Dhurandhar The Revenge के ब्लॉकबस्टर होने और बंपर कमाई करने के बीच पाकिस्तान के ल्यारी से हैरान करने वाली मांग सामने आई है। स्थानीय लोगों ने फिल्म की कमाई में का बड़ा हिस्सा उन्हें देने की मांग की है। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और तेजी से इंटरनेट यूजर्स के तरह-तरह के रिएक्शन भी सामने आ रहे हैं।
डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ रही है और दुनियाभर में ₹1200 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। लेकिन अब फिल्म एक दिलचस्प और चौंकाने वाली डिमांड के चलते सुर्ख़ियों में है । पाकिस्तान के ल्यारी इलाके के लोगों ने फिल्म की कमाई में बड़ा हिस्सा मांग लिया है। उनका कहना है कि फिल्म में उनके इलाके का इस्तेमाल किया गया है, इसलिए कमाई का बड़ा हिस्सा उनके शहर के विकास पर खर्च होना चाहिए। इस मांग से जुड़ा वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।
ल्यारी के लोगों की आदित्य धर से चौंकाने वाली डिमांड
यूट्यूब चैनल Comparison TV द्वारा शेयर किए गए वीडियो में ल्यारी के लोग 'धुरंधर 2' की सफलता पर रिएक्शन देते नजर आए। एक शख्स ने कहा, “ल्यारी पर बनी यह फिल्म बहुत वीआईपी है और इसने बहुत पैसा कमाया है। ल्यारी तरक्की करे और यहां की सड़कें बन जाएं।” वहीं दूसरे व्यक्ति ने मांग रखते हुए कहा, “अगर 1000 करोड़ मिल रहे हैं तो 500 करोड़ ल्यारी वालों को दे दो। आधी कमाई दे दो, ताकि ये सड़कें बनें। बच्चे चलते हैं तो पैरों में छाले पड़ जाते हैं।”
वीडियो में एक और नागरिक ने कहा, “हम बहुत समय से मांग कर रहे हैं, लेकिन ल्यारी की जनता को कुछ नहीं मिल रहा। दे दो भाईजान।” वहीं एक अन्य शख्स ने कहा, “कम से कम करोड़ों तो मिलने चाहिए। 70%-80% मिलना चाहिए। कमाई कहां से आई? ल्यारी के नाम और हालात से, तो इन्हें इतना दान करना चाहिए।”
यह भी पढ़ें : Dhurandhar 2 Collection Day 10: 'धुरंधर 2' फिर बनी सुनामी! अब किन 2 फिल्मों को पीछे छोड़ा?
वायरल वीडियो पर क्या बोले इंडियन फैन्स
वीडियो पर भारतीय इंटरनेट यूजर्स ने भी जमकर रिएक्शन दिए। एक यूजर ने लिखा, “लगता है ल्यारी के लोग आदित्य से डेवलपमेंट चाहते हैं, चलो डील करते हैं और ‘धुरंधर 2’ का और कंटेंट बनाते हैं।” दूसरे ने लिखा—“आदित्य धर, ल्यारी में आपके नाम की सड़क चाहिए।” एक अन्य ने कहा—“काफी शर्मनाक।” जबकि एक यूजर ने इसे “मजेदार” बताया। गौरतलब है कि 'धुरंधर' (फ्रेंचाइजी) की कहानी में रणवीर सिंह ने जसकीरत सिंह रांगी उर्फ़ हमजा अली मजारी का रोल किया है, जो ल्यारी के गैंग्स में घुसकर अंडरवर्ल्ड और आतंकी नेटवर्क को खत्म करता है।
यह भी पढ़ें : कौन हैं 'सैयारा' गर्ल अनीत पड्डा की बहन रीत, जिन्होंने 'धुरंधर 2' पर कहा कुछ ऐसा कि मच गया बवाल
'धुरंधर द रिवेंज' ने अब तक कितनी कमाई की?
19 मार्च 2026 को रिलीज हुई 'धुरंधर द रिवेंज' ने 10 दिन में भारत में नेट 778 करोड़ रुपए और वर्ल्डवाइड ग्रॉस 1226.44 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। इस स्पाय एक्शन ड्रामा फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे कलाकारों ने भी काम किया है।
