Drishyam 3 Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर ‘दृश्यम 3’ की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है, लेकिन अजय देवगन की फिल्म एक बड़े आंकड़े के बेहद करीब है। क्या 500 करोड़ का लक्ष्य होगा पूरा?

अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर दूसरे हफ्ते में पहुंचते ही वीकडेज की परीक्षा से गुजर रही है। पहले हफ्ते की शानदार कमाई और दूसरे वीकेंड पर उछाल के बाद फिल्म की रफ्तार अब कुछ धीमी हुई है। हालांकि, दुनियाभर के कलेक्शन में यह एक बड़े मुकाम के करीब पहुंच चुकी है। 12वें दिन भी सिनेमाघरों में फिल्म के हजारों शो चल रहे हैं। अब नजर इस बात पर है कि क्या विजय सलगांवकर की कहानी जल्द ही 500 करोड़ रुपए का आंकड़ा छू पाएगी, या नई फिल्मों की दस्तक इसकी कमाई पर असर डालेगी।

दृश्यम 3 का 12वें दिन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कितना रहा?

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को शाम 7 बजे तक‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने लगभग 5.90 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया है। इस दिन फिल्म देशभर में तकरीबन 11,731 शो में चल रही थी। इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 321.15 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 385.20 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।

दृश्यम 3 ने दूसरे वीकेंड में कितनी कमाई की?

फिल्म ने पहले हफ्ते में 245.50 करोड़ रुपए का नेट और 294.60 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया था। दूसरे हफ्ते के आठवें दिन इसने 14.50 करोड़ रुपए कमाए। नौवें दिन (दूसरे शनिवार) कमाई बढ़कर 26.50 करोड़ रुपए पहुंच गई, जबकि दसवें दिन (दूसरे रविवार) को 22.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ। कुछ मिलाकर दूसरे वीकेंड में फिल्म का कलेक्शन 63.25 करोड़ रुपए हुआ। इसके बाद 11वें दिन यानी दूसरे सोमवार को फिल्म की कमाई घटकर 6.25 करोड़ रुपए रह गई और मंगलवार को इसने 5.90 करोड़ रुपए की कमाई की। यानी दूसरे हफ्ते के पहले पांच दिन में फिल्म ने 75.4 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है।

दृश्यम 3 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 500 करोड़ के करीब है

फिल्म ने पहले हफ्ते विदेशों में 89 करोड़ रुपए कमाए थे। शुरुआती दिन विदेशी बाजारों से 18.50 करोड़ रुपए की कमाई दर्ज की गई थी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, विदेशों का कुल ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 111.50 करोड़ रुपए हो गया है। भारत के 382.97 करोड़ रुपए के ग्रॉस कलेक्शन को मिलाकर फिल्म की दुनियाभर की कमाई 489.74 करोड़ रुपए बताई गई है, जो मंगलवार के शुरुआती आंकड़े को मिलाने के बाद 495.64 करोड़ रुपए हो गया है। माना जा रहा है कि फाइनल आंकड़ा आने पर यह वर्ल्डवाइड 500 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी।

दृश्यम 3 की स्टार कास्ट में कौन-कौन है?

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस क्राइम थ्रिलर में अजय देवगन विजय सलगांवकर के किरदार में लौटे हैं। तब्बू पूर्व आईजी मीरा देशमुख और रजत कपूर महेश देशमुख की भूमिका निभा रहे हैं। श्रिया सरन, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी अपने पुराने किरदारों में हैं। वहीं, जयदीप अहलावत एसपी राजवीर सिंह तोमर और प्रकाश राज सरकारी वकील इंद्रजीत शेट्टी के रूप में नजर आते हैं। फिल्म में सलगांवकर परिवार और कानून के बीच पुरानी आंख-मिचौली को निर्णायक मोड़ दिया गया है।