Ajay Devgn Dhamaal 4 OTT Release date: ‘धमाल 4’ अब OTT पर आ रही है। अजय देवगन की ये फिल्म थिएटर के बाद अब दर्शक घर बैठे देख सकेंगे।
अगर आप सिनेमाघरों में ‘धमाल 4’ नहीं देख पाए हैं और इस मजेदार कॉमेडी फिल्म का इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और रवि किशन स्टारर यह फिल्म अब जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली है। फिल्म लगभग आठ हफ्तों तक सिनेमाघरों में चलने के बाद अब डिजिटल रिलीज के लिए तैयार है।
4 सितंबर को ओटीटी पर आएगी ‘धमाल 4’
‘धमाल 4’ 4 सितंबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। यानी जिन दर्शकों ने फिल्म को थिएटर में मिस कर दिया था, वे अब अपने घर पर आराम से इस कॉमेडी एडवेंचर का मजा ले सकेंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, फिल्म को थिएटर में रिलीज के बाद करीब आठ हफ्तों का समय पूरा हो चुका है और अब इसकी डिजिटल रिलीज होने जा रही है। फिल्म 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसे क्रिटिक्स और दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। हालांकि, इसके बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया और ‘धमाल फ्रेंचाइजी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई।
और पढ़ें - 'हनुमान अंश' क्यों हुई हिट? 5 पॉइंट्स में समझें कैसे ₹10 लाख ओपनिंग के बाद Box Office Hit
अजय देवगन समेत दिखेगी पूरी स्टारकास्ट
‘धमाल 4’ में एक बार फिर दर्शकों को कॉमेडी और अफरा-तफरी से भरी कहानी देखने को मिलती है। फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी के साथ रवि किशन, संजय मिश्रा और उपेंद्र लिमये भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा अंजलि आनंद, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और विजय पाटकर भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है।
क्या है ‘धमाल 4’ की कहानी?
फिल्म की कहानी एक बार फिर खजाने की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है। अजय देवगन फिल्म में गुड्डू का किरदार निभा रहे हैं, जबकि संजय मिश्रा जॉनी के रोल में हैं। दोनों एक एंटीक दुकान चलाते हैं, लेकिन उनकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है, जब उन्हें छिपे हुए खजाने के बारे में जानकारी मिलती है। खजाने की लोकेशन की अहम जानकारी पृथ्वी के पास होती है, जिसका किरदार उपेंद्र लिमये ने निभाया है। लेकिन इससे पहले कि गुड्डू और जॉनी इस जानकारी का फायदा उठा पाते, पृथ्वी को अधूरा नाम के एक अनाड़ी समुद्री डाकू द्वारा अगवा कर लिया जाता है। अधूरे का किरदार रवि किशन ने निभाया है। इसके बाद शुरू होती है खजाने तक पहुंचने की मजेदार और उलझनों से भरी दौड़।
और पढ़ें - Kiara Advani की 2500 करोड़ क्लब में एंट्री, Toxic से वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर रचा रिकॉर्ड
थिएटर के बाद ओटीटी पर मिलेगी नई ऑडियंस
‘धमाल 4’ को थिएटर में मिली-जुली प्रतिक्रिया जरूर मिली, लेकिन फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी कॉमेडी, ट्रेजर हंट और मल्टी-स्टार कास्ट है। अब ओटीटी रिलीज के बाद फिल्म उन दर्शकों तक भी पहुंच सकेगी, जो सिनेमाघरों में इसे देखने नहीं गए थे। खासकर अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी की जोड़ी को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह घर बैठे मनोरंजन का अच्छा मौका हो सकता है। फिल्म का डिजिटल प्रीमियर 4 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर होगा।
‘धमाल’ फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म
‘धमाल 4’ इस लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है। इससे पहले ‘धमाल’, ‘डबल धमाल’ और ‘टोटल धमाल’ दर्शकों का मनोरंजन कर चुकी हैं। चौथे पार्ट में भी मेकर्स ने कॉमेडी के साथ खजाने की तलाश और किरदारों की आपसी नोकझोंक को कहानी का अहम हिस्सा बनाया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि थिएटर के बाद ओटीटी पर ‘धमाल 4’ को दर्शकों का कितना प्यार मिलता है।
