Isha Rikhi Bigg Boss 20 New Promo Video: Bigg Boss 20 का एक नया प्रोमो रिलीज किया गया है जिसमें एक इमोशनल कंटेस्टेंट को एक्ट्रेस ईशा रिखी बताया जा रहा है। हाल ही में बादशाह से अलग हुईं ईशा प्रोमो में टूटे भरोसे पर बात करती दिखीं, जिससे 6 सितंबर से शुरू हो रहे शो को लेकर चर्चा बढ़ गई है।

Bigg Boss 20 : सलमान खान के मोस्ट अवेटेड रियलिटी शो बिग बॉस 20 के प्रीमियर में अब बस एक दिन बाकी है। 6 सितंबर को शो का आगाज होने वाला है और उससे पहले मेकर्स लगातार कंटेस्टेंट्स के नए-नए प्रोमो जारी कर रहे हैं। हालांकि, इन प्रोमो में कंटेस्टेंट्स के चेहरे ब्लर रखे गए हैं, जिसके चलते सोशल मीडिया पर उनके नाम को लेकर खूब अटकलें लग रही हैं। इसी बीच एक प्रोमो ने खास तौर पर लोगों का ध्यान खींच लिया है, क्योंकि इसमें नजर आ रही कंटेस्टेंट को लोग पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी बता रहे हैं।

प्रोमो में इमोशनल हुईं कंटेस्टेंट

नए प्रोमो में एक महिला खुद को पंजाबी और हिंदी फिल्मों में काम कर चुकी एक्ट्रेस बताती नजर आती हैं। उनका चेहरा ब्लर है, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि यह कोई और नहीं बल्कि ईशा रिखी हैं। प्रोमो में वह अपनी जिंदगी और प्यार से जुड़े अनुभव के बारे में बात करती दिखाई देती हैं। इसी दौरान वह भावुक हो जाती हैं और उनकी आंखों में आंसू नजर आते हैं। वह कहती हैं, “मुझे प्यार हुआ, और जो कुछ भी मैंने फेस किया...” इसके बाद वह रिश्तों में टूटे भरोसे की बात करते हुए कहती हैं, 'जब आपका ट्रस्ट टूटता है कुछ रिश्तों से तो…' बस इसी इमोशनल मोमेंट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस प्रोमो को ईशा रिखी और उनके हालिया रिश्ते से जोड़ना शुरू कर दिया है।

और पढ़ें - Bigg Boss में कभी 2.5 करोड़ लेते थे सलमान खान, अब आया जबरदस्त उछाल, सीजन 20 में मिलेंगे इतने करोड़

View post on Instagram

बादशाह से अलगाव के बाद प्रोमो ने बढ़ाई चर्चा

ईशा रिखी और रैपर-सिंगर बादशाह ने हाल ही में अपने अलग होने की पुष्टि की है। दोनों ने 1 सितंबर को एक जॉइंट स्टेटमेंट के जरिए बताया था कि उन्होंने आपसी सहमति और सम्मान के साथ अपनी राहें अलग करने का फैसला किया है। साथ ही दोनों ने लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने और रिश्ते को लेकर किसी तरह की अटकलें न लगाने की अपील की थी। दोनों की शादी भी काफी समय तक लोगों की नजरों से दूर रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने मार्च 2026 में एक सीक्रेट सेरेमनी में शादी की थी और जुलाई में ईशा ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की पुष्टि की थी।

क्या प्रोमो में ईशा ने अपने रिश्ते की ओर किया इशारा?

यही सवाल इस समय बिग बॉस-20 के नए प्रोमो को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा में है। प्रोमो में जिस तरह कंटेस्टेंट प्यार, रिश्ते और टूटे हुए भरोसे की बात करती नजर आती हैं, उसे लोग ईशा की हालिया जिंदगी से जोड़ रहे हैं। हालांकि, अभी तक ईशा रिखी या बादशाह ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि प्रोमो में कही गई बातें उनके रिश्ते से जुड़ी हैं। iDiva की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोमो ने भले ही लोगों को ईशा होने का अंदाजा दिया हो, लेकिन असल कहानी शो में उनके आने के बाद ही सामने आ सकती है।

और पढ़ें - PAK में बैन यूट्यूबर की Bigg Boss 20 में एंट्री! घर में बढ़ेगा पारा, कंट्रोवर्सी की गारंटी

ईशा की कहानी जानने के लिए बढ़ी एक्साइटमेंट

बादशाह से अलगाव की खबर के कुछ ही दिनों बाद ईशा के बिग बॉस 20 में नजर आने की चर्चा ने इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया है। अब उनके इस इमोशनल प्रोमो ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। क्या ईशा वाकई बिग बॉस 20 की कंटेस्टेंट हैं? क्या वह शो में अपने रिश्ते और अलगाव के बारे में खुलकर बात करेंगी? और प्रोमो में टूटे भरोसे का जिक्र आखिर किस रिश्ते को लेकर है? इन सभी सवालों के जवाब 6 सितंबर से शो शुरू होने के बाद ही मिलेंगे।