Krrish Mask Hrithik Roshan: राकेश रोशन की एक बातचीत में खुलासा हुआ कि कृष फिल्म के लिए ऋतिक रोशन का सुपरहीरो मास्क बनाने में करीब 6 महीने लगे थे। यह मास्क वैक्स से बना था और शूटिंग के दौरान 24 घंटे AC वाली बस में रखा जाता था, ताकि पिघले नहीं।

Rakesh Roshan On Krrish Mask: दिग्गज फिल्ममेकर राकेश रोशन ने एक हालिया बातचीत में ऋतिक रोशन के उस मास्क के बारे में बात की, जो उन्होंने ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कृष' में पहना था। रोशन की मानें तो इस मास्क को बनाने में 6 महीने का वक्त लगा था और शूटिंग के दौरान इसे AC बस में रखा जाता था। खास बात यह है कि यह बस 24 घंटे चालू रहती थी। दरअसल, हाल ही में डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान अपना ब्लॉग बनाने के लिए खंडाला में राकेश रोशन के मेंशन पर पहुंची थीं। इसी दौरान फिल्म 'कृष' के मास्क पर चर्चा हुई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कितने समय में बना था 'कृष' का मास्क?

फराह खान ने राकेश रोशन से पूछा कि आखिर 'कृष' का मास्क डिजाइन करने में कितना वक्त लगा था? जवाब में उन्होंने बताया, "इसमें 6 महीने का वक्त लगा था। क्योंकि हम कुछ ऐसा डिजाइन कर रहे थे, जो ऋतिक के ऊपर अच्छा लगे। पूरे आउटफिट समेत इसमें 6 महीने का वक्त लगा था।" राकेश रोशन ने इस दौरान यह खुलासा भी किया कि कृष का आउटफिट बहुत भारी था।

किस चीज़ से बना था कृष का मास्क?

बकौल राकेश रोशन, "यह मास्क वैक्स से बना हुआ था। ऋतिक उसे तीन से चार घंटे पहनते थे। वैक्स पिघलने लगता था। उन्हें इसे हटाना पड़ता था और फिर नया मास्क लगाना पड़ता था। इसलिए मेरे पास एक एयरकंडीशन बस थी, जिसका AC 24 घंटे चलता रहता था।"

'कोई मिल गया' की सीक्वल थी 'कृष'

'कृष' डायरेक्टर राकेश रोशन की ऋतिक रोशन और प्रिटी ज़िंटा स्टारर सुपरहिट फिल्म 'कोई मिल गया' (2003) का दूसरा पार्ट थी। यह फिल्म 2006 में रिलीज हुई थी, जो ब्लॉकबस्टर रही थी। फिल्म में ऋतिक के अलावा प्रियंका चोपड़ा और रेखा जैसे कलाकार भी नज़र आए थे। बाद में इस फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट 'कृष 3' नाम से 2013 में रिलीज हुआ और यह भी ब्लॉकबस्टर रहा। तीनों पार्ट्स को राकेश रोशन ने डायरेक्ट किया था। अब फिल्म का चौथा पार्ट बनाया जा रहा है, जिसे खुद फ्रेंचाइजी के हीरो ऋतिक रोशन डायरेक्ट कर रहे हैं। यह फिल्म 2026 में रिलीज होगी।