दलेर मेहंदी के बाद अब मुंबई में शिल्पा राव के परफॉर्मेंस पर बवाल! माइक बंद होने के विवाद में कुटले खान के मैनेजर ने किया पलटवार, आयोजकों ने मांगी माफी।
पहले दलेर मेहंदी का लाइव शो बीच में रोकने पर विवाद हुआ और अब शिल्पा राव के परफॉर्मेंस ने म्यूजिक इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ दी है। मुंबई के बॉम्बे म्यूजिक प्रोजेक्ट में 24 अक्टूबर को शिल्पा का माइक और लाइट बंद होने के बाद आयोजकों की आलोचना हुई। विवाद में कुटले खान का नाम भी आया, लेकिन उनके मैनेजर ने पलटवार करते हुए दावा किया कि शिल्पा ने ही कुटले की प्रस्तुति के दौरान बीच में बोलना शुरू किया था। वहीं, शिल्पा ने अपना दर्द जाहिर किया, आयोजकों ने माफी मांगी और AICWA ने भी सिंगर का समर्थन किया।
शिल्पा राव-कुटले खान विवाद में मैनेजर ने क्या दावा किया?
कुटले खान के मैनेजर ने News18 से बातचीत में कहा कि आयोजकों ने हर कलाकार के लिए 15–20 मिनट तय किए थे, लेकिन बाद में कुटले का समय घटाकर 10 मिनट कर दिया गया। मैनेजर के मुताबिक, टीम ने तय भुगतान मिलने के कारण कम समय में भी प्रस्तुति देने पर सहमति जताई। उनका दावा है कि शिल्पा अपना सेट खत्म करके मंच से जा चुकी थीं, लेकिन कुटले की प्रस्तुति शुरू होने पर वह दर्शकों को धन्यवाद देने के लिए वापस आईं।
कुटले खान के मैनेजर ने शिल्पा राव पर क्या आरोप लगाए?
मैनेजर का कहना है कि कुटले ने शिल्पा को बोलने का मौका देने के लिए अपनी प्रस्तुति रोक दी थी। इसी दौरान आयोजक दीपक चौधरी ने कुटले से ‘दिल पे ज़ख्म खाते हैं’ गाने को कहा और बार-बार शुरू करने के लिए कहा। मैनेजर ने कहा, “इसके बजाय हमें इस बात से नाराज होना चाहिए कि शिल्पा ने उनके परफॉर्मेंस में रुकावट डाली। उन्हें अपने परफॉर्मेंस के आखिर में सभी को धन्यवाद देना चाहिए था। वह बैकस्टेज गईं और फिर कुटले साहब का सेट आधा हो जाने पर वापस आ गईं।”
शिल्पा की PR टीम पर क्यों भड़के कुटले खान के मैनेजर?
मैनेजर ने कहा कि विवाद के बावजूद उनकी टीम के मन में शिल्पा के लिए कोई नाराजगी नहीं है और दोनों कलाकार अच्छे दोस्त हैं। हालांकि, उन्होंने सोशल मीडिया पर पेश की जा रही कहानी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “लेकिन पता नहीं उनकी पीआर टीम ने क्या बकवास की। आजकल सोशल मीडिया पर कुछ भी संभव है। हम भी एक लाख रुपये देकर इस तरह की कहानियां शुरू करवा सकते हैं।”
हिमेश रेशमिया के साउंडचेक को क्यों ठहराया जिम्मेदार?
कुटले खान के मैनेजर ने कार्यक्रम में देरी के लिए हिमेश रेशमिया के तीन घंटे लंबे साउंडचेक को भी जिम्मेदार बताया। उनके अनुसार, इससे पूरे फेस्टिवल का शेड्यूल प्रभावित हुआ और कलाकारों को मिलने वाला समय कम करना पड़ा। मैनेजर ने दावा किया कि कुटले को शुरुआत में 30 मिनट की प्रस्तुति देनी थी, लेकिन आखिर में उनका समय घटकर सिर्फ 8–10 मिनट रह गया।
शिल्पा राव ने पोस्ट में क्या लिखा?
घटना के बाद शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर अपनी निराशा जाहिर की और दर्शकों के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, “मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक हिस्सा टूट गया। किसी इतनी खूबसूरत चीज को इस तरह हमसे छीन लिया जाना बहुत तकलीफ देता है। लेकिन जब संगीत रुक गया, तब भी आप नहीं रुके।” उन्होंने आगे लिखा, “जिस तरह आप मेरा नाम पुकारते रहे, आपकी आवाज में जो प्यार था, मैं वह सब महसूस कर सकती थी। मैं वादा करती हूं कि मुंबई वापस आऊंगी।”
बॉम्बे म्यूजिक प्रोजेक्ट के आयोजकों ने क्यों मांगी माफी?
विवाद बढ़ने के बाद बॉम्बे म्यूजिक प्रोजेक्ट के आयोजकों ने शिल्पा राव का परफॉर्मेंस अचानक खत्म होने पर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वे शिल्पा का बेहद सम्मान करते हैं और संगीत जगत में उनके योगदान को महत्व देते हैं। आयोजकों ने अपने बयान में कहा, “हम दिल से माफी मांगते हैं। BMP में हमारा उद्देश्य हमेशा कलाकारों और उनके प्रशंसकों को लाइव संगीत का बेहतरीन अनुभव देना है। हम इस वीकेंड हुए फेस्टिवल में शिल्पा राव की प्रस्तुति अचानक समाप्त होने के मामले पर बात करना चाहते हैं। सबसे पहले, हम शिल्पा राव का बहुत सम्मान करते हैं।”
बयान में आगे कहा गया, “हम उनकी शानदार विरासत, बेमिसाल कला और संगीत जगत पर उनके गहरे प्रभाव को बहुत महत्व देते हैं और उनका सम्मान करते हैं। उन्हें अपने कार्यक्रम में शामिल करना हमारे लिए सम्मान की बात थी।” आयोजकों ने शेड्यूल में देरी और संचालन संबंधी चुनौतियों को घटना की वजह बताया। उनके अनुसार, कुछ प्रस्तुतियों के तय समय से ज्यादा चलने के कारण कार्यक्रम का शेड्यूल प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां उनके नियंत्रण से बाहर थीं, लेकिन जो हुआ, उस पर उन्हें खेद है।
AICWA ने शिल्पा राव के समर्थन में क्या कहा?
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने 25 अक्टूबर को अपने आधिकारिक X हैंडल पर बयान जारी कर घटना की निंदा की। संगठन के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 को मुंबई में बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के 10वें संस्करण में प्रस्तुति के दौरान शिल्पा का माइक और लाइट आयोजकों ने बंद कर दिए थे। संगठन ने कहा कि दर्शक इसके बावजूद शिल्पा का नाम पुकारते रहे। AICWA ने कहा, “राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सिंगर शिल्पा राव के साथ किए गए व्यवहार की ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन कड़ी निंदा करता है। उनकी प्रस्तुति के दौरान माइक और लाइट जबरन बंद कर दिए गए।”
संगठन ने आगे कहा, “इतनी प्रतिष्ठित कलाकार के साथ वर्षगांठ वाले विशेष कार्यक्रम के मंच पर ऐसा व्यवहार करना उनकी गरिमा और उनकी मेहनत से अर्जित सम्मान का सीधा अपमान है। जब माइक और लाइट बंद किए गए, तब दर्शक शिल्पा राव के साथ खड़े रहे और उनका नाम पुकारते रहे।” AICWA ने कहा कि यदि शिल्पा आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला करती हैं, तो संगठन उनका साथ देगा। साथ ही, आयोजकों से कलाकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की और चेतावनी दी कि ऐसी घटनाएं कलाकारों को कार्यक्रमों में हिस्सा लेने से हतोत्साहित कर सकती हैं।
