सनी देओल की क्राइम थ्रिलर ‘सूर्या’ का मोशन पोस्टर रिलीज हो गया है। फिल्म में उनका बदला अंदाज दिखेगा। रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी अहम भूमिकाओं में हैं।

सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। उनकी अपकमिंग क्राइम थ्रिलर ‘सूर्या’ का पहला मोशन पोस्टर सामने आ गया है, जिसमें एक्टर का रफ, थका हुआ और गंभीर लुक दिखाई दे रहा है। पोस्टर कहानी में छिपे रहस्य और अतीत से जुड़े सवालों की ओर इशारा करता है। फिल्म में रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी नजर आएंगे। एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान भी कर दिया गया है। खास बात है इसका टैगलाइन, जो कहानी के रहस्य को और गहरा बनाता है।

सनी देओल की ‘सूर्या’ के मोशन पोस्टर में क्या दिखा?

‘गदर’ फेम सनी देओल ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर फिल्म का मोशन पोस्टर शेयर किया। इसमें वह गंभीर नजरों और परेशान चेहरे के साथ दिख रहे हैं। उनका बदला हुआ लुक ऐसे किरदार का संकेत देता है, जो अपने अतीत और वर्तमान के बीच उलझा हुआ है और सच की तलाश में निकला है। पोस्टर शेयर करते हुए एक्टर ने लिखा, “अतीत और वर्तमान के बीच उलझा, वह सच का पता लगाता है!”

‘सूर्या’ की टैगलाइन ‘From the End to the Beginning’ का क्या मतलब है?

फिल्म के पोस्टर पर “अंत से शुरुआत तक” टैगलाइन लिखी है। यह कहानी में अतीत और वर्तमान के बीच गहरे संबंध की ओर इशारा करती है। फिल्म में सनी देओल का किरदार किन सवालों के जवाब तलाश रहा है और उसका अतीत किस तरह वर्तमान को प्रभावित करता है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। मेकर्स ने कहानी की बाकी जानकारियां अभी पर्दे में रखी हैं।

View post on Instagram
 

‘सूर्या’ कब होगी रिलीज? में सनी देओल के साथ कौन-कौन आएगा नजर

क्राइम थ्रिलर में सनी देओल के साथ रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है। इसे MM Moviez के बैनर तले बनाया गया है। इसके निर्माता दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट, लोकेश मुकुट और कमल मुकुट हैं। ‘सूर्या’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। मोशन पोस्टर ने फिल्म के रहस्यमय माहौल की पहली झलक पेश की है, लेकिन कहानी और किरदारों से जुड़ी बाकी जानकारियों के लिए दर्शकों को मेकर्स की अगली घोषणा का इंतजार करना होगा।