पंजाबी एक्ट्रेस तानिया के पिता अनिल जीत सिंह कंबोज पर मोगा में गोलीबारी हुई, हालत गंभीर। परिवार ने प्राइवेसी की अपील की है।

पंजाबी एक्ट्रेस तानिया के पिता अनिल जीत सिंह कंबोज को शुक्रवार (4 जुलाई) दोपहर को पंजाब के मोगा के कोट ईसे खान स्थित उनके क्लिनिक में दो अज्ञात लोगों ने गोली मार दी और भाग गए। इसके बाद वहां पर मौजूद लोग उन्हें तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। इस समय उनकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है। वहीं अब तानिया की टीम ने उनके सोशल मीडिया हैंडल पर बयान जारी किया। साथ ही उन्होंने इस कठिन समय में परिवार को प्राइवेसी देने की भी रिक्वेस्ट की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तानिया की टीम का बयान

तानिया की टीम ने बयान में लिखा, 'तानिया और परिवार की ओर से, हम यह शेयर करना चाहते हैं कि यह उनके और उनके परिवार के लिए एक बेहद इमोशनल समय है। हम मीडिया से विनम्र अनुरोध करते हैं कि वो उनकी प्राइवेसी का सम्मान करें और उन्हें थोड़ा संभलने का वक्त दें। हम सभी से संवेदनशील होने और स्थिति के बारे में अटकलें लगाने या कहानियां बनाने से बचने की रिक्वेस्ट करते हैं। आपकी समझ और समर्थन के लिए धन्यवाद।'

तानिया के पिता को मिल रही थी धमकी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरबंस नर्सिंग होम में घुसे, जहां तानिया के पिता डॉ. कंबोज मरीजों का इलाज कर रहे थे। कथित तौर पर हमलावर खुद का इलाज करवाने के लिए उनके पास गए और उनसे बातचीत की और फिर गोली चला दी। इस दौरान डॉ. कंबोज को दो गोलियां लगीं और उन्हें तुरंत मोगा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। पुलिस ऑफिसर (मोगा) ने इस बारे में कहा, 'हमलावर एक प्लानिंग के साथ आए थे। वो मरीज बनकर डॉ. कंबोज के पास पहुंचे और फिर नजदीक जाकर गोली चला दी।' पुलिस ने नर्सिंग होम को सील कर दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम भी वहां की जांच कर रही है। अधिकारी संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने और उनकी पहचान करने के लिए आस-पास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं।

रिपोर्ट्स में यह भी खुलासा हुआ है कि तानिया के पिता को हमले से पहले धमकियां मिल रही थीं, हालांकि पुलिस सूत्रों के अनुसार उन्होंने इसके लिए कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।