Emraan Hashmi Wife Parveen Hashmi Emotional Note: 'आवारापन 2' की सफलता पर पत्नी परवीन ने इमरान हाशमी की 23 साल की मेहनत को याद किया। वह इस प्यार और सफलता के हकदार हैं।
इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म की सफलता ने जहां अभिनेता के फैंस को खुश कर दिया है, वहीं उनके परिवार के लिए भी यह पल बेहद खास है। अब इमरान की पत्नी परवीन हाशमी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर पति की 23 साल की मेहनत, संघर्ष और सफलता को याद किया है। उन्होंने बताया कि इमरान ने कितनी शिद्दत से अपने काम पर फोकस बनाए रखा और कभी मुश्किल दौर को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया।
23 साल की मेहनत के बाद मिला ये मुकाम
परवीन ने ‘आवारापन 2’ का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि इमरान को इस मुकाम तक पहुंचने में 23 साल लगे। इन वर्षों में उन्होंने धैर्य, मेहनत, विश्वास और दुआओं के साथ अपना सफर जारी रखा। उन्होंने बताया कि इमरान के करियर में कई ऐसी फ्राइडे भी आईं, जब फिल्मों ने शानदार खुशियां दीं, तो कई बार निराशा और दिल टूटने का दौर भी आया। लेकिन अभिनेता ने कभी भी इन उतार-चढ़ाव को अपनी रफ्तार रोकने नहीं दी। परवीन के मुताबिक, इमरान लगातार काम करते रहे और उन्हें भरोसा था कि एक दिन उनकी मेहनत जरूर रंग लाएगी।
और पढ़ें - राम छोड़ रावण क्यों बनें यश? बताया रामायण में इस वजह से चुना ये रोल
हर प्रोजेक्ट में झोंक देते हैं पूरी जान
परवीन ने इमरान की मेहनत के उन पहलुओं के बारे में भी बताया, जो आमतौर पर कैमरे के सामने नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि उन्होंने इमरान को अपने हर प्रोजेक्ट में दिल और जान लगाते हुए देखा है। फिल्म की सफलता के बाद जब लोग उनसे पूछते हैं कि इमरान इतने बड़े नंबर आने के बावजूद इतने शांत और जमीन से जुड़े कैसे हैं, तो परवीन के मुताबिक यही चीज उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।

स्क्रिप्ट से लेकर डायलॉग तक, ऐसे करते थे तैयारी
परवीन ने बताया कि इमरान फिल्म की तैयारी को लेकर कितने अनुशासित रहे हैं। वह लगातार अपनी स्क्रिप्ट पढ़ते थे, डायलॉग याद करते थे और जरूरत पड़ने पर तेलुगु में लिखे डायलॉग भी सीखते थे। इसके अलावा वह घर पर सीन की प्रैक्टिस करते, अपनी डाइट का ध्यान रखते और नियमित एक्सरसाइज करते थे। परवीन ने खास तौर पर बताया कि छुट्टियों के दिन भी इमरान की यह रूटीन नहीं टूटती थी।
‘आख्खा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ’
परवीन की पोस्ट की सबसे खास बात उनका वह जुमला रहा, जो इन दिनों इमरान के फैंस के बीच खूब चर्चा में है। उन्होंने लिखा कि ‘आख्खा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ’ वाली लाइन उन्हें इसलिए इतनी गहराई से महसूस होती है, क्योंकि उन्होंने अभिनेता की मेहनत को बेहद करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि वह पर्दे के पीछे इमरान की मेहनत की गवाह रही हैं और जानती हैं कि आज उन्हें जो प्यार और सफलता मिल रही है, उसके पीछे कितने सालों की मेहनत है।
और पढ़ें - Box Office Awarapan 2 Records: ‘आवारापन 2’ का रिकॉर्डतोड़ जलवा, इमरान हाशमी ने बनाए 4 बिग रिकॉर्ड
पत्नी ने खुद को बताया इमरान की ‘सबसे बड़ी क्रिटिक’
परवीन ने अपने नोट में एक दिलचस्प बात भी कही। उन्होंने खुद को इमरान की शायद सबसे बड़ी क्रिटिक बताया। लेकिन ‘आवारापन 2’ की सफलता के बाद वह पति पर बेहद गर्व महसूस कर रही हैं। उन्होंने इस पल को बेहद खूबसूरत बताया और कहा कि इमरान इस प्यार और सफलता के हकदार हैं। उनकी पोस्ट से साफ झलकता है कि अभिनेता की इस उपलब्धि से परिवार कितना खुश है।
परवीन ने सिर्फ इमरान की तारीफ ही नहीं की, बल्कि अपनी पोस्ट के आखिर में लोगों को भी एक खास मैसेज दिया। उन्होंने कहा कि अपने सपनों को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। फोकस बनाए रखें, अनुशासन के साथ मेहनत करते रहें और बड़े लक्ष्य पर नजर रखें। उनकी यह बात इमरान हाशमी के करियर से भी जुड़ती नजर आती है, क्योंकि अभिनेता ने लंबे समय तक उतार-चढ़ाव देखने के बावजूद काम करना और खुद को बेहतर बनाना जारी रखा।
2006 में हुई थी इमरान और परवीन की शादी
इमरान हाशमी और परवीन हाशमी ने कई साल डेटिंग के बाद 2006 में शादी की थी। दोनों का एक बेटा अयान हाशमी है, जिसका जन्म 2010 में हुआ। परवीन लंबे समय से इमरान के करियर और निजी जिंदगी का अहम हिस्सा रही हैं।
‘आवारापन 2’ ने बदली इमरान की बॉक्स ऑफिस कहानी
‘आवारापन 2’ इमरान हाशमी के लिए खास फिल्म साबित हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के सिर्फ तीन दिनों में भारत में करीब 82 करोड़ रुपये नेट कमा लिए थे और बतौर सोलो लीड यह अभिनेता की सबसे बड़ी सफल फिल्मों में शामिल हो गई है। ऐसे में परवीन का यह इमोशनल नोट सिर्फ एक पत्नी की अपने पति के लिए खुशी नहीं, बल्कि इमरान के 23 साल लंबे करियर और लगातार मेहनत की कहानी भी बयां करता है। ‘आवारापन 2’ की सफलता ने अभिनेता को एक बार फिर साबित करने का मौका दिया है कि लंबे वक्त तक टिके रहने के लिए सिर्फ स्टारडम नहीं, बल्कि मेहनत और अनुशासन भी जरूरी है।
