रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग ने रफ्तार पकड़ ली है। टिकट बिक्री से लेकर ₹200 करोड़ की ओपनिंग के अनुमान तक, फिल्म को लेकर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हलचल है।
रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर हलचल बढ़ा दी है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़े मेकर्स के लिए अच्छी खबर लेकर आए हैं। फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक टिकट खरीद रहे हैं, वहीं IMAX शो की कीमतें भी चर्चा में हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रिलीज से पहले बुकिंग कितनी तेजी पकड़ती है और ओपनिंग डे पर फिल्म कितनी बड़ी कमाई कर पाती है।
'रामायण' एडवांस बुकिंग में अब तक कितनी टिकटें बिकीं?
5 नवंबर को रिलीज होने वाली ‘रामायण’ के पास 25 अक्टूबर, रविवार दोपहर 12 बजे तक 12 दिन बाकी थे। इस समय तक देश भर में फिल्म के 2.01 लाख टिकट बिक चुके थे। यह बिक्री 4568 शोज के लिए हुई और इसकी ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 19 फीसदी रही। हालांकि, यह आंकड़ा ब्लॉक सीट्स के साथ है। अगर बिना ब्लॉक सीट्स के देखें तो अब तक 1.58 लाख टिकट बिके हैं और इसकी ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 15 फीसदी रही है। रिपोर्ट्स में 4 शो पहले से ही हाउसफुल बताए जा रहे हैं।
एडवांस बुकिंग से 'रामायण' की कमाई कितनी हुई?
sacnilk.com की रिपोर्ट के मुताबिक़, 'रामायण पार्ट 1' ने एडवांस बुकिंग से अभी तक 11.11 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। बिना ब्लॉक सीट्स के यह आंकड़ा 8.89 करोड़ रुपए बैठता है। बताया जा रहा है कि इसमें से 1.01 करोड़ रुपए का कलेक्शन फिल्म ने पिछले 24 घंटों में किया है। अगर वर्जन वाइज कलेक्शन की बात करें तो आंकड़ा कुछ इस प्रकार है:-
- हिंदी : 9.61 करोड़ रुपए
- कन्नड़ : 1.14 करोड़ रुपए
- तेलुगु : 35.89 करोड़ रुपए
अगर राज्य के हिसाब से देखें तो टॉप 3 में सबसे आगे महाराष्ट्र चल रहा है, जहां से अभी तक 'रामायण पार्ट 1' की एडवांस बुकिंग 2.44 करोड़ रुपए (बिना ब्लॉक सीट 1.81 करोड़ रुपए) हुई है। दूसरे नंबर पर दिल्ली है, जहां से फिल्म ने 2.24 करोड़ रुपए (बिना ब्लॉक सीट 1.78 करोड़ रुपए) कमाए। कर्नाटक 1.71 करोड़ रुपए (बिना ब्लॉक सीट 1.49 करोड़ रुपए) के कलेक्शन के साथ तीसरे पायदान पर है।
'रामायण' की IMAX टिकटों की कीमत कितनी है?
फिल्म की टिकटों की कीमतें भी सुर्खियों में हैं। कई जगहों पर IMAX शो की टिकटें 2,000 रुपए के पार पहुंच गई हैं। इतनी ऊंची कीमतों के बावजूद इन सिनेमाघरों में भी टिकटों की बिक्री दर्ज की जा रही है। एडवांस बुकिंग का अगला बड़ा दौर 28 अक्टूबर, बुधवार से शुरू होने की उम्मीद है, जब रिलीज से पहले के आखिरी आठ दिन रह जाएंगे।
'रामायण' का ओपनिंग डे कलेक्शन कितना हो सकता है?
रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि पहले दिन यह यह फिल्म भारत में सभी भाषाओं को मिलाकर 110 करोड़ रुपए से ज्यादा कमा सकती है। इनमें सबसे ज्यादा लगभग 80 करोड़ रुपए (पेड प्रीव्यू मिलाकर) हिंदी वर्जन से आने की उम्मीद है। भारत में फिल्म ग्रॉस 132 करोड़ रुपए से ओपनिंग कर सकती है। विदेशों से फिल्म की पहले दिन की कमाई का अनुमान लगभग 7 मिलियन डॉलर से ज्यादा (लगभग 66.46 करोड़ रुपए से ज्यादा) है। कुल मिलाकर पहले दिन यह फिल्म वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपए से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर सकती है।
'रामायण' की स्टार कास्ट के बारे में
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल महाराज दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह सूर्पणखा और विवेक ओबेरॉय विद्युत जीवा के किरदार में नज़र आएंगे। सनी देओल इस फिल्म में हनुमान बने हैं। हालांकि, पहले पार्ट में उनकी एंट्री को लेकर सस्पेंस है।
