भी डरा हुआ नहीं हूं।” फिलहाल तान्या मित्तल या उनकी टीम की तरफ से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
