तनुश्री दत्ता ने अपनी हालिया इंस्टाग्राम स्टोरी में सुशांत सिंह राजपूत, दिशा सालियान और जिया खान जैसे कलाकारों को याद किया, जिन्होंने अपने करियर की पीक पर ख़ुदकुशी जैसा घातक कदम उठाया।
एंटरटेनमेंट डेस्क. बॉलीवुड छोड़ चुकीं एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता आजकल अपनी सोशल मीडिया पोस्ट्स के चलते खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। पिछले दिनों उन्होंने एक वीडियो शेयर कर रोते-रोते यह दावा किया था कि उन्हें अपने ही घर में हैरेस किया जा रहा है। अब उन्होंने दिवंगत स्टार सुशांत सिंह राजपूत को याद किया है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में दावा किया है कि जब वे SSR के बारे में सोचती हैं तो उन्हें उनकी आत्मा दिखाई देती है। एक्ट्रेस ने यह दावा भी किया है कि सुशांत अच्छे इंसान थे, लेकिन बुरे लोगों के बीच फंस गए थे।
तनुश्री दत्ता ने किया सुशांत सिंह राजपूत को याद
तनुश्री दत्ता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सुशांत सिंह राजपूत को याद करते हुए लिखा है, "मैंने आज SSR के लिए प्रार्थना की...मुझे ऐसा ही लगा। वे अच्छे इंसान थे, जो कुछ बुरे लोगों के बीच फंस गए थे। जब भी मैं उनके बारे में सोचती हूं तो मुझे उनकी आत्मा का दृश्य दिखाई देता है, जो एक लंबी-सीधी सुरंग से होकर रोशनी की ओर बढ़ रही है। उन्हें रोशनी दिखी या किसी ने उन्हें रोशनी का रास्ता दिखाया। उन्हें पहुंचने में कुछ वक्त लगा, लेकिन वे करीब हैं।"
तनुश्री दत्ता को दिशा सालियान-जिया खान भी आईं याद
तनुश्री दत्ता ने आगे असमय दुनिया को अलविदा कह गए सुशांत सिंह राजपूत, दिशा सालियान और जिया खान जैसे सेलेब्स को याद किया और लिखा, “हमें ईश्वर के इन शहीद सैनिकों दिशा, जिया और अन्य को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखना चाहिए। आप इसी तरह प्रार्थना कर ईश्वर के लोगों की मदद कर सकते हैं। हम नहीं जानते कि उन्होंने कितना संघर्ष किया और वे किस बुराई से जूझे। डिप्रेशन और व्यक्तिगत संघर्ष की कहानियां बनाना बहुत आसान है। नहीं, दुनिया में ऐसे दुष्ट लोग भी हैं, जो अपने फायदे के लिए वाकई दूसरों के दुखों का फायदा उठाते हैं। और ईश्वर के ये बच्चे बस दूसरों के लालच, सत्ता की लालसा और महत्वाकांक्षा के शिकार बन गए। उनकी सच्चाई को झूठ, गलत जानकारी और छल की परतों ने खामोश कर दिया।”

ईश्वर ने सब तय कर रखा है : तनुश्री दत्ता
बकौल तनुश्री दत्ता, "मैं इसे अब होते हुए देख रही हूं। इसलिए ध्यान से देखिए कैसे वे गलतियों से भरी तस्वीर पेश करने की कोशिश करते हैं। वे अपनी कमज़ोर चेतना की वजह से पूवानुमनित हैं और वे हार जाएंगे। ईश्वर ने सबकुछ तय कर रखा है। इसलिए कोई भी चीज़ मुझे एक हद से ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सकती या मुझे पूरी तरह नष्ट नहीं कर सकती। और हां श्री कृष्ण...मंगलम् भगवान विष्णु मंगलम् गरुड़ध्वज, मंगलम् पुण्डरीकाक्ष, मंगलाय तनो हरि।"
2020 में हुआ सुशांत सिंह राजपूत का निधन
सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून 2020 को 34 साल की उम्र में ख़ुदकुशी कर ली थी। मुंबई में बांद्रा स्थित फ़्लैट में उनकी लाश मिली थी। बात तनुश्री दत्ता की करें तो 2005 से 2010 के बीच वे फिल्मों में एक्टिव रही थीं। उन्होंने 'आशिक बनाया आपने' से डेब्यू किया था और 2010 में रिलीज हुई 'अपार्टमेंट' उनकी आखिरी बॉलीवुड फिल्म थी। 2013 में टीवी शो 'सुपरकॉप्स वर्सेस सुपर विलेन्स' में उन्होंने रेशमा का रोल किया और फिर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से दूर हो गईं।
