- Home
- Entertainment
- Bollywood
- Dharmendra की वो फिल्म, जिसके दनादन बने 12 रीमेक, 6 बार तो बॉलीवुड में ही बनी!
Dharmendra की वो फिल्म, जिसके दनादन बने 12 रीमेक, 6 बार तो बॉलीवुड में ही बनी!
धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन वे अपने पीछे 300 से ज्यादा फिल्मों की विरासत छोड़ गए हैं। इनमें एक फिल्म ऐसी भी है, जिसके सबसे ज्यादा 12 रीमेक बनाए गए। धरमजी के 90वें जन्मदिवस पर जानिए उनकी इस फिल्म और इसके सभी रीमेक के बारे में…

कौन-सी है धर्मेंद्र की वो फिल्म, जिसके सबसे ज्यादा रीमेक बने
हम बात कर रहे हैं 1972 की फिल्म 'सीता और गीता' की। इस फिल्म में धर्मेंद्र और संजीव कुमार लीड हीरो थे, जबकि हेमा मालिनी डबल रोल में थीं। रमेश सिप्पी के निर्देशन में बनी यह फिल्म इतनी बड़ी ब्लॉकबस्टर हुई कि आगे इसके 12 रीमेक बनाए गए। कुछ सीधे तौर पर तो कुछ प्रेरित होकर। नज़र डालिए इन सभी रीमेक पर...
तेलुगु में बनी 'सीता और गीता' की रीमेक
'सीता और गीता' की रीमेक तेलुगु में 'गंगा मंगा' नाम से बनाई गई। 1973 में रिलीज हुई इस फिल्म में वनश्री ने हेमा मालिनी वाली दोहरी भूमिका निभाई थी। तप्त चाणक्य के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कृष्णा और सोहन बाबू का भी लीड रोल था।
तमिल में 'सीता और गीता' की रीमेक आई
1974 में तप्त चाणक्य ने ही 'सीता और गीता' की तमिल रीमेक 'वानी रानी' नाम से बनाई, जिसमें एक बार फिर वनश्री ने डबल रोल निभाया। लीड हीरो के तौर पर शिवाजी गणेशन और आर. मुथुरमन दिखे थे।
हिंदी में 'गीता मेरा नाम' से बनी 'सीता और गीता' की रीमेक
'सीता और गीता' का पहला हिंदी रीमेक 1974 में 'गीता मेरा नाम' नाम से बना। फिल्म में साधना ने डबल रोल निभाया था। जबकि उनके साथ सुनील दत्त और फ़िरोज़ खान इसमें लीड हीरो के तौर पर दिखे थे। साधना ने फिल्म डायरेक्ट की थी।
श्रीदेवी ने 'चालबाज़' में किया हेमा मालिनी वाला डबल रोल
डायरेक्टर पंकज पाराशर 1989 में श्रीदेवी को लीड रोल में लेकर 'चालबाज़' लेकर आए। फिल्म में सनी देओल और रजनीकांत लीड हीरो थे। यह फिल्म 'सीता और गीता' की एडॉप्शन थी।
काजोल स्टारर 'कुछ खट्टी कुछ मीठी' 'सीता और गीता' से प्रेरित थी
2001 में रिलीज हुई 'कुछ खट्टी कुछ मीठी' 'सीता और गीता' से प्रेरित थी। इस फिल्म में काजोल ने डबल रोल किया था। फिल्म का डायरेक्शन राहुल रवैल ने किया था।
पुरुष किरदारों के साथ बने 'सीता और गीता' के रीमेक
'सीता और गीता' से प्रेरित होकर कई बॉलीवुड फ़िल्में पुरुष किरदारों के डबल रोल के साथ बने। इनमें 1973 में आई 'जैसे को तैसा' शामिल है, जिसका निर्देशन एम. मुरुगन और एम. कुमारन ने किया था। फिल्म में जीतेंद्र डबल रोल में दिखे थे। राकेश रोशन ने अनिल कपूर को डबल रोल में लेकर 'किशन कन्हैया' बनाई, जो 'सीता और गीता' से प्रेरित थी। फिल्म 1990 में आई थी। डेविड धवन 1997 में सलमान खान को लीड रोल में लेकर 'सीता और गीता' से प्रेरित 'जुड़वां' लेकर आए।
विदेशों में भी बने 'सीता और गीता' के रीमेक
'सीता और गीता' से प्रेरित होकर विदेशों में भी फिल्म बनाई गई। पाकिस्तान में 1987 में रिलीज हुई पंजाबी फिल्म ‘दुलारी’' इनमें शामिल है, जिसमें अंजुमन की मुख्य भूमिका थी। रूस में 'Za Zamena!' नाम से एक फिल्म आई, जो सीता और गीता से प्रेरित बताई जाती है। दावा किया जाता है कि बांग्लादेश में भी इस फिल्म की अनाधिकृत रीमेक बनाई जा चुकी है।
टीवी पर 'सीता और गीता' से प्रेरित शो भी बना
2009 में स्टार प्लस पर टेलीकास्ट हुआ शो 'सीता और गीता' धर्मेंद्र-हेमा मालिनी स्टारर फिल्म का रीमेक था।सुनील बोहरा इस शो के क्रिएटर थे और अंजोरी अलग ने इसमें डबल रोल किया था। लीड हीरो के तौर पर गौरव दीक्षित और सिजेन खान दिखाई दिए थे।